फ़रवरी 13, 2026

POST : 2054 ईमान अपना बेच कर कुछ करोड़ में ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया

    ईमान अपना बेच कर कुछ करोड़ में ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया  

ईमान अपना बेच कर , कुछ करोड़ में 
शामिल हुए सब लोग इस भाग - दौड़ में ।  
 
अच्छा - बुरा कोई नहीं सोचता यहां  
सारा ज़माना लग गया है जोड़ - तोड़ में ।  
 
देखो तुम्हें ये वक़्त क्या क्या दिखा रहा 
फंसते ही जाते लोग इसकी , मरोड़ में । 
 
हैरान सारा देश उनको ख़बर नहीं 
नुक़सान को कहने लगे लाभ , जोड़ में ।  
 
क्यों कर सभी को साथ लेकर चले नहीं 
अटके खड़े हैं लोग कितने ही , मोड़ में । 
 
नेता यूं करने लग गए प्यार देश को 
उठने लगी हो ख़ाज जैसे कि कोड़ में । 
 
' तनहा ' ज़माना दौड़ता हांफता यहां 
होते नहीं शामिल , कभी आप दौड़ में ।   
 

 

फ़रवरी 12, 2026

POST : 2053 सभी को स्वर्ग चाहिए ( आधुनिक व्यंग्य कथा ) डॉ लोक सेतिया

    सभी को स्वर्ग चाहिए  ( आधुनिक व्यंग्य कथा ) डॉ लोक सेतिया 

अपनी यही धरती पहले स्वर्ग से सुंदर हुआ करती थी अधिकांश लोग अच्छाई सच्चाई ईमानदारी ऊंचे आदर्शों पर चलते थे । सादगी भरा जीवन वास्तविक आचरण में नैतिकता का पालन करते थे देश समाज स्वर्ग लगता था दुनिया को शानदार बनाने की कोशिश करते थे हमारे पूर्वज । तब सभी मरने के बाद कामना करते थे मोक्ष की प्राप्ति की स्वर्ग यही है जानते थे नर्क की चिंता नहीं थी क्योंकि भले कर्म सही मार्ग पर चलना जानते थे । लेकिन हमारी बदनसीबी है कि हमने खुद अपने समाज को स्वर्ग से नर्क बनने दिया और बनाने में खुद भी योगदान देते रहते हैं । आज भौतिकता स्वार्थी स्वभाव अहंकार लोभ लालच और किसी भी तरह से सभी कुछ हासिल करने की चाहत का पागलपन जिस में अवसर मिले तो छीन लेना लूटना सामन्य बात हो गई है । यही नर्क है और हमारा देश समाज किसी भी नर्क से कम नहीं है बल्कि ऐसे नर्क की कल्पना भी हमारे पुरखों ने नहीं की होगी । हम सभी समझते हैं कि आधुनिक समय में हम समझदार बन गए हैं शायद सभी कुछ जानते हैं समझते हैं जो हमारी अज्ञानता का प्रमाण है । हम सोचते तक नहीं हैं कि हमने कैसे अपने देश को इस हद तक बर्बाद किया है कि शानदार स्वर्ग को नर्क बना दिया है , लेकिन हम इस अपनी दुनिया को फिर से अच्छा नहीं बनाना जानते न ही बनाने की कोशिश करते हैं हमने इसको स्वीकार कर लिया है कि ये खराब है और इतनी अधिक खराब है कि सुधारना संभव ही नहीं है । विडंबना ये है कि हम इस वास्तविकता को अपने झूठ और दिखावे के आडंबरों से ढकना छिपाना चाहते हैं , सोशल मीडिया से तमाम अन्य प्रकार से प्रचार प्रसार आयोजन से इक पर्दा डालने का कार्य निरंतर करते रहते हैं । हम समझते हैं विधाता से कुछ भी छिपाया जा नहीं सकता फिर भी उस ईश्वर से भी छल चतुराई करने की नासमझी करते हैं । 
 
मरना सभी को इक दिन है भले मरने की तैयारी कोई नहीं करता सभी जीना चाहते हैं मगर मौत आनी है आएगी भी सभी कामना करते हैं मर कर स्वर्ग में जगह मिलने की । स्वर्ग कोई अगर जगह होगी तब उस में प्रवेश से रहने की अनुमति तक क्या इतनी आसानी से हासिल हो जाएगी लगता तो नहीं है । जैसी भी पूंजी चाहिए होगी हमने वो कभी अर्जित की भी है जीवन में , नफरत भेदभाव सभी से हेरा फेरी ज़िंदगी भर हमने कुछ और कभी अर्जित किया ही नहीं । पाप छल कपट की झूठी नाम की शोहरत उस दुनिया में प्रवेश पाने से वर्जित ही कर सकती है । बबूल बोकर आम खाने की आकांक्षा है अपनी दुनिया को नर्कीय बनाकर किसी स्वर्ग की कामना रखना । मान लो किसी कारण हमको स्वर्ग में प्रवेश मिल भी जाए तब क्या हमको स्वर्ग की आबोहवा वहां का वातावरण पसंद आएगा , कभी नहीं हमको स्वर्ग में पल भर ठहरना कठिन लगेगा । नर्क को हमने बनाया ही नहीं उसको अपनी आदत दिनचर्या में शामिल कर लिया है । यकीन मानिए हमको उस स्वर्ग में भी अपने इस धरती के नर्क की याद आती रहेगी और इतना ही नहीं हमने विश्वास कर लिया है यही हमको सबसे शानदार लगता है इस नर्क से बिछुड़ना कोई नहीं चाहेगा । स्वर्ग मांगते हैं स्वर्ग को पसंद कदापि नहीं करते और मुमकिन है फिर किसी स्वर्ग को नर्क बनाकर पुरानी भूल दोहराना चाहते हों । स्वर्ग नर्क मोक्ष पर इक कविता पेश है श्रद्धांजलि सभा ।  स्वर्ग और नर्क की हक़ीक़त मालूम हो जाए तो मुमकिन है लोग अपना इरादा बदल कर मरने के बाद भी नर्क ही जाना चाहते हों , कविता पढ़ कर पुनर्विचार कर सकते हैं । 
 
 

श्रद्धांजलि सभा ( हास्य-व्यंग्य कविता )

 डॉ लोक सेतिया

टेड़ा है बहुत 
स्वर्ग और नर्क का सवाल 
सुलझाएं जितना इसे 
उजझता जाता है जाल ।

आपको दिखलाता हूं 
मैं आंखों देखा हाल 
देखोगे इक दिन आप भी 
मैंने जो देखा कमाल ।

बहुत भीड़ थी स्वर्ग में 
बड़ा बुरा वहां का हाल 
छीना झपटी मारा मारी
और बेढंगी थी चाल ।

नर्क को जाकर देखा 
कुछ और ही थी उसकी बात 
दिन सुहाना था वहां 
और शांत लग रही रात ।

पूछा था भगवान से 
स्वर्ग और नर्क हैं क्या 
और उसने मुझे 
ये सब कुछ दिया था दिखा ।

घबराने लगा जब मैं 
थाम कर तब मेरा हाथ 
बतलाई थी भगवान ने 
तब मुझे सारी बात ।

श्रधांजली सभा होती है 
सब के मरने के बाद 
सब मिल कर जहां 
करते हैं मुझसे फ़रियाद
स्वर्ग लोक में दे दूं 
सबको मैं कुछ स्थान 
बेबस हो गया हूं मैं 
अपने भगतों की बात मान ।

शोक सभाओं में 
ऐसा भी कहते हैं लोग 
स्वर्ग लोक को जाएगा 
आये  हैं जो इतने लोग ।

देखकर शोकसभाओं की भीड़ 
घबरा जाता हूँ मैं 
मुझको भी होने लगा है 
लोकतंत्र सा कोई रोग ।

कहां जाना चाहते हो 
सब से पूछते हैं हम 
नर्क नहीं मांगता कोई 
जगह स्वर्ग में है कम ।

नर्क वालों के पास 
है बहुत ही स्थान 
वहां रहने वालों की 
है अलग ही शान 
रहते हैं वहां 
सब अफसर डॉक्टर वकील 
बात बात पर देते हैं 
वे कोई नई दलील ।

करवा ली हैं बंद मुझसे 
नर्क की सब सजाएं 
देकर रोज़ मानवाधिकारों की दुआएं ।

बना ली है नर्क वालों ने 
अपनी दुनिया रंगीन 
मांगने पर स्वर्ग वालों को 
मिलती नहीं ज़मीन ।

नर्क ने बनवा ली हैं
ऊंची ऊंची दीवारें 
स्वर्ग में लगी हुई हैं 
बस कांटेदार तारें
नर्क में ही रहते हैं 
सब के सब बिल्डर 
स्वर्ग में बन नहीं सकता कोई भी घर ।

स्वर्ग नर्क से दूर भी 
बैठे थे कुछ नादान  
स्वर्ग नर्क मोक्ष पर इक कविता पेश है श्रद्धांजलि सभा ।
फुटपाथ पे पड़ा हुआ था 
जिनका सामान
उन्हें नहीं मिल सका था 
दोनों जगह प्रवेश 
जो रहते थे पृथ्वी पर 
बन कर खुद भगवान ।

किया था भगवान ने 
मुझसे वही सवाल 
स्वर्ग नर्क या है बस
मुक्ति का ही ख्याल ।

कहा मैंने तब सुन लो 
ए दुनिया के तात 
दोहराता हूँ मैं आज 
एक कवि की बात ।

मुक्ति दे देना तुम 
गरीब को भूख से 
दिला सको तो दिला दो 
मानव को घृणा से मुक्ति
और नारी को 
दे देना मुक्ति अत्याचार से 
मुझे जन्म देते रहना 
बार बार इनके निमित ।

मित्रो
मेरे लिये  स्वर्ग की 
प्रार्थना मत करना 
न ही कभी मेरी 
मुक्ति की तुम दुआ करना
मेरी इस बात को 
तब भूल मत जाना 
मेरी श्रधांजली सभा में 
जब भी आना ।  
 
 आज की कहानी: स्वर्ग और नरक - National Thoughts
 
 

फ़रवरी 06, 2026

POST : 2052 देश की संसद में सांसदों से खतरा ( चिंतन ) डॉ लोक सेतिया

     देश की संसद में सांसदों से खतरा ( चिंतन ) डॉ लोक सेतिया  

 शायर बशीर बद्र जी कहते हैं , बड़े लोगों से मिलने में हमेशा फ़ासला रखना । मुझे हमेशा बड़े लोगों से बचकर रहना ज़रूरी लगता है , नेताओं की सभाओं में जाना सामान्य नागरिक के लिए परेशानी का सबब बन जाता है । कितनी बार वीवीआईपी लोगों का सड़क पर ख़तरनाक़ रफ़तार से निकलता वाहनों का काफ़िला हमको भयभीत करता है क्योंकि उनकी गाड़ियां अपनी साइड को छोड़ गलत साइड भी दौड़ती हैं जब सड़क पर कोई डिवाईडर नहीं होता है । अधिकारी राजनेता ही नहीं अन्य कुछ लोग भी सार्वजनिक सड़क पार्क पर कोई भी आयोजन कर किसी एम्बुलेंस की रह में बाधा पैदा कर रोगी की ज़िंदगी पर संकट पैदा करते हैं । आजकल शासक रोज़ाना सभाएं आयोजित कर अपना रुतबा ऊंचा करने को व्याकुल रहते हैं , उनको जनता की बात सुननी पसंद नहीं होती केवल जय जयकार सुनना चाहते हैं । सुरक्षा कर्मी उनकी सुरक्षा से बढ़कर इस बात को लेकर सजग होते हैं कि गलती से कोई विरोध की आवाज़ नहीं सुनाई दे । अधिकांश सभाओं में काले रंग की पोशाक से लेकर कोई कपड़ा तक लोग लेकर नहीं आएं ये देखना होता है । जनता को ये सभी कोई सुरक्षा का एहसास नहीं करवाते बल्कि भय का वातावरण पैदा करते हैं । शासकों को जनता से कोई खतरा नहीं है मगर अब उनको अपने ही साथ रहने वाले सहकर्मियों से डर लगता है ऐसा कुछ घटनाओं से मालूम हुआ है बात ख़ुदकुशी करने तक पहुंच गई है लेकिन विषय को अधिक तूल नहीं दिया गया क्योंकि ऐसा करने से जाने क्या क्या सामने आने का अंदेशा था ।  अब मामला संसद में सांसदों से सरकार तक की सुरक्षा पर पहुंच गया है जो अप्रत्याशित है ।  
 
ये साधारण बात कदापि नहीं है ये बेहद गंभीर चिंता की बात है किसी टीवी चैनल या सोशल मीडिया पर किसी की कही बात नहीं बल्कि लोकसभा के अध्यक्ष की कही बात है । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जी ने बताया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र  मोदी जी को सदन में नहीं आने का अनुरोध किया था क्योंकि उनको किसी अप्रिय घटना के घटने का अंदेशा था । संसद भवन पर आतंकवादी हमले से सांसदों को बचाने को सुरक्षा कर्मी अपनी जान पर खेलकर सफल रहे थे 13 दिसंबर 2001 को , लेकिन आज समझाया जा रहा है कि देश के प्रधानमंत्री और सदन के नेता को संसद में सांसदों से ही खतरा महसूस होने लगा है लोकसभा अध्यक्ष को ही । सबसे पहला प्रश्न तो यही है कि क्यों कैसे ऐसे सांसद निर्वाचित होकर लोकतंत्र का मंदिर कहलाने वाले संसद भवन में पहुंच गए हैं जिन से असभ्य अशिष्ट और अशोभनीय व्यवहार की आशंका हो सकती है । लेकिन उस से भी बढ़कर संसदीय मर्यादा को लेकर चिंतन की आवश्यकता है , संसद में सत्ता पक्ष और प्रतिपक्ष क्या शालीनता पूर्वक विचार विमर्श नहीं कर सकते हैं । दोष किसी एक पक्ष का नहीं है लगता है सभी ने मर्यादा की सीमाओं को लांघने में कोई संकोच नहीं किया है । खुद देश के प्रधानमंत्री ही राज्य सभा में उनसे पहले के सभी प्रधानमंत्रियों को लेकर आपत्तिजनक बातें कहते हैं और सत्तापक्ष के सभी सांसद समर्थन करते हैं । ऐसा अहंकार कभी पहले नहीं दिखाई दिया है बल्कि जिनको लेकर प्रधानमंत्री जी हमेशा आलोचना करते हुए मर्यादा की सीमा भूल जाते हैं उन्होंने अपने समय में विपक्ष को महत्व देने और आदरपूर्वक उनकी बात को सुनने का प्रयास किया था संसद में  । 
 
आज प्रधानमंत्री कहते हैं कि पहले के सभी प्रधानमंत्री देश को लेकर संजीदा नहीं थे उनकी कोई सोच नहीं थी समाज को लेकर कोई दृष्टि नहीं थी ।  जबकि उनको मालूम होना चाहिए कि लोकतंत्र की आधारशिला मज़बूत बनाने में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण रही है । उनकी समझ उनकी मनोकामनाओं को कम आंकना किसी अपराध जैसा है तमाम नेताओं ने देश को शानदार भविष्य देने की कोशिशें की हैं । केवल सत्ता पाने की भूख तब नहीं दिखाई देती थी और न किसी को छोटा बनाकर अपना कद बढ़ाना किसी ने ऐसा किया था । नई शिक्षा आधुनिक समय के साथ कदम मिलाकर चलना जानते थे तभी गरीबी के समय भी परमाणु विज्ञान और शिक्षा स्वास्थ्य से लेकर देश में आपसी भाईचारा कायम रखने में उन सभी ने पूरी निष्ठा और देश समाज के प्रति ईमानदारी से कर्तव्य निभाया है । यहां तक की देश की आज़ादी की लड़ाई में अपना जीवन और सर्वस्व अर्पित किया है । संविधान बनाने से संवैधानिक संस्थाओं का निर्माण करने तक उनकी भूमिका और योगदान भुलाया नहीं जा सकता है । इतना ही नहीं जो लोग स्वतंत्रता संग्राम में शामिल नहीं थे बल्कि अंग्रेजी हुकूमत की सहायता करते थे उनको भी आज़ाद देश में बराबर अवसर प्रदान कर किसी भी तरह से कोई भेदभाव नहीं करना लोकतांत्रिक परंपरा स्थापित करना मकसद रहा है । आज लगता है कि जैसे कोई व्यक्ति देश समाज संविधान कानून से ऊपर दिखाई देने लगा है जिस पर कोई सवाल कोई विरोध करना सत्ता को स्वीकार नहीं है । ये तो लोकतांत्रिक संवैधानिक और मौलिक अधिकारों का हनन कहला सकता है , कोई भी राजनेता आलोचना से परे नहीं हो सकता है । शायद सभी दलों में अपराधी प्रवृति के लोग सांसद या विधायक बनकर माननीय कहलाते हैं तभी संसद में आचरण का स्तर गिरता ही जा रहा है ।  देश की राजनीति में अब आपसी विश्वास सदभावना का नितांत आभाव दिखाई दे रहा है , मगर वास्तव में डर किसी और से कम शायद खुद अपने आप से भीतर से अधिक महसूस होता है ।  शायद ही कभी किसी को सामन्य जनता के ख़ास वर्ग द्वारा कुचले जाने की घटनाओं पर कभी चिंता हुई हो उन पर अंकुश लगाने की चर्चा हुई हो , ख़ास लोगों की जान की कीमत होती है साधारण जनता तो कीड़े मकोड़े कभी अनचाहे अवरोध की तरह मसले कुचले जाते हैं । 
 
 
 May be an image of text that says "The TheStatesman tatesman Om Birla says he asked M Modi not to to attend Lok Sabha session over safety concerns"
 
 

फ़रवरी 03, 2026

POST : 2051 भगवान बना कर पछताये ( व्यंग्य - कथा ) डॉ लोक सेतिया

     भगवान बना कर पछताये ( व्यंग्य - कथा ) डॉ लोक सेतिया 

 
भगवन बनकर तू अभिमान ना कर 
तुझे भगवान बनाया हम भक्तों ने ।

पत्थर से तराशी खुद मूरत , उसे 
मंदिर में है सजाया हम भक्तों ने ।

तूने चाहे भूखा रखा हमको तब भी 
तुझे पकवान चढ़ाया हम भक्तों ने 
 

फूलों से सजाया आसन भी हमने ही 
तुझको भी है सजाया हम भक्तों ने ।

सुबह और शाम आरती उतारी है  
इक तुझी को मनाया हम भक्तों ने ।

सुख हो दुःख हो , हर इक क्षण में 
घर तुझको है बुलाया हम भक्तों ने ।

जिस हाल में भी रखा है हमको 
सर को है झुकाया हम भक्तों ने ।

दुनिया को बनाया होगा तुमने कभी  
खुद तुझी को है बनाया हम भक्तों ने । 
 
   ऊपर लिखा भजन मेरी मां माया देवी जी प्रतिदिन गाया करती थी , हम सभी को याद रहती है उनकी ये बात । लेकिन आज इसका ज़िक्र अलग  कारण से करना पड़ा है , आस्था से अलग विषय है आधुनिक युग में कोई भगवान कोई मसीहा होता नहीं है , और राजनीति में तो शराफ़त का कोई स्थान ही नहीं है । नासमझ लोग या ख़ुदगर्ज़ चाटुकार लोग जिस किसी को ऊंचाई के ऐसे शिखर पर बिठाते हैं कि भगवान ही समझने लगते हैं । बाद में उनकी वास्तविक बात सामने आने पर बगलें झांकते हैं , लेकिन तब भी अपनी भूल को स्वीकार करना कठिन होता है । सोशल मीडिया पर पुरानी कथनी अब की करनी से मेल खाती ही नहीं है और बनाये न बने बात छुपाए न बने की हालत बन जाती है ।  लेकिन शायद उस भजन में छुपी इक वास्तविकता भी उजागर हुई है , जनता जिनको ऊंचे सिंहासन पर बिठाती है शासक बनकर उसी पर मनमाने आदेश जारी कर उसको अपने आधीन रखने और स्वयं राजा महाराजा जैसा जीवन बिताते हैं । तर्कसंगत ढंग से समझें तो कोई भी किसी को भी खुद को समर्पित करता है  या आत्मसमर्पण करता है तो गुलामी करनी ज़रूरी होती है । खुद जिसको बनाया उसी की मूर्ति बनाकर वंदना करना विवशता हो जाती है , खुद भूखे नंगे रहते हैं और मूर्तियों को शानदार परिधान और तरह तरह से पकवान का भोग लगाते हैं । मंदिर में चढ़ाये फल मधुर मिष्ठान इत्यादि को पुजारी थोड़ा हिस्सा चढ़ाने वाले को प्रसाद बताकर देते हैं अधिकांश अपने लिए रखते हैं । शासक भी जनता से कर वसूली करते हैं और अधिकांश भाग खुद और प्रशासन मिलकर मौज से उपयोग करते हैं ।  भगवान को लेकर लिखी गई कथाओं ने यही परंपरा हमेशा से चलाई है । कितना अजीब लगता है कि अभी भी कुछ लोग किसी की वंदना करते हैं आंखें बंद कर जयजयकार करते हैं अपनी सोच अपनी आज़ादी को छोड़ कर भक्त कहलाते हैं किसी व्यक्ति के प्रशंसक बन कर ।  
 
आपने भगवान को लेकर जितनी कथाएं पढ़ी सुनी हैं सभी में लिखने वाले ने अपने आराध्य की हर बात को उचित ठहराने को आवश्यकता अनुसार परिभाषाएं मापदंड बदले हैं । भगवान शासक बनकर राजा कहलाते हैं मगर जिनसे संबंध रखते हैं उनकी खातिर सभी तरह से सहायता करते हैं । परममित्रों  को सहयोग देने खुद चले आते हैं किसी नारी  की लाज बचाते हैं किसी चाहने वाले  को कदम कदम सुरक्षा देते हैं । कोई  गरीब मित्र है कभी खुद उसकी खबर नहीं लेते सर्वज्ञानी होकर भी अनजान रहते हैं । जब खुद विवश हो चलकर आता है तब शायद महसूस होता है कि उसको भी बिना मांगे कुछ दे देते हैं ऐसा लोक लाज की खातिर करना पड़ा होगा । आज भी शासक अपने खास जानकर मित्रों को सभी कुछ बांटते हैं उनकी अपनी शान ओ शौकत कायम रखने को ज़रूरत पड़ती है तो नियम कानून बनते बदलते हैं । गरीब जनता की फ़िक्र कौन करता है उसको झूठे दिलासे देकर बहलाते हैं , अभी बीस तीस साल इंतिज़ार करो तकदीर बदलेगी । हज़ारों हज़ार साल लोग भगवान की आराधना पूजा पाठ भजन कीर्तन करते हैं लेकिन उस भगवान को कभी गरीबों की सुध लेना याद नहीं आया है । भगवान भरोसे बैठने से तकदीर नहीं बदली करोड़ों की , कुछ खास अमीरों पर भगवान अनुकंपा करते हैं उनको आवश्यकता से अधिक मिलता है , सब उसकी मर्ज़ी है । 
 
भगवान पर कोई शंका नहीं की जा सकती है , कथाओं लिखने वालों ने उसकी अनुचित बातों को भी सही बतलाया है । माखनचोर ही नहीं जाने क्या क्या गुणगान बनाया है , हर देवी देवता ने अपने भक्तों को वरदान देकर उनको अपराधी होने पर सज़ा से बचाया है कभी किसी को आवेश में मिटाया है । विधि का विधान ग़ज़ब है कहते हैं सब प्रभु की माया है । भगवान काल्पनिक है कि वास्तविक मालूम नहीं इक दुविधा रहती है , विधाता को सबकी खबर कहते हैं पल पल की रहती है । दुनिया में फिर क्यों उलटी गंगा बहती है समंदर की प्यास बुझती नहीं हर नदी उसी की तरफ बहती है । सरकार भी इसी अंदाज़ से कारोबार चलाती है जिनको प्यास नहीं उनकी प्यास बढ़ाती है जनता की हालत बदहाल होती जाती है । भगवान खुद बड़े बड़े आलीशान महलों में रहता है इंसान भिखारी बनकर सब दुःख परेशानी सहता है , सब पर कृपा करता है कोई बतलाता है । शायद किसी साहूकार जैसा उपरवाले का बहीखाता है  , असल से बढ़कर ब्याज चढ़ता जाता है । देश की सरकार की व्यवस्था भगवान भरोसे है जनता बेचारी भगवान को मनाते मनाते उम्र बिताती है आखिर किसी दिन हताशा निराशा की सीमा पार हो ही जाती है । दुनिया के धरती पर बनकर रहने वाले भगवानों और किसी आसमान पर रहने वाले असली भगवान सभी सुनते ही नहीं आदमी की व्यथा सुनाते हैं उपदेश और अपने महिमामंडन की कोई कथा । आख़िरी विनती है मत लेना इस बात को अन्यथा । 
 
 मैं ईश्वर को क्यों नहीं देख पा रहा/रही हूँ? - बाल सुसमाचार प्रचार फेलोशिप