दुनिया की पहचान ख़ुद से अनजान ( चिंतन ) डॉ लोक सेतिया
सभी की उलझन यही है अपनी पहचान बनाना ज़माने भर से परिचित रहना , कभी भी कहीं भी कुछ लोग जब मिल कर बैठते हैं तब बातचीत चर्चा का विषय घूम फिर कर इसी शून्य के गिर्द घूमता रहता है । लोग जिन विषयों से ठीक से परिचित नहीं होते हैं उन पर भी पूरे विश्वास और अधिकार पूर्वक सबको उपदेश देते रहते है । अजीब विडंबना है जिस राह पर कभी चलना नहीं सीखा दुनिया को उस राह चलने की नसीहत देते हैं । आदमी संसार भर की जानकारी समझ रखता हैं बस खुद से अपने आप से कभी परिचित नहीं होता है । आजकल नकली होशियारी ए आई की चर्चा है जिस से आप कुछ भी हासिल कर सकते हैं मगर कभी उस से सवाल करें की ख़ुद मेरे बारे में भीतर अंतर्मन में क्या है तो आपको सही जवाब कभी भी नहीं मिलेगा । आज़माना जो भी जवाब मिले उस पर चिंतन करना क्या वास्तव में मेरा यही सच है हैरान मत होना आपको निराशा मिलेगी। कितना कुछ है जो आपने दुनिया से छुपाया हुआ है दिखलाते कुछ सोचते कुछ और आचरण में कुछ और करते हैं ए आई भी नहीं जानता उस आपकी वास्तविक तस्वीर को आपकी पोशीदा जीवनी को । तमाम लोग आत्मकथा लिखते लिखवाते हैं जिस में हमेशा जितना बताया गया होता है उस से अधिक को छुपाया गया होता है और ऐसा करने के लिए कितना कुछ वास्तविकता से कोसों दूर मनघड़ंत बताया जाता है। इक अजीब बात है अक्सर हम पुरातन युग के किरदारों से आधुनिक काल के लोगों की तुलना करते हुए किसी को उन जैसा भला बुरा महान अथवा नीच कहने की बात कर अनुचित करते है। दुनिया में कोई भी इंसान किसी दूसरे जैसा हूबहू मिलता ही नहीं विधाता का ये करिश्मा है मगर हम फिर भी ये हिमाकत करते हैं। अधिक विस्तार से लिखने से बेहतर है अपनी पुरानी डायरी से 20 मार्च 1996 की लिखी ग़ज़ल कहकर विषय का सार समझने की कोशिश की जाए ।
मैं कौन हूं मुझे पता ही नहीं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया
मैं कौन हूं मुझे पता ही नहीं
ख़ुद को कभी भी देखता ही नहीं ।
हर रोज़ झूठ बोलते लोग पर
ये बात कोई मानता ही नहीं ।
धनवान को तो सब हैं पहचानते
मुफ़लिस को कोई जानता ही नहीं ।
इक रोज़ मर के जाएंगे सब समझ
हर क़र्ज़ हो सका अता ही नहीं ।
ज़िंदादिली से ज़िंदगी को जिएं
थक टूट कर भी हारता ही नहीं ।
खामोश रह के ज़ुल्म सहते रहे
जो बोलना है बोलता ही नहीं ।
' तनहा ' बता जहान में कौन है
जिस ने कभी भी की ख़ता ही नहीं।

1 टिप्पणी:
सही कहा जिन विषयो के जानकार नही तब भी ज्ञान देते हैं
एक टिप्पणी भेजें