मई 23, 2019

POST : 1093 सत्ता के मुजरे का सुहाना सफर ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

   सत्ता के मुजरे का सुहाना सफर ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया 

     राजनीति की वैश्या नाम बदलती है , साधना फिल्म की चंपा रजनी बन जाती है। वसंतसेना की कहानी याद थी भूल जाती है। भले घर में बहु बनकर रामायण सुनाती है सासु मां को बहुत भाती है। ये कहानियां फ़िल्मी हैं मगर सत्ता के कोठे का कड़वा सच यही है। सफर बेहद लंबा है मगर दिलकश है सुहाना है उसको कितनी बार दोहराया गया है। ये किरदार जिस किसी नायिका ने निभाया है उसकी पहचान बन गया है कोई बड़ी फ़िल्मी तारिका शायद ही है जिसने इस किरदार को नहीं निभाया हो। पाकीज़ा की मीनाकुमारी जब बदनाम गली के कोठे से गुलाबी महल की साहिब जान बन जाती है तो बड़े बड़े रईस मुजरा देखने आते हैं। ठेकेदार को अपनी औकात पता है वो दरवाज़े पर बैठा लुत्फ़ उठाता है मगर किसी खानदानी नवाब से नौंक झौंक होने पर कीमत भी चुकाता है। हंसते ज़ख्म की कहानी और है गलती से पुलिस वाले की बेटी को नाचने गाने वाली की बच्ची समझ गुंडे उठा ले जाते हैं किरदार बदल जाते हैं आखिर अपनी ही बेटी को पुलिस वाला अनजाने में वापस उसी दलदल में भेजने की बात करता है जिस जगह से पकड़ कर थाने लाया था और समझाया था बेटी किसी भले आदमी से शादी कर घर बसा लो छोड़ दो ये धंधा। किस किस जिस्मफरोश की बात की जाये।  चलो आज की राजनीति की वैश्या से मुलाकात की जाये। वही खुशबू वही शराब वही कमरा जिस्म बेचने वाली सगरेट सुलगाती हुई सोचती है और कौन होगा ये उसी की पहचान है। फ़िल्मी इत्तेफाक हुआ करते हैं आशिक़ चला आता है दोस्त ने भेजा होता है दिल बहलाने को। ये कमाल का जादू है लोग जिस मुजरेवाली पर लट्टू होते हैं हर दिन उसी का नाच गाना सुनने को चले जाते हैं। सत्ता की मुजरेवाली कभी बूढ़ी होती नहीं है चिरयौवन का वरदान मिला हुआ है। 

          पांच साल में समझना मुश्किल नहीं कि इस सत्ता की मुजरेवाली का प्यार झूठा है और बिकाऊ है। वो हर बार कोई नया पासा फैंकती है अबकि वफ़ा की मिसाल बनके दिखाएगी जन्नत की सैर पे साथ लेकर जाएगी। हम फिर उसकी चाल को  समझते और उसके झूठे आंसू झूठी मज़बूरी की कहानी सुनकर जाल में फंसने चले आते हैं। चुनाव आने पर राजनेता क्या क्या रंग दिखाते हैं नाचते झूमते नचवाते हैं खूब काली घटा बनकर छा जाते हैं मगर ये बिना पानी के बादल वोट मिलते ही बरसे बिना खो जाते हैं। लोग प्यासे के प्यासे रह जाते हैं सत्ता के खिलाड़ी अपनी प्यास बुझाते हैं जाम से जाम टकराते हैं। छलकाए जाम आइये  आपकी आंखों के नाम होंटों के नाम , कहानी बदल जाती है नायिका वही है शरीफ लड़की है शराबी से दिल लगाती है। लाख वफ़ा करती रहे बेवफ़ा कहलाती है। राजनीति करना सबकी बस की बात नहीं है पल पल बदलती रहती है बरखा रानी मौसम की तरह। सत्तर साल में कितने नाम से कितने ठिकाने बदल बदल कर सबकी प्यास बुझाने की कसम खाती है चौखट पर माथा टेकती है सर झुकाती है अच्छी बहुरानी बनकर रहने की बात करती है। समय बदलता है सेवा करने वाली मालकिन बन जाती है , किराये की दुल्हन कहीं रिश्ता निभाती है। 

      लो आज फिर उसी मोड़ पर खड़े हुए हैं हम आशिक़ बनकर। सज संवर कर निकलेगी डोली उसकी जिस की जीत की वरमाला पहनाई थी हमने रात बिना देखे पहचाने नशे की हालत में। गवाही देगा जिसने निकाह पढ़ा था और जाने क्या क्या समझा समझाया था। उसने इस बार बिल्कुल नया दिल बहलाने का हुनर सीख कर आने का भरोसा दिलाया है। कथककली से डिस्को से गुज़रा सफर अब आइटम सांग पर चला आया है। नाचने वाली को हमने भी नचवाया है। पग घुंगरू बांध मीरा नाची थी और हम नाचे बिन घुंघरू के क्या गाया है अपना रंग जमाया है। पर हम नाच देखने वाले कितनी बार नचनिया बन सकते हैं आखिर तो उनके लटके झटके ठुमके उन्हीं के हैं हम उनकी नकल कर सकते हैं वो बात नहीं हो सकती है। राज़ की बात यही है लोग समझते हैं राजकपूर नायक हीरा बाई का खेल देखने जाता है मगर मुहब्बत की बाज़ी हार जाता है तब तीसरी कसम खाता है। फिर कभी किसी नाचने वाली को अपनी गाड़ी में नहीं बिठायेगा। हम भी बार बार धोखा खाते हैं उनको हटाने की कसम खाते हैं मगर हर बार उसी कातिल को बदले लिबास में घर लेकर आते हैं। सत्ता अपना मुजरा करती है हम उनकी जीत का जश्न मनाते हैं। दुल्हनिया लेने वाले राह से डोलियां उठवा जाते हैं हम बहु बेग़म फिल्म की तरह खली डोली घर लाते हैं। चलो आपका दिल बहलाते हैं इक ग़ज़ल सुनाते हैं। 

चंद धाराओं के इशारों पर - लोक सेतिया " तनहा "

चंद धाराओं के इशारों पर ,

डूबी हैं कश्तियाँ किनारों पर।


अपनी मंज़िल पे हम पहुँच जाते ,

जो न करते यकीं सहारों पर।


खा के ठोकर वो गिर गये हैं लोग ,

जिनकी नज़रें रहीं नज़ारों पर।


डोलियाँ राह में लूटीं अक्सर ,

अब भरोसा नहीं कहारों पर।


वो अंधेरों ही में रहे हर दम,

जिन को उम्मीद थी सितारों पर।


ये भी अंदाज़ हैं इबादत के ,

फूल रख आये हम मज़ारों पर।


उनकी महफ़िल से जो उठाये गये ,

हंस लो तुम उन वफ़ा के मारों पर। 



जाते जाते इक मुजरे की भी बात हो जाए तो क्या खूब हो।  ये वीडियो पेश है पाकीज़ा फिल्म से।



 

 


मई 22, 2019

POST : 1092 राह से भटके को मंज़िल नहीं मिलती ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

  राह से भटके को मंज़िल नहीं मिलती ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया 

  बात सभी की है देश के सभी वर्गों की और बाकी सभी से पहले खुद अपनी भी। मंज़िल तो कुछ और ही थी जिसको पाना था मगर हम राह किसी और पर चलते रहे। राजनेताओं आम जनता से पहले हम जो तथाकथित शिक्षित लोग आईना दिखाने की बात करते हैं सच बोलने का हौंसला ही नहीं और आधा सच आधा झूठ मिलाकर चटनी की तरह परोसते हैं ताकि सबको स्वाद पसंद आये और भाई वाह कहे हर कोई। पहला सवाल आज देश में लोकसभा चुनाव का है राजनीति का है और चिंतन का है कि क्या सब ठीक है क्या यही लोकतंत्र है जिसकी बात हम करते हैं। अभी इक विषय पर अटके खड़े हैं ईवीएम मशीन को लेकर भरोसा नहीं है मगर भरोसा बचा कहां है कोई भी तो भरोसे के काबिल नहीं है जब हमें विश्वास स्थापित करना चाहिए हम शक की बात करते हैं और शक करने वाले पर शक कर इक कंचों का खेल खेलते हैं जीत हार की नहीं हिसाब की बात पर बहस है। जिनको समझ है वो विचार कर सकते हैं कि केवल मशीन बदल कर चुनाव नहीं जीता जा सकता है इतना बड़ा देश है इतनी मशीनें और उनको रखने के ढंग और सुरक्षा के तरीके के साथ हर मशीन पर जो चुनाव लड़ रहे उनके नुमायदों के हस्ताक्षर इतना सब आसानी से बड़े स्तर पर धांधली होने नहीं देता। इस पर विचार किया जा सकता है और निष्पक्ष चुनाव होना ज़रूरी है कैसे हो मंथन की ज़रूरत है विषय आसानी का भी नहीं विषय देश की व्यवस्था का है पांच साल और हर बार का है तो रास्ता कठिन हो कोई बात नहीं मगर दिशा हीनता नहीं होनी चाहिए। अभी हम दिशाहीन भटकते लग रहे हैं। असली उद्देश्य संविधान लोकतंत्र और देश की जनता की अपनी चुनी सरकार होने का है। मुद्दे से भटके नहीं भटका दिए गए हैं वास्तविक मुद्दे हैं ही नहीं और अनावश्यक चर्चा टीवी अख़बार और राजनेता करने में व्यस्त हैं। 

       क्या चुनाव ईमानदारी से लड़े जा रहे हैं कोई नहीं बात करता। हम्माम में सभी नंगे हैं शुरुआत ही गलत है कितना खर्च नियमानुसार किया जाना है परवाह ही नहीं है। कोई भी दल उम्मीदवार खड़े करते हुए अच्छे सच्चे को नहीं देखता और जीतने को जातीय समीकरण से धनबल और बाहुबल हर सही गलत ढंग अपनाया जाता है। बात विचारधारा की होनी चाहिए  मगर होता ये है कि उसकी कमीज़ मैली है मेरी चादर उजली है क्या ये मानसिक दिवालियापन नहीं है। बड़े बड़े राजनेताओं के भाषण का स्तर गिरकर इतना नीचे आ गया है कि बोलने वाले नहीं सुनने वालों को शर्म आती है क्या यही नेता हैं इनको सुनने आये थे हम। जिस देश में तीस फीसदी लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं उस में हज़ारों करोड़ चुनाव पर बर्बाद करना अपराध ही है। और किसी को गरीबी भूख पीने का पानी बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बात महत्वपूर्ण नहीं लगती है। क्या सत्ता पाने को सब उचित है और अगर है तो आपकी देशभक्ति और जनता की सेवा की बातें सब से बड़ा धोखा हैं। खेद की बात है कभी हमने एक मंच से आमने सामने दोनों पक्षों को बहस करते हुए देखा है शालीनता से बात की जाती थी। संसद में असहमत होते हुए भी विपक्षी की बात बड़े ध्यान से सुनते थे और गहराई से विचार भी करते थे। अपने ऐसे वास्तविक अच्छे नेताओं की परंपरा को छोड़ हम कीचड़ की होली खेलने लगे हैं गंदगी उछालते हैं। ऐसा कर अपने आप को ऊंचा नहीं उठा रहे गिर रहे हैं। 

       चुनाव कोई समय था त्यौहार से लगते थे दुश्मनी नहीं कोई जंग नहीं लगते थे। आपस की मर्यादा का उलंघन कोई नहीं करता था हमने सीखा हुआ था कमर से नीचे वार नहीं करना है। अब तो लगता है मुकाबला ही खुद को नीचे लाने का है उसने अमर्यादित भाषा उपयोग की हम गाली की भाषा से भी नीचे की बात करेंगे। मां बहन बाप दादा तक सभी को लेकर घटिया तरह की बातें क्या शोभा देती हैं देश की संसद का चुनाव किसी बस्ती की लड़ाई जैसा बन गया है। मगर इस सब में खोया क्या है ये विचार ही नहीं करते हैं। इक मंज़िल की तलाश थी ऐसा वातावरण बनाना था जिस में हर कोई भागीदार भी हो और अपने कर्तव्य निभाकर अधिकार भी हासिल कर सके। इक शायर 43 साल पहले दुनिया से रुक्सत हो चुका मगर उसका दर्द अभी भी सालता है। उनकी ग़ज़ल की किताब का शीर्षक ही समझने को काफी है। चलो साये में धूप , की बात करते हैं। पहली ग़ज़ल से शुरुआत करते हैं। 

दुष्यंत कुमार जी की ग़ज़ल और शेर :-

कहाँ तो तय था चिराग़ाँ हरेक घर के लिए ,
कहाँ चिराग़ मयस्सर नहीं शहर के लिए।


यहाँ दरख्तों के साये में धूप लगती है ,
चलो यहाँ से चलें और उम्र भर के लिए।


न हो कमीज़ तो पाँवों से पेट ढँक लेंगे ,
ये लोग कितने मुनासिब हैं , इस सफ़र के लिए।


खुदा नहीं न सही आदमी का ख्वाब सही ,
कोई हसीन नज़ारा तो है नज़र के लिए।


वे मुतमइन हैं कि पत्थर पिघल नहीं सकता ,
मैँ बेकरार हूं आवाज़ में असर के लिए।


तेरा निज़ाम है सिल दे ज़ुबान शायर को ,
ये अहतियात ज़रूरी है इस बहर के लिए।


जिएँ तो अपने बगीचे में गुलमोहर के तले ,
मरें तो गैर की गलियों में गुलमोहर के लिए।


( काश हम सब इसी एक ग़ज़ल को समझ लें , और हर दिन याद रखें अपने पूर्वजों के सपनों को )
अब कुछ और शेर दुष्यंत की ग़ज़लों से :::::::


अब तो इस तालाब का पानी बदल दो ,
ये कँवल के फूल कुम्हलाने लगे हैं।


कई फाके बिताकर मर गया जो उसके बारे में ,
वो सब कहते हैं अब , ऐसा नहीं ऐसा हुआ होगा।


कैसी मशालें लेके चले तीरगी में आप ,
जो रौशनी थी वो भी सलामत नहीं रही।


( क्या ये उनके लिए भी नहीं जो उजाला करने की बातें करने को आये थे और जो उम्मीद थी वो भी खत्म की )


ये रौशनी है हक़ीकत में एक छल लोगो ,
कि जैसे जल में झलकता हुआ महल लोगो।


किसी भी कौम की तारीख के उजाले में ,
तुम्हारे दिन हैं किसी रात की नकल लोगो।


वे कह रहे हैं गज़लगो नहीं रहे शायर ,
मैं सुन रहा हूँ हरेक सिम्त से ग़ज़ल लोगो।


( दुष्यंत के ये शेर जो अब सुनाने लगा बेहद ज़रूरी हैं याद रखना  )


हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए ,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।


आज यह दीवार परदों की तरह हिलने लगी ,
शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।


हर सड़क पर , हर गली में , हर नगर हर गाँव में ,
हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए।


सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मक़सद नहीं ,
मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।


मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही ,
हो कहीं भी आग लेकिन आग जलनी चाहिए।


( मित्रो इस आग को अब अपने अपने सीनों में जलाना ज़रूरी है )


खामोश रह के तुमने हमारे सवाल पर ,
कर दी है शहर भर में मनादी तो लीजिए।


फिरता है कैसे कैसे सवालों के साथ वो ,
उस आदमी की जामातलाशी तो लीजिए।


हाथ में अंगारों को लिये सोच रहा था ,
कोई मुझे अंगारों की तासीर बताए।


रहनुमाओं की अदाओं पे फ़िदा है दुनिया ,
इस बहकती हुई दुनिया को सँभालो यारो।


कैसे आकाश में सूराख़ नहीं हो सकता ,
एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो।


कल नुमाइश में मिला वो चीथड़े पहने हुए ,
मैंने पूछा नाम तो बोला कि हिंदुस्तान है।


मुझमें रहते करोड़ों लोग चुप कैसे रहूँ ,
हर ग़ज़ल अब सल्तनत के नाम एक बयान है।


वो आदमी नहीं है मुकम्मल बयान है ,
माथे पे उसके चोट का गहरा निशान है।


सामान कुछ नहीं है फटेहाल है मगर ,
झोले में उसके पास कोई संविधान है।


उस सिरफिरे को यों नहीं बहला सकेंगे आप ,
वो आदमी नया है मगर सावधान है।


वो आदमी मिला था मुझे उसकी बात से ,
ऐसा लगा कि वो भी बहुत बेज़ुबान है।


( चलो अब और आगे चलते हैं इस ग़ज़ल को पढ़ते हैं )


होने लगी है जिस्म में जुंबिश तो देखिए ,
इस परकटे परिन्द की कोशिश तो देखिए।


गूँगे निकल पड़े हैं ज़ुबाँ की तलाश में ,
सरकार के खिलाफ ये साज़िश तो देखिए।


उनकी अपील है कि उन्हें हम मदद करें ,
चाकू की पसलियों से गुज़ारिश तो देखिए।


( साये में धूप की आखिरी दो ग़ज़लें पूरी पढ़नी ज़रूरी हैं )


अब किसी को भी नज़र आती नहीं कोई दरार ,
घर की हर दीवार पर चिपके हैं इतने इश्तहार।


आप बचकर चल सकें ऐसी कोई सूरत नहीं ,
रहगुज़र घेरे हुए मुरदे खड़े हैं बेशुमार।


रोज़ अख़बारों में पढ़कर ये ख्याल आया हमें ,
इस तरफ आती तो हम भी देखते फ़स्ले-बहार।


मैं बहुत कुछ सोचता रहता हूं पर कहता नहीं ,
बोलना भी है मना , सच बोलना तो दरकिनार।


इस सिरे से उस सिरे तक सब शरीके जुर्म हैं ,
आदमी या तो ज़मानत पर रिहा है या फरार।


हालते इनसान पर बरहम न हों अहले वतन ,
वो कहीं से ज़िंदगी भी माँग लाएँगे उधार।


रौनके जन्नत ज़रा भी मुझको रास आई नहीं ,
मैं जहन्नुम में बहुत खुश था मेरे परवरदिगार।


दस्तकों का अब किवाड़ों पर असर होगा ज़रूर ,
हर हथेली खून से तर और ज़्यादा बेकरार।


( चलिये इस अंतिम ग़ज़ल को भी पढ़ लें )


तुम्हारे पाँव के नीचे कोई ज़मीन नहीं ,
कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यक़ीन नहीं।


मैं बेपनाह अँधेरों को सुबह कैसे कहूँ ,
मैं इन नज़ारों का अंधा तमाशबीन नहीं।


तेरी ज़ुबान हैं झूठी जम्हूरियत की तरह ,
तू एक ज़लील सी गाली से बेहतरीन नहीं।


तुम्हीं से प्यार जताएं तुम्हीं को खा जायें ,
अदीब यों तो सियासी हैं पर कमीन नहीं।


तुझे कसम है खुदी को बहुत हलाक न कर ,
तू इस मशीन का पुर्ज़ा है , तू मशीन नहीं।


बहुत मशहूर है आयें ज़रूर आप यहाँ ,
ये मुल्क देखने के लायक तो है हसीन नहीं।


ज़रा-सा तौर-तरीकों में हेर फेर करो।
तुम्हारे हाथ में कालर हो आस्तीन नहीं।


( साये में धूप से साभार ) 


 


मई 21, 2019

POST : 1091 हमारे देश समाज का आदर्श मुहब्बत है नफरत नहीं है ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

 हमारे देश समाज का आदर्श मुहब्बत है नफरत नहीं है ( आलेख )

                                       डॉ लोक सेतिया 

    दौलत के पुजारी नहीं हैं हम हमने हमेशा सच्चाई अच्छाई ईमानदारी को सबकी भलाई को ही अपनाया है । गैरों को भी अपनाया हमने जो जिस से मिला सीखा हमने , हम उस देश के वासी हैं जिस देश में गंगा बहती है। गंगा जमुनी संस्कृति हमारी पहचान है जो भेदभाव की अलगाव की नफरत की बात करते हैं हमने कभी उनको अपना आदर्श नहीं बनाया है। कुछ बात है जो हस्ती मिटती नहीं हमारी सदियों रहा है दुश्मन दौरे जहां हमारा हम बुलबुलें हैं इसकी ये गुलिस्तां हमारा । सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा इसी कारण है । शांति अहिंसा हमारे आदर्श हैं और हमारे नायक हमेशा लोक कल्याण की भावना को महत्व देने वाले लोग बने हैं । फिर ये कैसे हो रहा है कि कोई इन सभी आदर्शों के विपरीत आचरण करता है और ये भी चाहता है लोग उसको महान समझें या स्वीकार करें । बाकी सबको छोटा और खराब घोषित करने से कोई कैसे नायक बन सकता है उस समाज में जो मानता है बड़े होने पर विनम्रता आती है अहंकार नहीं और माफ़ करना गुण समझा जाता है बड़पन्न कहलाता है । देश के बड़े और जनता के दिल में बसे हुए नेताओं को लेकर तब जब उनका निधन हुए बड़ा अर्सा बीत चुका है सभ्यता को ताक पर रखकर अशोभनीय शब्दों का उपयोग करना क्या इसको अच्छे संस्कार कहा जा सकता है । आसमान की तरफ थूकने का अर्थ जानते हैं सभी लोग । कोई भी बड़ा और महान अपने अच्छे कामों से बनता है किसी को बुरा कहने से आप अच्छे नहीं हो सकते हैं । इस देश में अधिकतर समय सत्ताधारी विपक्ष को आदर देते रहे हैं और जब किसी ने ऐसा नहीं किया उस काल को इतिहास का काला अध्याय समझा जाता है । लेकिन आज बेहद खेदजनक बात होती है जब कोई विपक्ष को समाप्त करने की अलोकतांत्रिक बात कहता है ये भूलकर कि ऐसी सोच रखने वालों को देश कभी स्वीकार नहीं करता है । देश की एकता अखंडता सबसे अधिक महत्वपूर्ण है किसी व्यक्ति की महत्वाकांक्षा या फिर सत्ता की चाहत से बढ़कर समाज है संविधान है और सभी को समानता का जीने का विचार व्यक्त करने का बराबरी का हक भी है । नहीं विभाजित करने वालों नफरत की बात या सोच रखने वालों को देश पसंद नहीं करता है । जो ऐसा समझते हैं उनको इतिहास की धर्म की नैतिक मूल्यों की जानकारी हासिल करने ज़रूरी है । प्यार मुहब्बत भाईचारा हमारी पहचान भी हैं और हमारी महानता भी इन्हीं से है । भौतिकता की कीमत इनसे बढ़कर कदापि नहीं समझी जा सकती है । 
 

 

POST : 1090 अस्मत लुटवा बैठी अबला ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

      अस्मत लुटवा बैठी अबला ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया 

    जिस दुल्हन की डोली उठने से पहले ऐसा हादिसा हो जाये बेचारी रो भी नहीं सकती। खबर भी नहीं बाहर आती पर चेहरे की हवाईयां उड़ी हुई समझा देती हैं। लागा ईवीएम गायब होने का दाग़ छुपाऊं कैसे निष्पक्ष चुनाव करवाऊं कैसे। धुआं उठता है तो आग लगने का सबूत समझते हैं बिना आग धुंआ नहीं उठता कभी। पर हम लोग भी कमाल हैं मुझे क्या सबको लगता है कौन किसी के फटे में टांग अड़ाए। चलो दिल लगाने को फ़िल्मी बातें करते हैं। साधना फिल्म का गीत औरत ने जन्म दिया मर्दों को मर्दों ने उसे बाज़ार दिया कोई नहीं गाता सुनता जब मामला मीटू तक चला आया है। चुनाव आयोग इस खबर की पुष्टि कैसे करता कि बहु बेग़म फिल्म की तरह ईवीएम निकाह की रात अर्थात चुनाव से पहले गायब हो गई। नवाब साहब की हवेली डोली पहुंची तब ननद ने देखा डोली खाली है और सब नौकरानियों को उस कमरे से निकाल दिया ये कहकर कि भाभी जान गर्मी से बेहोश हो गई हैं। नवाब साहब की इज़्ज़त की लाज रखनी थी किसी कोठे से नाचने वाली को ले आये पैसा पास हो तो सब मुमकिन है। उनका भी कहना है उनके लिए सब मुमकिन है जनता खिलाफ भी हो जीतना मुमकिन है। ये कमाल फिल्मी होता रहा है कि घर से शादी की रात भागी नायिका किसी कोठे पर पहुंचती है और जिस घर दुल्हन बनकर पहुंचना था कोठे वाली बनकर पहुंचती है। पहुंची उसी जगह मगर गलत ढंग से उस रास्ते से जो बदनाम गलियों से जाता है। 

     मीनाकुमारी तब भी पाकीज़ा रहती है आशिक़ की बेटी की मां बनने वाली होती है और खुद ही कब्रिस्तान चली जाती है ज़िंदा लाश की तरह। दस्तक फिल्म की नायिका बेहद शरीफ है मगर रहने को घर मिलता है बदनाम गली में और हर कोई चला आता है खरीदार बनकर।  हम हैं मताये कूचा ओ बाज़ार की तरह उठती है हर निगाह खरीदार की तरह। मजरूह लिख रहे हैं वो अहले वफ़ा का नाम , हम भी खड़े हुए हैं गुनहगार की तरह। ये बातें फ़िल्मी हैं और पुराने ज़माने की हैं जब अस्मत लुटने पर लूटने वाले का नहीं जिसकी अस्मत लुटी उसी का दोष समझते थे चुप चाप हादिसे को भुला देते थे अगर हर कोई सामने आकर अपराध दर्ज करवाता तो जाने कितने शरीफ लोग बेआबरू हो कर निकलते घर से। बेदाग़ कोई नज़र नहीं आता मुमकिन है।  हम तो अपने गुनाहों को ढकने को कविता लिखते हैं गीत लिखते हैं औरत तेरी यही कहानी अंचल में है दूध आंखों में पानी। 

       चुनाव ही गया नतीजा जो भी हो चुनाव आयोग के घर से जो आवाज़ेंसुनाई दे रही हैं उनसे लोग हैरान हैं समझदार कहते हैं उनका आपसी झगड़ा है आपको कोई हस्ताक्षेप नहीं करना चाहिए। देश की व्यवस्था लोकतंत्र की अस्मत संविधान की मर्यादा की लाज को यूं चुप रहकर लुटता नहीं देखा जा सकता है। माना आजकल कुंवारी लड़की कुंवारी हो इसकी चिंता कोई नहीं करता है जब खुद लड़के ही एक नहीं जितनी पट सकती हैं गर्ल फ्रेंड बनाते हैं मगर बूथ कैप्चर करना और ईवीएम गायब होना बराबर नहीं हैं। क्या कहते हैं उनके पास कोई पर्स ही नहीं है झोला भी खाली है कोई आगे न पीछे क्या करना है लूट कर। कोई सबको ऐसी नौकरी दे दे तो हर कोई चौकीदारी को तैयार है। विदेश जाना है शानो शौकत से बादशाह की रहना है हर सुख सुविधा हाज़िर है कोई जहाज़ तैयार है हेलीकॉप्टर भी कारों का काफिला साथ सुरक्षा भी खाने पहनने को रईसी से बढ़कर उपलब्ध है जेब में पर्स करना क्या है। अब युग ऑनलाइन का है किस बैंक में किस का कितना धन है सब गुलाबी है। 

      अब इस पर जितना कम लिखा जाये अच्छा है। आगे से उठाओ तो भी पीछे से हटाओ तो भी नंगा खुद को करना है ढका रहने दो पर्दा है पर्दा है। पर्दा जो उठ गया तो भेद खुल जाएगा। बस आखिर में इक पुरानी कहावत याद आती है जो ये है। राजनीति और वैश्यावृति दुनिया के दो सबसे पुराने पेशे हैं और दोनों में बहुत समानताएं हैं। कोई जिस्म बेचता है कोई ईमान बेचता है कोई है जो हर सामान बेचता है , खरीद लो सारा जहान बेचता है। इंसान भी खरीदता बेचता रहता है बिकने लगा है तो अपना भगवान बेचता है। तू क्या ए दिले नादान बेचता है बिकता नहीं दर्द का वो सामान बेचता है।

मई 20, 2019

POST : 1089 शोले - 2 का पहला शो ( हास - परिहास ) डॉ लोक सेतिया

    शोले - 2 का पहला शो ( हास - परिहास ) डॉ लोक सेतिया 

   शोले फिल्म दो बनकर तैयार है , पहला शो फिल्म को दर्शकों को दिखाने से पहले ख़ास लोगों और मीडिया वालों के लिए होता ही है। सब अपने शामिल होते हैं और हर फिल्म की सफलता की कामना की जाती है। अख़बार टीवी पर फिल्म को लेकर जानकर लोग राय दिया करते हैं ताकि लोग दर्शक ताली बजाने को खेल तमाशा देखने चले जाएं आखिर फिल्म आम दर्शक के मनोरंजन को बनाई जाती है। असली मकसद कमाई का है इसलिए आजकल उपदेशक या संदेशक तरह की फिल्म कोई नहीं बनाता है हर कोई मौज मस्ती नाच गाने और आईटम सांग सब शामिल करता है हर किसी का ख्याल रखने को। बात राजनीति जैसी है जाति धर्म देशभक्ति भड़काना झूठ का गुणगान सब की इजाज़त है। नायक गब्बर सिंह ही है ऐसा बता रहे हैं अब गब्बर इस बैक की बात है तो गब्बर को खलनायक नहीं कहा जा सकता महानायक बता रहे हैं। कहते हैं रामगढ़ वालों ने समझ लिया है गब्बर से बचने का कोई उपाय नहीं है गब्बर को वोट देना ही एक ही रास्ता है। 

   बसंती पहले से ही गब्बर की नर्तकी बन गई है उसको गब्बर के सामने नाचना अच्छा लगता है गब्बर उसकी कला का सच्चा पारखी है। ठाकुर के हाथ भी काट दिए थे इस बार पांव भी काटने ज़रूरी थे अब जूते भी नहीं पहन सकेगा तो गब्बर का कुछ भी नहीं बिगड़ने वाला है। जय और वीरू भी ठाकुर के लिए काम नहीं करते हैं गब्बर से उनको ज़्यादा पैसा मिलता है तो उसकी महिमा का बखान करते हैं रामगढ़ वालों को समझाते हैं इतना भलामानुष डाकू कोई नहीं हुआ है आज तक। गब्बर गब्बर सबको बोलने को कहते हैं गब्बर के नाम की धूम मची है। फिल्म की कीमत का कोई अंदाज़ा नहीं है इक गब्बर के किरदार पर ही करोड़ों का खर्च किया गया है। फिल्म आने से पहले अधिकार बिक जाते हैं अब तो बनाने वाले को घाटा नहीं होता है कमाई ही कमाई है। लोग छोटे मोटे जेबकतरों को नहीं गब्बर जैसे डाकू को पसंद करते हैं हास्य अभिनेता भी गब्बर के भाई बंधु बन चुके हैं। कहानी बदल चुकी है नर्क को स्वर्ग का नाम दे दिया है गब्बर सिंह ने। अब लोग मरना नहीं चाहते स्वर्ग जाने को जीने को नर्क को स्वीकार कर लिया है ऐसा मीडिया वाले समझा रहे हैं। नेता जी इतिहास बदलने चले थे लेकिन वही पुराना इतिहास दोहरा रहे हैं कलयुगी  रामायण लिखी जा रही है राम कथा सुनाने वाले रावण की स्तुति गा रहे हैं लोग झूम रहे हैं ताली बजा रहे हैं। सरकार इधर चले आ रहे हैं। 

        दर्शक का हाल क्या होगा देखना है कमाल क्या होगा जनता की धोती वही फ़टी हुई है सत्ता का रेशमी रुमाल क्या होगा। धमाल के बाद धमाल होना है और बढ़कर धमाल क्या होगा। बता मेरे लाल क्या होगा , कालिया खामोश है कितने आदमी थे का कोई जवाब नहीं देता है। गब्बर सिंह की अदा पे हर कोई फ़िदा है मारता भी है तो हंसी ठठा करते हुए जिसको कत्ल करना है पहले खुश करता है बच गये साले तीनों बच गये भाषा अच्छी लगने लगी है। होली पर गाली अच्छी लगती है हर कोई खैरात मांगता है गब्बर को सबकी झोली खाली अच्छी लगती है। ताली बजाते रहो ज़िंदा रहना चाहते हो अगर उसको ताली अच्छी लगती है। घरवाली घर पर है कुछ नहीं बोलती जो घरवाली अच्छी लगती है। गब्बर ने बहुत विकास किया है अपने लिए शानदार अड्डा नया बनवा लिया है गब्बर का संदेश रोज़ आता है व्हाट्सएप्प पर लतीफे सुनाता है। ये गब्बर अच्छा है क्या शान से रहता है क्या अंदाज़ से डराता है हर किसी को सपने में आता है। गब्बर का बसंती से बहुत अच्छा नाता है बसंती हुई गब्बर की दीवानी है क्या कमाल की ये कहानी है। देखने वालों का हाल क्या होगा इससे बढ़कर कमाल क्या होगा हाल बेहाल हुआ है बढ़कर  बदहाल क्या होगा।

मई 19, 2019

POST : 1088 चिंतन की चिंता का चिंतन ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

     चिंतन की चिंता का चिंतन ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया 

    पहले इक पुरानी बोध कथा सुनते हैं । इक साधु सफर पर था और रास्ते में इक गांव पहुंचा तो ध्यान आया इक संगी साथी साधु दोस्त रहता है यहीं । उसकी कुटिया पहुंच कर किवाड़ की सांकल को बजाया तो भीतर से आवाज़ आई कौन है । मैं हूं साधु ने जवाब दिया और समझा दोस्त है आवाज़ से पहचान लिया होगा मगर कुछ देर बाद भी दरवाज़ा खुला नहीं तो फिर से सांकल बजाई और दोबारा भीतर से वही सवाल किया गया कौन है । इस बार सोचा यार ने आवाज़ नहीं पहचानी लगता है इसलिए जवाब दिया मैं हूं अपना नाम लिया जो भी रहा होगा । किवाड़ तब भी नहीं खुला मगर साधु को समझ नहीं आया ऐसा क्या है जो मुझे आवाज़ से नहीं नाम से भी नहीं पहचाना दोस्त ने । रात भर इंतज़ार करता रहा मगर दरवाज़ा बंद रहा रात भर । भोर हुई तो भीतर से साधु बाहर निकला अपनी आदत के अनुसार और तब फिर बाहर इंतज़ार करते रहे दोस्त ने कहा भाई क्या बात हुई अपने किवाड़ खोला नहीं । साधु दोस्त ने कहा तुमने क्या कहा था मैं हूं यही कहा था ना । अब बताओ क्या तुम हो इतना जानते हो सिर्फ वही एक है भगवान ईश्वर खुदा अल्लाह फिर कोई और कैसे कहता है मैं हूं और जिसको लगता है मैं हूं भला उसको किसी और के घर दर पर आने की ज़रूरत क्या है । 

कहते हैं कोई कितने सालों से चिंतन करता है । चिंतन अपने आपको खोजना है खुद को समझना होता है और संत महात्मा रात भर जागते हैं चिंतन करते हैं । चिंतन आपको दुनिया की मोह माया से अहंकार से किसी से बैर करने से छुटकारा दिलवाता है आपको कोई अपना बेगाना नहीं लगता है कुछ पाने की चाह नहीं रहती कुछ खोने का डर नहीं रहता है । आजकल कुछ लोग चिंतन शिविर लगाते हैं उनके अनुसार सब करना होता है और इक राशि भी चुकानी होती है । ये चिंतन इक कारोबार है वास्तविक चिंतन आपको अकेले अपने आप करना होता है और अकेले होने को कोई जगह नहीं तलाश करनी होती न किसी तरह का आडंबर करना होता है । चिंतन घोषणा कर साहूलियत को देख कर नहीं किया जा सकता है जब किसी को कहीं जाकर चिंतन करना हो तब अपने सभी धंधे काम काज छोड़ जाना होता है । अपने सुना तो होगा कोई राजा राज को त्याग कर चिंतन को चला गया कभी कोई राज पाने को चिंतन करने नहीं जाता सुना होगा । चिंता से मुक्त होने को चिंतन है या मुक्ति की चाह में चिंतन करने चले हो पहले जान तो लो । चिंतन सभी बंधनों से मुक्त होकर खुद को समझने को किया जाता है ऊपर वाले को पाने को चिंतन नहीं किया जाता ये आर्ट ऑफ़ लिविंग वाले लिखते हैं किताब पढ़ लेना और साथ बताया है पढ़ने से नहीं चिंतन किया जाता है सबको छोड़ अपने साथ रहने से । भागने का नाम चिंतन नहीं है जब कोई भाग जाता है और लौटकर कहता है चिंतन करने गया था । कई साधु संत चिंतन करने की बात करते करते चिंतन सिखाने वाले आध्यात्मिक गुरु बन जाते है उसके बाद भगवान होना चाहते हैं । ऐसे चिंतन को चिंतन नहीं कहते हैं चितन अपने को बड़ा नहीं समझने देता चिंतन से जानते हैं हम बेहद छोटे हैं कोई अस्तित्व नहीं है वास्तव में जैसे समंदर में इक बूंद का भी नहीं बुलबुले का सा वजूद है । बस इतना सा है चिंतन का सफर पानी करा बुदबुदा अस मानस की जात नानक जी कहते हैं । 

 

POST : 1087 किसके नाम की माला जपी है ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया

    किसके नाम की माला जपी है ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया 

        खड़े हुए हैं अदालत में गुनहगार की तरह। धर्मराज बही-खाता देख कर हैरान हैं ये कैसे लोग हैं इनको इंसान बनाकर कितना सुंदर जीवन दिया था व्यर्थ गंवा कर वापस लौटे हैं। कीड़े मकोड़े पशु पक्षी भी ऐसे नहीं जीते सोच समझ होते भी दिमाग से काम नहीं लिया और पापी नेताओं का नाम जपते रहे कोई अच्छा नाम नहीं लिया। अपने अच्छे बुरे कर्मों का फल तो मिलना ही है झूठ की जयजयकार करने का सत्ता के भूखे लोगों को मतलबी और कपटी लोगों का गुणगान करने का महापाप किया जीवन भर उसकी भी सज़ा मिलनी है। तुम अंधे नहीं थे आंखें मिली थी सोचने को दिमाग भी मगर तुमने पागलपन में ज़िंदगी बर्बाद कर दी। आजकल कोई आशिक़ भी माशूका का नाम रात दिन नहीं रटता है जब मिले जानू जानम कहता है बाकी दिन भर मस्त रहता है। वास्तविक नाता केवल फोन से है पल भर भी दूरी सही नहीं जाती ये व्यथा कही नहीं जाती।      

 जो भी कोई कहता है मान लेते हैं , खुद अपने कत्ल का सामान लाते  हैं। हम नहीं वो लोग जो रखते हैं दिल दिमाग कोई , जो बदलते हैं दुनिया को जब ठान लेते हैं। वक़्त क्या ज़िंदगी बिता देते हैं बेकार हम मसीहा मानते हैं उन्हीं को जो हमारी जान लेते हैं। तुलसीदास को पत्नी का ताना शिक्षा दे सकता है हम किसी के चाहने वाले बनकर नाहक आपस में लड़ते हैं ढैंचू ढैंचू कहते हैं। देखो ओ दीवानों तुम ये काम न करो आदमी हो आदमी बनकर जिओ चाटुकार बनकर बदनाम इंसान का नाम न करो। 
 
          पागल कौन है कैसे बताया जाये पागल सभी खुद हैं मगर पागल बनाते हैं औरों को। पागल होने की निशानी यही है कि वो सामने असली दुनिया को नहीं देखता और पागलपन में इक अपनी दुनिया बनाकर उसी को वास्तविकता समझता है। हम लोग वास्तविक समाज से बचकर स्मार्ट फोन की झूठी बनावटी दुनिया में जीते हैं और मनोरंजन को बड़ा मकसद समझते हैं। क्या इसको समझदारी कह सकते हैं या फिर इक पागलपन छाया हुआ है। सबसे पहले उनकी बात करते हैं जो हमारे जीवन को प्रभावित ही नहीं करते बल्कि जिनको हम सब को असली समाज की तस्वीर दिखानी थी लेकिन वो वास्तविकता से बचते हुए इक काल्पनिक दुनिया को देखते और दिखलाते हैं। टीवी चैनल खबर मनोरंजन के नाम पर जिस दुनिया की बात करते हैं देश की तीन चौथाई आबादी से उसका कोई लेना देना नहीं है। फिल्म टीवी सीरियल जाने किस समाज की कैसी कहानियां और संगीत या शो दिखलाते हैं जो हमारी आस पास की दुनिया से मेल नहीं खाता है। सच नहीं है सब झूठ ही झूठ है मगर इस झूठ के सामान को बेचकर ये टीवी चैनल और फ़िल्मकार अभिनय करने वाले मालामाल हो रहे हैं। अर्थात उनको समाज को सच नहीं दिखाना मार्गदर्शन की तो बात ही क्या बस कमाई करनी है चाहे किसी भी तरह से हो। ऐसा लगता है कुछ लोग जो किसी तरह इक आरामदायक जीवन जी रहे हैं उनको बाकी समाज जो साधनविहीन है को लेकर कोई चिंता नहीं है। क्या अपने ही देश के लोगों के लिए ऐसी उदासीनता उचित है। समझा जाये तो हम पागल बन गये हैं और पागलपन पाकर खुश भी हैं।

     हमारी शिक्षा में कुछ खोट ज़रूर है जो हमें सोचने समझने भला बुरा क्या है इसका बोध कराने के किसी काम नहीं आती है। हम आंखें होते हुए भी देखते नहीं हैं परखते नहीं अंधविश्वास करते हैं और भेड़चाल के आदी हैं। पढ़ लिख कर देश की समाज की भलाई की बात की चिंता नहीं करते बस खुद अपनी चिंता रहती है। जो शिक्षा आपको अच्छा इंसान नहीं बनाती केवल इक मशीन बना देती है पैसे कमाना अपने खुद को लेकर सोचना समझना समाज और देश की कोई चिंता नहीं भले कुछ भी होता रहे हमें क्या लेना देना , ये विचार किसी शिक्षित के नहीं कूप मंडूक के लगते हैं। बहुत बातें की जाती हैं आधुनिक शिक्षा महंगी और जाने क्या क्या सिखाती है नहीं सिखलाती तो आदमी बनकर अच्छे इंसान की तरह रहना। केवल अपने मतलब को समझने समझाने वाली पढ़ाई किसी काम की नहीं है। अंक शत प्रतिशत हासिल किये मगर चाल चलन और आचरण वही रहता है स्वार्थ सिद्ध करने को सब करने को राज़ी हैं। शायद वो अनपढ़ लोग ज़्यादा अच्छे थे जो सही को सही गलत को गलत कहने का मादा रखते थे। हम लोग तो राम नाम जपना छोड़ ऐसे इंसानों के नाम की माला जपते हैं जो अच्छे इंसान भी बन नहीं पाए हैं। किस किस शैतान का नाम सुबह शाम लेते हैं हम कभी सोचा है।

POST : 1086 संकुचित स्वार्थ और झूठ फरेब की राजनीती ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

      संकुचित स्वार्थ और झूठ फरेब की राजनीती ( आलेख ) 

                                        डॉ लोक सेतिया

       आज जब देश में संसद का चुनाव आखिरी दौर तक पहुंचा चुका है तब ये हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है कि मोदी जी ने सत्ता मिलने के कुछ ही महीने बाद चुपके से ख़ामोशी से चुनाव आयोग का नियम ही बदलवा लिया था । आजकल के आधुनिक सोशल मीडिया और व्हाट्सअप्प की पढ़ाई से ज्ञान पाने वालों को जिनको कोई खेल की जीत हार या कोई दौड़ अथवा तिरंगा लहराना आई लव माय इंडिया कहना ही देशभक्ति लगती है और जिनको देश की गरीबी से लेकर वैचारिक शून्यता तक से कोई मतलब नहीं है उनको बीते इतिहास की बात पढ़ना क्या सुनने की फुर्सत नहीं न ही ज़रूरत लगती है । जब कोई दल गांधी जी के कातिल को देशभक्त बताने वाले आतंकवादी घटना के आरोपी को दल का उम्मीदवार बनाता है और देशभक्ति की अपनी परिभाषा बनाना चाहता है जिस में धर्मं के नाम पर हिंसा की जा सकती है और वोटों की गंदी राजनीति लोगों को विभाजित करने का काम कर देश को बांटती है तब खामोश रहना देश के लिए कर्तव्य को भुलाना है । आज आपको इतिहास की कुछ घटनाओं को याद करवाते हैं ।

         12 जून 1975 को इलाहाबाद उच्च न्यायलय ने तब की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का चुनाव अवैध घोषित कर रद्द करने के साथ उनको अगले छह साल तक चुनाव लड़ने के अयोग्य घोषित कर दिया था । कारण था चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करना जब खुद पद पर रहते वो किसी सरकारी कर्मचारी की ही तरह वेतन पाती थी । किसी को इसकी उम्मीद नहीं थी और ये इक मील का पत्थर है न्यायपालिका की निष्पक्षता साबित करता हुआ साहसपूर्वक निर्णय था । जो व्यक्ति  काला धन भ्र्ष्टाचार और सत्ता का दुरूपयोग की बात करते हुए ईमानदारी का दावा करते हुए सत्ता पाता है वो अगर सत्ता मिलते ही चुनाव आयोग का नियम कानून ही इक नोट भेजकर चंद घंटों में बदलवा लेता है और नया नियम उसके चुनावी दौरों के खर्च को उसके दल का खर्च नहीं मानता और इसका बोझ जनता पर पड़ता है उसको कोई भी उचित नहीं कह सकता है । अर्थात पिछले चार साल तक मोदी जी अपने दल के चुनाव पर सभाओं पर बेतहाशा धन देश के खज़ाने से लुटवाते रहे हैं । चोरी रोकना नहीं इसको डाका डालने का अधिकार खुद ही हासिल करना समझना होगा । और ये खबर कोई आपको इतने समय तक नहीं देता  है । जब खबर देने वाले सत्ता का गुणगान करने और अपना घर भरने में लगे हों तब सच की चिंता कौन करता है । जबकि  ये नियम गलत है और भेदभावपूर्ण ही नहीं जनता के धन और सरकारी खज़ाने की लूट है जैसा लगता है तो ऐसे करने वाले को देश की भलाई करने वाला नहीं कहा जा सकता है । उस निर्णय के अनुसार पिछले जितने चुनाव हुए जिन में ये मनमानी की गई उनकी वैधता निष्पक्षता शक के दायरे में आती है । सत्ता पाने को कुछ भी करना देशभक्ति कदापि नहीं कहला सकता है । काला धन की बात छूट गई है और चुनाव पर करोड़ों रूपये बर्बाद ही नहीं किये जा रहे बल्कि सत्ता धनबल का खेल बन गई है । सबसे मालामाल दल किस तरह से ईमानदारी की बात कर सकता है क्या उनके ऊपर धन की सोने चांदी की बरसात यूं ही होने लगी है ।

     बात निकली तो पता चला है कि चुनाव आयोग भी बंटा हुआ है और सत्ताधारी नेताओं के अनुचित आचरण पर ऐतराज़ करने वाले की बात असहमति को दर्ज नहीं किया जाता है । किस बात की पर्दादारी है और जिस तरह मोदी जी ने वंशवाद परिवारवाद की आलोचना की उस से भी अधिक खतरनाक हर पद पर अपने पसंद के लोगों को नियुक्त करते जाना रहा है जो आज व्यक्तिवाद तक पहुंच गया है जो देश के संविधान और लोकतंत्र को निरर्थक बना सकता है। शायद ऐसे में आज इक जाने माने इतिहासकार रामचंद्र गुहा जी का इक अख़बार में छपा लेख बहुत सामयिक है उसके कुछ अंश पढ़ कर समझते हैं पहले प्रधानमंत्री नेहरू और आज के प्रधानमंत्री मोदी में ज़मीन आसमान का अंतर है । आपको कौन अच्छा लगता है ये आपके विवेक पर है । अमर उजाला के लेख से अंश इस तरह हैं ।


                                      नहरू का पहला चुनाव अभियान 

 पंजाब में चुनावी सभा में भाषण दे रहे थे तब प्रधानमंत्री जवाहरलाल जी ,  जब उन्हें पता चला कि उनके बाद समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण पंजाब का दौरा करने वाले हैं , तो उन्होंने श्रोताओं से कहा , मैं आपको सलाह दूंगा कि आप जाकर उन्हें सुने । कई चीज़ों में मैं शायद उनसे सहमत न हूंगा । लेकिन वह एक शानदार व्यक्ति हैं । 
 
    आज ये सुनकर कोई यकीन नहीं करेगा कि इस देश में ऐसे लोग थे जो अपने विपक्षी धुर विरोधी का भी आदर करते थे । और ऐसी घटनाएं बहुत हैं , आज खुद को महान साबित करने को आपके पर असंसदीय भाषा है बाकी सबको खराब बताने से अपशब्द कहने की क्या इनको अच्छे संस्कार और महानता की निशानी कहते हैं । ज़रा उस भाषण की बात को भी याद करते हैं । उन्होंने सभा में मौजूद लोगों को " भयावह सांप्रदायिक तत्वों " के प्रति आगाह करते हुए कहा कि वे देश में बर्बादी और मौत ला सकते हैं । उन्होंने आग्रह किया कि दिमाग की खिड़कियां खोलें और दुनिया के हर कोने से ताज़ी हवा आने दें । एक और भाषण में उन्होंने कहा था कि जो व्यक्ति सांप्रदायिक सोच वाला होता है वह छोटा व्यक्ति होता है जो कि कोई बड़ा काम नहीं कर सकता है ऐसे तुच्छ सिंद्धांतों पर आधारित देश भी छोटे हो जाते हैं। सांप्रदायिक संगठन बीमार भावनाएं फैला कर भारी नुकसान कर रहे हैं । नेहरू ने अपने भाषण में कहा कि मैं अन्य दलों का ज़िक्र करता हूं लेकिन सिर्फ सिद्धांतों के सवाल पर । मैं उन्हें व्यक्तित्व के दृष्टिकोण से नहीं देखता। वह वैसा ही कुछ कहना चाहते थे जैसा कि अब्राहम लिंकन ने एक बार नैतिक रूप से मज़बूत और साकारात्मक दृष्टिकोण वाला समाज बनाने की बात कही थी । लेखक अंत में लिखते हैं पाठक चाहें तो नेहरू के भाषणों के स्वर और विषयवस्तु की तुलना आधुनिक नेताओं के भाषण से कर सकते हैं । लेखक लिखते हैं कि मैं तो केवल अनुमान लगा सकता हूं कि आज से पचास साठ साल बाद कोई भी इतिहासकार यह दर्ज नहीं करेगा कि 2019 के चुनाव में किस किस नेता ने क्या कहा था ।

       हैरानी हुई कुछ लोग चुनाव आयोग या अन्य संस्थाओं की गिरती साख और उनको अनुचित ढंग से इस्तेमाल करने के सवाल पर कहते हैं विपक्ष हार को देख कर ये कह रहा है । ये कमाल है अभी वोट मशीनों में बंद हैं और आपको नतीजा भी मालूम है क्योंकि ये पहले से समझते हैं बेशक कोई लाख झूठा साबित हो उसके दावे खोखले साबित हों तब भी देश को उन्हीं को चुनना होगा मज़बूरी है । ये किस मानसिकता के लोग हैं जिनको देश संविधान से बड़ा कोई नेता लगता है । जो लोग कोंग्रेस में नेहरू को प्रधानमंत्री बनाने की बात पर ऐतराज़ जताते हैं और पटेल या और कितने नाम लेते हैं उनको अपने दल में कोई दूसरा क्यों नज़र नहीं आता है और अब तो दल की नहीं इक व्यक्ति की सरकार की बात करते हैं । ये दोहरे मापदंड वाले लोग कभी अपने भीतर झांक कर नहीं देखते हैं । औरों पर पत्थर फेंकने वालों को अपने शीशे के घरों की चिंता करनी चाहिए । सबको नसीहत खुद मियां फ़ज़ीहत जैसी बात लगती है । 
 
 

मई 17, 2019

POST : 1085 मैं गरीब राजा ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

             मैं गरीब राजा ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया         


      ऐ मेरे प्यारे देशवासिओ अपनी आंखों में भर लो पानी ।  इक गरीब राजा की सुनो मुझसे कहानी । मैं बहुत गरीब था मेरा देश बहुत अमीर था सोने की चिड़िया क्या लंका थी सोने की । मैंने कई साल तक भीख मांगी गुज़ारा करने को पेट भरने को । पढ़ाई काम धंधा ये ज़रा टेड़ा सवाल है जो पढ़ा याद नहीं जो किया भूल गया । बस जैसे भाग्य खुलता है लॉटरी लगती है सब अमीर लोगों ने रईस लोगों से भूखे नंगे लोगों तक सभी ने मुझे इतनी भिक्षा डाली इतनी खैरात मिली कि मैं देश का सबसे अमीर बन गया ।  सब लोग मुझे राजाजी कहकर बुलाते हैं मगर मैं खुद को अभी भी गरीब बतलाता हूं क्योंकि मुझे अभी भी लगता है मुझे और अधिक चाहिए , समझता खुद को शहंशाह महाराजा हूं पर दुनिया पर राज करने की चाहत है । अपने ठीक समझा है सिकंदर की तरह की हालत है मगर मुझे उसकी तरह दुनिया से खाली हाथ जाना नहीं है मुझे अमर होना है अमृत कलश की तलाश है मिलेगा किसी और को इक बूंद नहीं दूंगा जी भर का अकेले पीना है ।

      गरीबी क्या होती है मैं ही जानता हूं , अमीरों को देखता था तो क्या मन करता था बता नहीं सकता । मन की बात कभी कही नहीं रेडिओ पर भी मन की बात के नाम पर बेमन की बात करता रहा हूं । मेरी गरीबी मिट गई मगर अपनी कमाई से नहीं हर किसी से चंदा लेकर अमीर बनकर भी अमीरी का एहसास नहीं आया । लगता है जाने कब सब मुझसे दी हुई खैरात वापस मांग लेंगे । भला कोई भिक्षुक मिली भिक्षा वापस देता है कोई मांगता ही नहीं मगर मैंने भीक ली ही छल कपट झूठ से है तभी लगता है कोई मुझसे मेरी तरह सब छीन सकता है । देश में मूर्खों की कमी नहीं है गरीब को इतना देते हैं मांगने पर कि अमीर बना देते हैं फिर उसी से उम्मीद करते हैं गरीबों की भलाई करेगा । अमीर बनकर अमीरों जैसा बन गया हूं पहले अमीरों को देख का जो सोचता था आजकल गरीबों को देखते ही विचार आता है इनका होना क्या ज़रूरी है । मगर है ज़रूरत इनकी क्योंकि झौंपड़ी सामने नज़र आती है तभी महल की ऊंचाई और शानो शौकत समझ आती है ।

    कल इक साधु मिला था सपने में वास्तव में असली संत मुझसे मिलने क्यों आएगा । कहने लगा तुम पहले राजा हो जो बाहर से महंगी पोशाक और सज धज से रईसों से भी बढ़कर दिखाई देते हो जबकि भीतर बदन वही गरीब वाला है दिल गरीब से भी छोटा है गरीब भी आधी रोटी किसी को दे देता है तुम इतना खाकर भी भूखे के भूखे ही रहते हो । ये जाने क्या रोग है मेरी भूख जितना मिलता है खाता जाता हूं मगर दिल भरता नहीं और खाने को करता है । रात रात भर जागता रहता हूं देश भर से भिक्षा मिलती है बार बार भर पेट खाकर भी रहता भूखा का भूखा ही हूं । ये कुर्सी मिली हुई है जो अनपूर्णा की तरह सबको देती है इसको रात दिन जकड़े रहता हूं कोई मुझसे इसे छीन नहीं ले जाये डर सताता है । मुझे गरीब से राजा होना आया है फिर से राजा से गरीब होना नहीं आता मुझे । भले मैं दुनिया का सबसे गरीब हूं ऊपर वाले की नज़र में मगर मुझे राजाजी कहलाना पसंद है गरीब कहता रहता हूं मानता नहीं कोई कह नहीं सकता । मैं गरीब राजा हूं । मैंने जनता को सपना दिखलाया था जनता को समझ नहीं आया था अधिकांश लोगों को मैंने खैरात पर निर्भर होना सिखला दिया है आत्मनिर्भरता का अर्थ बदल कर हाथ फैलाना सिखला दिया है । लेकिन आज भी खुद मेरे हाथ में वही कटोरा है जो जितनी भी भीख मिलती है तब भी भरता नहीं खाली रहता है । जिस देश का राजा खुद भिखारी हो उसका भविष्य क्या वर्तमान क्या है कितनी निराली शान क्या । 

गरीब राजा की कहानी | Hindi Kahaniya | Poor King Hindi Kahani | Moral  Stories | Hindi Fairy Tales

मई 14, 2019

POST : 1084 परियों की खोज से भूतों पर शोध ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

    परियों की खोज से भूतों पर शोध ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

      इसे मोदीनामा नाम देना चाहता हूं । जो कहना नहीं चाहिए कहना चाहता हूं । बस इसी देश रहना चाहता हूं कुछ सितम सभी दुनिया के सहना चाहता हूं । होटों पे ऐसी बात मैं दबा के चली आई खुल जाये वही बात तो दुहाई है दुहाई । कोई नहीं जान पाया उनका मकसद क्या है उनको नया कुछ कर दिखाना था । स्वर्ग की परियों को ज़मीं पर लाना था परियां किस जहां में रहती हैं पता ठिकाना ढूंढ़ना था । घर से चले थे हम तो ख़ुशी की तलाश में ग़म राह में खड़े थे वही साथ हो लिए । बस परियां तलाश करने चले और भूत मिल गए तो पहले उन पर ही शोध करने की बात सोच ली । मन का वहम है कि हक़ीक़त है साबित करना था । देश के भूत वही थे उनसे नया कुछ हासिल होना कठिन था इसलिए पचास देशों की सैर की और हर देश की सरकार से यही सहयोग मांगा अपने अपने भूत का इक सैंपल दे दो शोध करना चाहता हूं । शोध का विषय सबको भाया मेरा जादू दुनिया भर में छाया । 

      वो पढ़ने वाला भी पढ़ाने वाला भी स्कूल कॉलेज भी पढ़ाई भी खुद वही । भूत भी उसकी चिकनी चुपड़ी बातों में आते गए उसके नाम के भूत लोगों के सर चढ़ जाते रहे । भूत या किसी के सर चढ़ जाता है या किसी को डराता है । बस यही काम उसको भी आता है तभी दो हिस्सों में बांटने वाला शख्स बन जाता है । बात परियों की कथा की थी भूतों की कहानी बनती गई और शीर्षक मिला डरना मना है जीने की इजाज़त नहीं है और मरना भी मना है । ये साबित किया जा चुका है भूत सच है उसका भूत जनता को भयभीत भी करता है और बचने को उसी का नाम भी जपता है । जब तक भूत भागता नहीं परियां नहीं आने वाली हैं । 

    कोई भूत भगाने वाला आया है उसने मंत्र समझाया है आपको उसका जाप करना है । ये नहीं सोचो पुण्य करना या पाप करना है बस किसी से करवाना नहीं अपने आप करना है । आप भी ठीक से याद करो दस दिन नियमित रात दिन इसी का जाप करो । शब्द जैसे लिखे हैं वही पढ़ने हैं ए ये का ध्यान रखना है । 

                जाएगा , जायेगा , जायेगा , जाएगा जाने वाला जाएगा । 

                                   108 बार माला जपनी है । 

 काल्पनिक परी-भूमि प्रकार का पोकेमॉन जो गुरुत्वाकर्षण बुलाता है (एक नए  प्रकार के संयोजन वाला पोकेमॉन)। विवरण कमेंट में : r/stunfisk

 


POST : 1083 भगवान की उलझनें बहुत हैं ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया

   भगवान की उलझनें बहुत हैं ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया 

   कभी अपनी खुद की परेशानियों को दरकिनार कर ऊपर वाले की उलझनों पर कोई ध्यान देता तो पता चलता अपनी दुनिया से ज़्यादा परेशान खुद दुनिया बनाने वाला है। हम आप अपने घर कारोबार का हिसाब रखते हुए भी गलती कर जाते हैं मगर भगवान को तो गलती करने की भी अनुमति नहीं है सारी दुनिया का हिसाब किताब बराबर रखना ही रखना पड़ता है। हज़ार नहीं अनगिनत तरह के गणित लगाने होते हैं और कोई सीए नहीं कंप्यूटर नहीं कोई आधुनिक गूगल जैसी सुविधा नहीं ऐप्स का उपयोग नहीं। चलो इक छोटी सी लगने वाली बात को लेकर ही समझते हैं कितना कठिन नहीं लगभग असंभव कार्य है इंसाफ करना। 

                                          पहली उलझन


    पति-पत्नी गठबंधन करते हैं अगले सात जन्म का रिश्ता बनाने की सात कसम खाई जाती हैं। उसके बाद हर पत्नी करवाचौथ का उपवास रखती है अपना सुहाग बना रहे और सदसुहागिन बनकर जीना मरना चाहती है। आपको इस में कोई समस्या नहीं नज़र आई होगी जबकि बहुत कठिन है ऊपर वाले का इतनी सी बात को संभव कर दिखाना। अधिकतर पति आयु ही नहीं में भी बड़े होते हैं इक नियम जैसा बना हुआ है। अब पति की लंबी आयु से पत्नी के सदासुहागिन  के वरदान से पत्नी को पहले जाना होता है जहां छोड़ ऊपर वाले के पास , अगला जन्म उसी को पहले मिलता है और जितने साल पति बाद में अकाल चलाणा करता है अगली बार जन्म लेने में उतना अधिक वक़्त बाद में फिर से जन्म मिलता है। समस्या का समाधान तभी हो सकता है अगर अगली बार पति को महिला पत्नी को पुरुष बनाकर जन्म देने का कार्य किया जाये मगर मामला गड़बड़ है पति-पत्नी फिर वही होने का वादा कर चुके थे। ऐसे में अगले जन्म में पत्नी का जन्म पहले और पति का बाद में होना ज़रूरी है जिस से उलझन पैदा होती है। पत्नी बड़ी पति छोटा समाज को मंज़ूर नहीं होता है। इस बार उपवास रखते समय इस बात पर विचार करना। बारी बारी पत्नी का पति और पति का पत्नी बनाने का उपाय स्वीकार है या नहीं।

                                            दूसरी उलझन 

ऊपर वाला जिसको जैसा बनाता है और जिस काम करने का हुनर देता है कोई उस को पसंद करता नहीं। अब हालत ये है कि लोग अच्छे भले धंधे करते हैं मगर चाहते हैं काश चौकीदार जैसा रुतबा हासिल हो जाए। व्यवस्था बनाने को सरकार भी तय करती है किस काम का क्या बजट होगा किस को कितना वेतन मिलेगा क्या काम कितने समय तक करना होगा और नहीं किया तो कठोर करवाई की जा सकती है। सरकार से हर कोई डरता है मगर ऊपर वाले का भी कोई बजट है और सबको उसकी बात मानकर कार्य करना है बदले में नियमानुसार वेतनादि मिलेगा इस की परवाह कोई नहीं करता है। ऊपर वाला जब आमना सामना होगा तब देखा जाएगा यही सोच जिसकी जो मर्ज़ी करते हैं। ऊपर वाला बेबस है चुप चाप देखता है ये सब अपने सामने घटते हुए।

                                    तीसरी उलझन पागलपन

      शीर्षक पढ़कर अंदाज़ा मत लगाना बात दीवानगी की नहीं है पागलपन की है। पागल कौन है कैसे बताया जाये पागल सभी खुद हैं मगर पागल बनाते हैं औरों को। पागल होने की निशानी यही है कि वो सामने असली दुनिया को नहीं देखता और पागलपन में इक अपनी दुनिया बनाकर उसी को वास्तविकता समझता है। हम लोग वास्तविक समाज से बचकर स्मार्ट फोन की झूठी बनावटी दुनिया में जीते हैं और मनोरंजन को बड़ा मकसद समझते हैं। क्या इसको समझदारी कह सकते हैं या फिर इक पागलपन छाया हुआ है। सबसे पहले उनकी बात करते हैं जो हमारे जीवन को प्रभावित ही नहीं करते बल्कि जिनको हम सब को असली समाज की तस्वीर दिखानी थी लेकिन वो वास्तविकता से बचते हुए इक काल्पनिक दुनिया को देखते और दिखलाते हैं। टीवी चैनल खबर मनोरंजन के नाम पर जिस दुनिया की बात करते हैं देश की तीन चौथाई आबादी से उसका कोई लेना देना नहीं है। फिल्म टीवी सीरियल जाने किस समाज की कैसी कहानियां और संगीत या शो दिखलाते हैं जो हमारी आस पास की दुनिया से मेल नहीं खाता है। सच नहीं है सब झूठ ही झूठ है मगर इस झूठ के सामान को बेचकर ये टीवी चैनल और फ़िल्मकार अभिनय करने वाले मालामाल हो रहे हैं। अर्थात उनको समाज को सच नहीं दिखाना मार्गदर्शन की तो बात ही क्या बस कमाई करनी है चाहे किसी भी तरह से हो। ऐसा लगता है कुछ लोग जो किसी तरह इक आरामदायक जीवन जी रहे हैं उनको बाकी समाज जो साधनविहीन है को लेकर कोई चिंता नहीं है। क्या अपने ही देश के लोगों के लिए ऐसी उदासीनता उचित है। समझा जाये तो हम पागल बन गये हैं और पागलपन पाकर खुश भी हैं।

                              उलझन की उलझन सबसे बड़ी उलझन 

  अभी तक मेरा भारत महान है ऐसा कहने पर क्यों महान है कोई सवाल नहीं पूछता था। अब महान होने का सबूत मिलने लगा है। प्यार के ढाई अक्षर कौन से हैं नहीं पता झूठ दो अक्षर से बड़ा बन गया है झूठ महान भी है उसकी शान भी है। लोग सत्य की खोज किया करते थे अब कोई झूठ पर शोध किया करता है। इक रेडियो कार्यकर्म हुआ करता था अंधेर नगरी चौपट राजा जिसका न्याय कमाल हुआ करता था। चोर की दाढ़ी में तिनका तलाश करते थे भैंस लाठी वाले की हो जाती थी। गूंगी गुड़िया सबसे अच्छा गाती थी कोयल कौवे से हार जाती थी। शासक का निर्णय आखिरी होता है न्याय अपने भाग्य पर रोता है। कल तक कौन उनसे सवाल करता था खुद वही हाल बेहाल करता था जो कहता सब दोहराते थे उसके संग संग रोते गाते थे। खुद उसने किसी को बुलाया है साक्षात्कार अजब दे दिखाया है। हमने सोचा था जवाब आएगा हैरान हैं सवाल ही बेमिसाल आया है। अपने आम चुराया है किस तरह आम को खाया है ,आपकी जेब खाली है डिजिटल कैमरा आज़माया है जब बना भी था आपके पास था टेक्नोलॉजी पर सितम ढाया है इंटरनेट से पहले नेट चलाया है। काला धन की बात क्या करनी है ब्लैक एंड वाइट को कलर बनाया है। हर किसी को मज़ा आया है ये कौन है जो झूठ का पिटारा लाया है हर झूठ उसका सच कहलाया है। देश क्यों महान था कोई बताने की बात नहीं समझ आती थी ये महानता को घसीट लाया है। क्या है जो नहीं कर दिखाया है उसने भगवान का खोटा सिक्का चलाया है। अपने चार युग सुने थे पांचवां युग लेके आया है ये झूठ का युग बहुत अच्छा है हर कोई इसके सामने अभी बच्चा है। चांद सूरज हवा पानी सब पर चलती उसकी मनमानी। चोर की भी है कोई नानी जो सुनाती है अपनी कहानी। तीर ऐसा कोई चलाता है जो रात को भी दिन बनाता है रास्ते उसके जो भी आता है उसी की दास्तां सुनता सुनाता है ख्वाब देखता नहीं दिखाता है हथेली पर सरसों उगाता है। देश भूखा रह जाता है वो भी बहुत थोड़ा खाता है खाता नहीं खाने पीने की हर बात को हवा में उड़ाता है। ज़िंदगी का साथ उड़ाता चला गया हर फ़िक्र को धुवें में .....

मई 13, 2019

POST : 1082 पागल हुआ दीवाना हुआ ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया

    पागल हुआ दीवाना हुआ ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया 

           मास्टरजी को पढ़ना पसंद नहीं था और पिता जी की ज़िद थी उनको विलायत न सही किसी और राज्य में उच्च शिक्षा दिलवानी है। अनपढ़ माता पिता को जो मर्ज़ी बताया जा सकता है फेल होने पर समझते कि हर क्लास में दो तीन साल लगाने से नींव मज़बूत होती है। ग्वालियर का नाम था दसवीं फेल बारहवीं पास कर सकते हैं पिता को मनाया और सीधे उच्च शिक्षा पाने चले गए। वापस आकर अपना स्कूल खोला और खूब कमाई की गांव की शान समझे जाते रहे भगवान उनको स्वर्ग से कम क्या दे सकता है। किसी ऐसे स्कूल से पढ़ाई पढ़कर अब कोई देश को पढ़ना लिखना सब सिखला रहा है ये कथा आधुनिक भगवान की है। हर दिन कोई न कोई ऐसी घटना बताता है जो असंभव ही नहीं होती बल्कि हास्यस्पद लगती है। विज्ञान से भगवान तक को चुनौती देती है। मनघड़ंत बात जिस आत्मविश्वास से कहते हैं सुनने वाला समझ कर भी कुछ समझ नहीं पाता है। पता लगाना कठिन है ये जनाब किस युग की बात कर रहे हैं क्या हर समय हर जगह रहे हैं असंभव को संभव करने का दावा है। जो संभव था नहीं किया ये नहीं बताते उनकी मर्ज़ी है। लोग अब शक करने लगे हैं उनको किसी मनोचिकिस्तक की राय लेने की सलाह देते हैं। 

    अचानक गढ़ा धन या कोई करोड़ों की लॉटरी लगने से मनसिक संतुलन बिगड़ जाता है। बड़ी बड़ी बातें करने लगता है खुद को ज्ञान का भंडार जाने क्या क्या कहने लगता है। लोग बुरा नहीं मानते हंसते हैं मन ही मन में पगला गया है। सबको खुश देख समझता है मेरा रुतबा ऊंचा हुआ है। कोई उसकी बात पर यकीन नहीं करता लेकिन बच्चों को अपनी शौर्य गाथा सुनकर ताली बजवाता है। बच्चों को झूठी मनघड़ंत कहानियों को सुन मज़ा आता है। किसी गांव में सभी अच्छे लोग रहते थे कोई भी सरपंच बनने के काबिल नहीं था तो पास के शहर से इक झूठा मक्कार मतलबी आया और सबको गांव को शहर बनाने का सपना दिखाया और सरपंच कहलाया। जब गांव का नाम बदल कर कबीर बस्ती को कबीर नगर किया तो सबको लगा उल्लू बनाया है। गांव में बिजली पानी सड़क कोई भी सुधार नहीं हुआ बस नाम अच्छा रख लिया। पागलखाने में पागल रोगी अपनी ख्वाबों की दुनिया बसा लेते हैं और खुश रहते हैं। कोई खुद को राजा समझता है कोई बारात लेकर महबूबा को लाने चलता है। फ़िल्मी कहानियों का असर कुछ लोगों पर बहुत देर तक रहता है। खिलौना जानकर तुम तो मेरा दिल तोड़ जाते हो। हमने देखी है उन आंखों की महकती खुशबू हाथ से छू के उसे रिश्तों का इल्ज़ाम न दो। ख़ामोशी फिल्म की नायिका नायक का उपचार करते करते खुद पागल हो जाती है। जिस कमरे से नायक की छुट्टी हुई उसी में नर्स नायिका रोगी बनकर दाखिल हो जाती है।

        इधर सुनने में आया है कि  जैसे कुछ पुरुष पत्नी से छुटकारा पाने का सपना देखते रहते हैं आजकल ऐसी भी महिलाएं हैं जो सोचती हैं काश उनका भी नसीब उस महिला जैसा होता जिसको छोड़ कर चले जाने वाला बहुत महान राजनेता कहलाता है। नारी नारी के दर्द को कभी नहीं समझती है उल्टा कई पुरुष पत्नी पीड़ित होने का नाटक करते हैं और किसी महिला की सहानुभूति हासिल कर लेते हैं। बात पति पत्नी और वो की है जिस का नायक बंदर की तरह गुलाटी मारना छोड़ता नहीं। पत्नी को छोड़ने वाले नेता को महिलाओं के अधिकारों का रक्षक समझना नामुमकिन का मुमकिन होना है। शायद जल्दी ही ऐसी महिलाएं अपने अपने पति को घर से जाने की अनुमति खुद दे सकती हैं इस शर्त पर कि उनको राजनीति में शामिल होना होगा।

       
     प्यार कहते हैं अंधा होता है मगर कोई भी अंधा किसी से प्यार नहीं कर सकता है। ये फ़लसफ़े की बात है समझने की कोशिश मत करो अगर नहीं समझ आई तो। कोई किसी बदसूरत लड़की पर फ़िदा हो अगर तो हर कोई समझेगा पागल हुआ है कोई दूसरी नहीं दिखाई दी। ज़हर कड़वा लगता है कोई नहीं पीता है मगर जब कोई मीठा ज़हर पिलाता है तो सब पी लेते हैं। उसकी बातें उसकी शैली सबको पागल करती है। ये इश्क़ रोग ही नामुराद है दिल बेवफ़ा पर ही आता है। हमको उनसे हो गया है प्यार क्या करें। पागलपन संभव असंभव की बात नहीं समझता है होनी को अनहोनी अनहोनी को होनी जब जमा हो तीनों मजनू रांझा महिवाल इक जगह। कागज़ के फूल फिल्म बनी थी आजकल शहर कागज़ी बन चुके हैं ज़रा से हवा चलती है बिखरने का डर लगता है। दिल्ली देखने को पत्थरीली है मगर वास्तव में सब कागज़ी है कोई जाकर किसी फूल को छूता है तो सभी कागज़ बिखर जाते हैं।

               याद आते हो कभी मिलते थे कितनी बातें करते थे अजनबी शहर जाकर तुम तो खामोश हो गए। कोई हमज़ुबां नहीं मिलता यहां भी। ये सच है इक  दोस्त था  कॉलेज का शिक्षक रहा है जाने क्यों यादास्त खो गई है अब कोई चिंता नहीं सताती होगी।  कल कोई मिलने गया था उनसे तो उनको अभी भी पिछले चुनाव की बात याद थी और पूछने लगे अच्छे दिन आने वाले हैं क्या अभी भी लोग इंतज़ार करते हैं।  उनकी सुई वहीं रुकी हुई है। इस बीच गंगा स्वच्छ हुई काला धन मिला गरीबी मिटी सब को छोड़ लोग इक पुराना खेल खेलने लगे हैं। पागल हो जाना भी राहत की बात हो सकती है।   
      

मई 12, 2019

POST : 1081 चाय पर शोध ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया

         चाय पर शोध ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया 

  आज रविवार का दिन है उठने की कोई जल्दी नहीं थी मगर पत्नी जी ने जगा दिया। उठो भी चाय बन गई है। कितना खूबसूरत सपना था देख रहा जगाकर तोड़ दिया। चाय पीना पसंद है लत लगी हुई है चाय ने क्या क्या नहीं करवाया है। कॉलेज में इक दोस्त को चाय की इतनी चाहत थी कि रात भर पढ़ने को नहीं चाय पीने को जागता रहता था। सिनेमा हॉल के बाहर चाय वाले की चाय की बात कुछ और थी ऐसे ही मेरे शहर में इक स्वादिष्ट चाय बनाकर पिलाने वाला इतना सफल हुआ कि शहर में भगत जी की मिठाई से अच्छी कोई मिठाई नहीं लगती है। चाय की कहानी सदियों पुरानी है विदेशी राज का चाय से रिश्ता रहा होगा हम क्या समझते मगर पिछले चुनाव में चाय पर चर्चा ने जो कर दिखाया कोई कल्पना नहीं कर सकता था। जो कहता था मुझे चौकीदार बना लो उसको खज़ाने का मालिक ही बना दिया अब मालिक की मर्ज़ी है कोई चोरी थोड़ा कहलाती है अपना समझ खूब खज़ाना उड़ाया है। चाय तुमने कितना सितम ढाया है। मुझे इक गीत याद आया है शायद मेरी शादी का ख्याल दिल में आया है इसी लिए मम्मी ने मेरी तुम्हें चाय पे बुलाया है। कुछ लोग नेताओं को चाय पर बुलाते हैं नेता जी पूरी बारात लेकर आते हैं चाय पीने पर लाखों खर्च हुए लेकिन नेताजी जीत जाने पर कीमत चुकाते हैं अपने चाहने वाले को कुछ न कुछ बनवाते हैं। 

       चाय बदनाम हो गई है शराब से बढ़कर , चाय गर्म अच्छी लगती है ठंडी चाय पीना इक सज़ा है लोग पांच साल से प्याली लिए खड़े हैं उसने चाय डाली ही नहीं। साक़िया जम के पिला से इक बार मेरी प्यास बुझा दे। औरों को पिलाते रहते हैं और खुद प्यासे रह जाते हैं ये पीने वाले क्या जाने पैमानों पे क्या गुज़री है। दीवानों से ये मत पूछो दीवानों पे क्या गुज़री है , हां उनके दिलों से ये पूछो अरमानों पे क्या गुज़री है। मैंने भी इक शेर कहा है। प्यास बुझती नहीं कभी उनकी , दर्द समझो कभी तो प्यालों का। आप पूरी ग़ज़ल ही सुन सकते हैं काम की बात है। 

हल तलाशें सभी सवालों का - लोक सेतिया "तनहा"

हल तलाशें सभी सवालों का ,

है यही रास्ता उजालों का।


तख़्त वाले ज़रा संभल जायें ,

काफिला चल पड़ा मशालों का।


फूल भेजे हैं खुद रकीबों को ,

दे दिया है जवाब चालों का।


प्यास बुझती नहीं कभी उनकी ,

दर्द समझो कभी तो प्यालों का।


ख्वाब हम देखते रहे शब भर ,

मखमली से किसी के बालों का।


बेच डालें न देश को इक दिन ,

कुछ भरोसा नहीं दलालों का।


राज़ दिल के सभी खुले "तनहा" ,

कुछ नहीं काम दिल पे तालों का।


         चाय थी इक प्याली थी जिसने दफ्तर के बाबू को खुश कर अपना काम निकलवाया था। ये राज़ किसी ने मुझे बताया था चपरासी अधिकारी से घर से ही सही करवा लाया था। सही करना हस्ताक्षर करने को कहते हैं। चाय की कीमत भले चार आने से दस रूपये हुई हो चाय फिर भी चाय रही है कोई अहंकार नहीं पालती है। तबले बजाने वाला वाह ताज कहता था चाय की मस्ती थी सबसे कहता था। चाय की दुनिया निराली है ये जो आपके सामने चाय की प्याली है आधी भरी हुई है सरकार कहती है जनता समझती है आधी खाली है। चाय पर पहरा लगा रखा है हंगामा मचा रखा है चाय की रखवाली है कोई मक्खी चाय में गिरने नहीं देनी आपको हरदम बजानी ताली है। आपको ताली बजानी है चाय किसी और को पिलानी है ये चाय बड़ी मस्तानी है। चाय वाला सुनाता नित नई कहानी है। अपने गलास भर के चाय पी नहीं किसान लोटे की बात करते हैं चाय नहीं उसकी तस्वीर भेज दी बड़े धोखे की बात करते हैं।

    चाय का रंग कितना सच्चा है चाय अपनी बेटी है कॉफी पड़ोसी का बच्चा है। मामला ये उलझा हुआ बहुत है इक जैसे हैं अंतर बहुत है कीमत महंगी है उसकी अपनी सस्ती है। ये चाय भी गरीब की बस्ती है। चाय पीते भी हैं पिलाते भी हैं चाय को लाजवाब बताते भी हैं। चाय पर तोहमत लगाई जाती है गैस बनाती है तेज़ाब बनाती है चाय इस आरोप से घबराती है आपको बिस्कुट भी साथ खिलाती है। खाओ और सबको खिलाओ यही बात सबसे अच्छी है जो अकेला खाना चाहता है मतलबी है बात पक्की है। चाय पीकर भी नींद आने लगी है बात यही सबको डराने लगी है। चाय में जाने क्या क्या कंपनी मिलाने लगी है चाय पियोगे कम बीमार पड़ोगे स्लोगन सुनाने लगी है। बचपन की बात याद आई है मुफ्त गली गली चाय पिलाई है आज देखो क्या कमाई है। चाय और पकोड़े दो साथी हैं मिल जाएं तो बात बनती है लोग कहते हैं कोई चाय वाला है उसकी पुलिस वाले से बड़ी छनती है। चाय पर शोध अभी जारी है न जाने किसकी अबके बारी है कोई पुलिस वाला कहता है उनकी चाय कड़क होती है चीनी कम होती है कड़वी लगती है। इक फौजी भी चाय पीता है उसका बड़ा सा धातु का मग उसकी पहचान है सीमा पर खुला आसमान उसका मकान है। चाय का विस्तार बहुत है आदमी लाचार बहुत है पीकर भी कोई कहता है बेकार बहुत है। और पीनी है जवाब देना है , जी नहीं जी नहीं बस इतनी नसीब में थी मेरी सरकार बहुत है। चाय तेरा भी किरदार बहुत है इस पार ही नहीं उस पार बहुत है। किया इस चाय ने लाचार बहुत है बिन पिये लगता जीना बेकार बहुत है। और मत बोलो अब बहुत हुआ जितना कहा है यार बहुत है। चाय का खुला दरबार बहुत है अपना उसका संसार बहुत है। 
 




मई 11, 2019

POST : 1080 दूर के ढोल सुहावने लगते ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

   दूर के ढोल सुहावने लगते ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया 

       पांच साल तक हम भी सुनते रहे विदेशों में उनकी धूम मची हुई है। भारत से बाहर रहने वाले भारतीय सुना है अभी भी कायल हैं नेता जी ने कमाल किया है। बस उनका कमाल देशवासियों को ही नज़र नहीं आता। काश हम भी विदेशी चश्मा खरीद लेते और जो नहीं हुआ उसको देख सकते। हुस्न कहते हैं देखने वाले की नज़र में होता है। विदेश में किसी शानदार होटल में शराब और डिनर का लुत्फ़ लेते  वाह वाह करना उनको भी आता है जो इधर से आये शायर की शायरी सुनते हैं कभी कभी। पैसे का खेल कमाल का खेल है। सोचा इस बार बाहर रहने वाले देश वापस आकर रहना शुरू करने वाले हैं और चुनाव पर मतदान करने ज़रूर आएंगे देशभक्ति आखिर देशभक्ति है। मगर पता चला वहीं से सोशल मीडिया पर मतदान की रस्म निभा रहे हैं चुनाव आयोग को उनकी भी गिनती जोड़नी चाहिए। इस देश में उनकी सांस घुटती है सुरक्षा का कोई भरोसा नहीं भले उनको सरकारी सुरक्षा मिली हुई है और खुद भी अपने बाऊंसर रखे हुए हैं।

         नेता हैं क्योंकि पिताजी भी नेता थे। अभी अभी उनका संदेश वीडियो से मिला है। शुरआत करते हैं मेरे बच्चे विदेश में रहते हैं मैंने उनसे पूछा कौन देश का प्रधानमंत्री होना चाहिए। सबने एक साथ जवाब दिया उनको और किसको , नाम नहीं लिया मैंने क्योंकि बात किसी नेता का समर्थन या विरोध की नहीं है। नेता जी हमारे राज्य के ही नहीं यहीं के ही हैं और जिस दल का समर्थन करते हैं अपने बच्चों को वोट डालने को ज़रूर बुलवा सकते हैं कोई धन दौलत की कमी नहीं है। मगर पिता जी को जो कहा या नहीं कहा वही जानते हैं लेकिन भारत में रहने वाले दोस्तों को समझाते हैं क्या रखा है उस देश में। कौन जाना चाहता है वापस वतन को क्या है उस जगह। कहते हैं उनको राजनीति करनी है मगर सांसद विधायक बनने से अधिक महत्व कारोबारी विस्तार पर ध्यान देना ज़रूरी है। जौहरी हैं हीरों का कारोबार करते हैं और असली नकली की परख भी करना जानते हैं। बच्चों को समझ आ गया है अब भरोसा नहीं किसी का भी और जिनको समर्थन दे रहे हैं मतलब और डर के साथ बहुत कुछ लेकर उनका क्या पता कल नहीं जीत पाये तो किसी और के पास जाना भी आसान नहीं होगा। इक बहुत पुरानी बात राजनीति की याद आई है। पिता राजनेता थे और बच्चे को भी राजनीति में लाना चाहते थे। बच्चे को ऊपर छत पर खड़ा किया और खुद नीचे आकर कहा बच्चे छलांग लगा दो , बच्चा कहने लगा मुझे चोट लग सकती है। पिता जी बोले घबराओ मत मैं खड़ा हूं तुम गिरोगे तो मैं पकड़ लूंगा गिरने नहीं दूंगा। बच्चे ने विश्वास किया और कूद गया मगर नेता पिता ने पकड़ा ही नहीं। जब बच्चा रोने लगा तो नेताजी ने ने समझाया यही राजनीति का पहला सबक है , कभी किसी पर ऐतबार मत करना अपने बाप पर भी नहीं।

          बात हास्यास्पद है जो विदेश जाकर रहते हैं वो बताएंगे कौन अच्छा है। मगर ऐसे अकेले वही नहीं है बहुत सारे लोग जो महानगर में उच्च वर्गीय जीवन जीते हैं उनको नहीं मालूम गांव छोटे शहर और किसान मज़दूर गरीबी की रेखा से नीचे बदतर जीवन जीने वाले कैसे रहते हैं। महानगर की चकाचौंध रौशनी में दिखाई नहीं देता कोई गंदी बस्ती या फुटपाथ पर भी रहने को मज़बूर है। आपको आरो मिनरल वाटर मिलता है खरीद सकते हैं उनको पीने को साफ पानी भी नसीब नहीं है। विदेश में बैठ कर आई लव माय इंडिया कहना देशभक्ति नहीं है। और वो लोग जो देश में रहते हैं मगर चाहते हैं अमेरिका इंग्लैंड यूरोप जाकर रहना उनसे देश को बेहतर बनाने को बातें सुन सकते हैं कोई कोशिश नहीं करने की उम्मीद रख सकते हैं।

       बाहर विदेश रहकर देश को समझ नहीं सकते आप। अगर किसी नेता को विदेशी शोहरत पसंद है तो उसके बारे कुछ भी कहना फज़ूल है। देश में रहते हैं चाहे विदेश में पहला सवाल यही है आप खुद देश को अच्छा बनाने में क्या योगदान देते हैं। केवल अपने लिए घर बनाना परिवार का पालन पोषण करना हर कोई करता है अशिक्षित गरीब भी , आप अगर पढ़े लिखे हैं और साधन संपन्न हैं तो देश और समाज को आपको कुछ योगदान किसी भी तरह से बिना कोई स्वार्थ देना चाहिए। अगर वास्तव में ऐसा होता तो शायद नहीं यकीनन देश की हालत जैसी आज है कभी नहीं होती। बहुत सुधार हो सकता था। सबसे कमाल की बात ये है हर कोई जिस नेता को लेकर मानता है उसकी किसी बात का कोई भरोसा नहीं उसी को फिर से बनाने को मज़बूरी समझते हैं। जबकि लोकतंत्र का अर्थ ही है भरोसा होना अगर किसी पर लोग भरोसा ही नहीं करते तो उसका किसी पद पर होना ही अनुचित है। शायद इसी को कमाल करना कहते हैं जिसका भरोसा नहीं उसी पर विश्वास कर छत से छलांग लगाने का इरादा है। शोर दूर से अच्छा लगता है पास आने पर कुछ भी सुनाई नहीं देता , इतनी दूर से सच दिखाई नहीं देता।

POST : 1079 मेरी भी कहानी है ( विमर्श ) डॉ लोक सेतिया

       मेरी भी कहानी है ( विमर्श ) डॉ लोक सेतिया 

         कहानी तो सबकी होती ही है और सबकी कहानी बाकी लोगों से थोड़ी अलग भी और कुछ कुछ मिलती जुलती सी भी हुआ करती है। कई बार कोई अपनी बात बताता है तो लगता है यही कभी मेरे साथ भी बीत चुका है। साहित्य जिस भी विधा में लिखा हुआ हो जब पाठक को कविता ग़ज़ल कहानी खुद के साथ जुड़ी हुई लगती है तभी लोगों को पसंद आती है और याद रहती है हमेशा। हम कोई उपन्यास पढ़ते हैं फिल्म देखते हैं या कोई रचना पढ़ते हैं और उसके किरदार को खुद से जुड़ा महसूस करते हैं तब भीतर दिल से अपने जीवन के अतीत में खो जाते हैं। मुझे कई बार कुछ गीत सुनकर लगता है जैसे मेरी वास्तविकता है या किसी फ़िल्मी किरदार में अपनी छवि देखते हैं। अपने सोचा है कोई गीत आप बार बार सुनना चाहते हैं फिल्म बार बार देखना चाहते है कहानी के डॉयलॉग आपको कभी नहीं भूलते हैं ऐसा केवल पसंद होने से नहीं होता है कोई नाता कहीं जोड़ता है। हम जो किसी को समझा नहीं सकते बताना कठिन होता है या बताना चाहते नहीं उस को ऐसे देख कर पढ़कर लगता है कोई राज़दार मिल गया है। कला आपको अच्छा इंसान भी बनाती है और हर हालात में जीना भी सिखलाती है। मानवीय संवेदना होना ही जीना है और संवेदन शून्य लोग भावना को नहीं समझने वाले पत्थर जैसे होते हैं। पत्थर से आपको कोई संवेदना नहीं मिलती है इसलिए इंसान की इंसानियत उसको पत्थर नहीं होने देती। 

              बच्चों को मां दादी नानी कहानियां सुनाया करती थी रात को परियों की सितारों की चांदनी की फूलों की नगरी की। स्कूल की शिक्षा से कम सोचने की समझने की शक्ति को विकसित नहीं करती थी। आपको सपने देखना ही नहीं सपने बुनना भी आता है तो सपने सच करने की ऊर्जा भी होती है। कभी जब भी जीवन में निराशा छाने लगती है तब अपने पुराने ख्वाबों में खो जाना आपको साहस देता है। डायरी लिखना अच्छी आदत हुआ करती थी जो शायद खो गई है सोशल मीडिया आपको वो एहसास नहीं दे सकता है। आप अपने आप से संवाद करना छोड़ कर खुद से अजनबी हो जाते हैं। ऐसा भी होता है कोई कभी आपको आपके साथ मिलवाता है कोई व्यक्ति दोस्त या कोई घटना या कोई कहानी फ़साना कुछ भी हो सकता है। आप इतनी बड़ी दुनिया में हज़ारों लोगों से पहचान कर सकते हैं मगर फिर भी अकेलापन लगता है तो आपको अपने आप से मुलाकात करनी ज़रूरी है। ये अचरज की बात है हम तमाम लोगों के बारे सब कुछ जानते हैं और जो नहीं जानते मालूम करने को उत्सुक रहते हैं पर खुद को लेकर नहीं सोचते कि हम क्या हैं कैसे हैं क्यों हैं। सोचो औरों की ही तरह मेरी भी इक अपनी कहानी है। आपकी कहानी जो भी हो बहुत अच्छी है और सच्ची है जिस में कोई काल्पनिक बात नहीं है। 

 

मई 10, 2019

POST : 1078 कथा शैतान की ( व्यंग्य-कथा ) डॉ लोक सेतिया

        कथा शैतान की ( व्यंग्य-कथा ) डॉ लोक सेतिया 

पूर्वकथन :  -  ये कथा उस वक़्त की है जब दुनिया बनाई जा रही थी । आदमी पशु पक्षी जानवर के बाद जब शैतान बनाने की बारी आई तब लेखक भी खड़ा था । मगर दुनिया बनाने वाले का आदेश था कि ये कथा सुनानी नहीं है मुंह बंद रखना है आज लिख रहा हूं क्योंकि कोई सुनता नहीं समझेगा भी नहीं विश्वास भी नहीं करेगा यही निर्देश मिला था जब ऐसा समय आएगा तभी लिखना बेशक कोई ऐतबार करे नहीं करे पढ़े नहीं पढ़े । कथा शुरू करते हैं । 

          इंसान जानवर पशु पक्षी कीड़े मकौड़े जाने कितना कुछ बनाते गए कोई कुछ नहीं बोला । सबको अपनी पहचान उचित लगी थी । मगर जब शैतान बनाने लगे तो उस को पसंद नहीं आया अपना रंग रूप और सबसे अलग नज़र आना । हाथ जोड़ बोला हे दुनिया बनाने वाले इस तरह सब देखते समझ लेंगे मैं बुरा नहीं बेहद बुरा हूं कोई पास रहने नहीं देगा मेरा जीना दूभर हो जाएगा । दयालु हैं उनको दया आई और पूछा फिर किस तरह से शक्ल सूरत बनाई जा सकती है । उसने कहा आप मुझमें शैतान की सब बातें शामिल कर दो मगर मुझे रहना इंसानों के साथ ही है जानवर पशु पक्षी से अलग मुझे उन्हीं जैसा इंसान बना दो । सबको बता दो शैतान क्या है शैतानियत किसे कहते हैं लोग समझदार हैं सबको दिमाग मिला है समझ लेंगे । शैतान की बातों में ऊपर वाला भी आ गया था हम आप क्या हैं । ऊपर वाले ने हर दसवां इंसान शैतान बनाया जो दस नंबरी कहलाया । दस नंबर का जूता हर किसी को फिट नहीं आया जिसने भी पहना घबराया बचकर भाग आया । 

      शैतान की पहचान आसान नहीं थी , उसकी कोई भाषा कोई ज़ुबान नहीं थी , रंग बदलने में महारत हासिल थी । शैतान हर घर हर गांव रहता है खुद को अच्छा औरों को शैतान कहता है शिक्षक समझता है ये कुछ कच्चा है हर बच्चा लगता शैतान का बच्चा है । शैतान की खुद अपनी पढ़ाई है शैतान कोई नहीं है इंसान का भाई है , उसका सब कुछ है उसकी चतुराई है । दुनिया भर की सरकार शैतान की बनाई है हर जगह किसी शैतान की शैतान से लड़ाई है । शैतान खुद नहीं जंग कभी लड़ता है उसके इशारे पर इंसान लड़ा करता है । जिस तरफ देखो हुकूमत शैतान की है ख़ामोशी छाई है आहट तूफ़ान की है । सब जानते हैं पुरानी कहानी है बिल्ली है जो वही शेर की नानी है । शैतान की भी इक नानी है राजनीति की बुढ़िया कितनी पुरानी है , मरती नहीं मरने नहीं देती है ये इक जिस्मफरोश है जवां थी रहेगी रहती है । अभी सोलह बरस की खुद को कहती है । कभी जिस जगह दूध की नदियां बहती थीं अब लहू की धारा दिखाई देती है , आदमी बेसहारा है हैवान सभी का दुलारा है उसने कुछ ऐसे मौत के घाट ज़िंदगी को उतारा है , जिधर भंवर है लगता किनारा है ।

          हर दिल शैतान का बना बसेरा है बेकार का लफड़ा है क्या तेरा है क्या मेरा है । ये दुनिया समझ लो इक रैन बसेरा है चल उड़ जा रे पंछी ये देश बेगाना है । कलयुग क्या है शैतान का आशियाना है इंसान का नहीं कोई भी ठिकाना है , ये उसी की बस्ती है किस्सा पुराना है । शैतान कहता है बदलने वाला है ये बात कुछ नहीं बस इक बहाना है । शैतान ने कोई तीर अपना चलाना है । शैतान है पैसा शैतान है ताकत भी शैतान का महल है दौलतखाना है । शैतान सबको लगता मगर अपना है शैतान बन जाने का हर किसी का सपना है । क्या तुमने भी हाथ उससे मिलाया है शराफत खोई है कुछ भी नहीं पाया है । शैतान की महिमा का गुणगान जिस किसी ने गाया है मत पूछो किस तरह ऊपर फिर पहुंचाया है । बात खत्म करने से पहले इक गुज़ारिश है । मेरी इक पुरानी ग़ज़ल को सुन कर विचार करना । 

       ग़ज़ल - डॉ लोक सेतिया 

फिर कोई कारवां बनायें हम
या कोई बज़्म ही सजायें हम ।

छेड़ने को नई सी धुन कोई
साज़ पर उंगलियां चलायें हम ।

आमदो रफ्त होगी लोगों की
आओ इक रास्ता बनायें हम ।

ये जो पत्थर बरस गये  इतने
क्यों न मिल कर इन्हें हटायें हम ।

है अगर मोतिओं की हमको तलाश
गहरे सागर में डूब जायें  हम ।

दर बदर करके दिल से शैतां को
इस मकां में खुदा बसायें  हम ।

हुस्न में कम नहीं हैं कांटे भी
कैक्टस सहन में सजायें  हम ।

हम जहाँ से चले वहीँ पहुंचे
अपनी मंजिल यहीं बनायें हम । 

  दुनिया बनाने वाले ने तरह तरह की कथाएं कहानियां बनाई हैं । कथा शैतान की भी बिना उसके चाहने से नहीं लिखी जा सकती थी । उसकी इच्छा बिना पत्ता भी नहीं हिलता है । शैतान को अपनी दुनिया से भगाना है इंसान को फिर से इंसान बनाना है । उपाय कठिन नहीं बताता हूं ये कथा ध्यान से सुना करो हर दिन सुनाता हूं । कथा बाकी है पर अभी जाता हूं उस शैतान ने इसी तरफ अभी आना है मुझे जाने दो अब मुझे जाना है ।

शैतान पहली बार अय्यूब को लुभाता है (उसके मवेशी चुरा लिए जाते हैं और उसके  बच्चों के ऊपर विपत्ति टूटती है) | राज्य के अवरोहण का सुसमाचार


मई 09, 2019

POST : 1077 फ़िदा हैं दर्शक खलनायक पर ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

     फ़िदा हैं दर्शक खलनायक पर ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया 


             बंदूक तलवार किसी के हाथ होती है लोग सुरक्षित महसूस करते हैं। क्योंकि जिस के पास हथियार है औरों को भरोसा दिलवाता है सुरक्षित हैं आप मैं आपकी सुरक्षा करता हूं। हथियार जिस के पास है आपको डर दिखलाता है दहशत पैदा करता है और खुश है लोग उसके सामने झुकते हैं सत्ता से धन की ताकत से या जिस्मानी ताकत की गुंडई से घबराकर।  कोई औज़ार से निर्माण करता है कोई औज़ार से विधवंस करता है। जिसने बनाया उसको बहुत कुछ सोचना पड़ा समय लगा और कठिनाईयां पेश आईं मगर जिसने अवसर मिलते ही बनाने की नहीं मिटाने की बात की उसको कुछ भी नहीं समझना पड़ा कुछ भी नहीं सोचा बस हाथ में सत्ता पैसा अधिकार आया तो मनमानी करने लगे। विचार हमने करना है किसको पसंद करते हैं नफरत को या मुहब्बत को। इतिहास गवाह है नफरत करने वाले धन दौलत सत्ता का अंबार जमा करने के बाद भी नायक नहीं खलनायक ही बन पाए हैं। मुहब्बत और प्यार करने वाले ज़िंदा नहीं रहे तब भी दिलों में बसे रहते हैं नायक कहलाये हैं। 
             जब लोग खलनायक को नायक समझने की भूल करते हैं तो रावण कंस हिरण्यकश्यप जैसे लोग होते हैं जो आखिर में अधर्म और झूठ की पर्याय बन जाते हैं।  ये कैसा निज़ाम है जिस में जब भी बात होती है निराशाजनक हालात की बात होती है। आशा जगाना नहीं आता बस हर किसी को बदनाम करना आदत है और सबको अंधा साबित कर खुद काना होने को अच्छा होना बतलाता है और सब पर हुक्म चलाता है। देश की रोटी पानी रोज़गार शिक्षा स्वस्थ्य की हालत नहीं बदलता केवल बड़ी बड़ी चांद सितारों की कहानियां सुना कर बहलाता है। इतिहास को झूठा खुद को सच्चा बताता है और जितने भी महान नायक हुए सबको खलनायक बताता है। अच्छाई से उसका इतना नाता है उसके दल में शामिल होकर पापी भी धर्मात्मा कहलाता है। इक नई रीत चलाई है परदे पीछे दुश्मन है सामने भाई भाई है। 


रंक भी राजा भी तेरे शहर में ,
मैं कहूं यह  बात तो किस बहर में।

नाव तूफां से जो टकराती रही ,
वो किनारे जा के डूबी लहर में।

ज़ालिमों के हाथ में इंसाफ है ,
रोक रोने पर भी है अब कहर में।

मर के भी देते हैं सब उसको दुआ ,
जाने कैसा है मज़ा उस ज़हर में।

क्या भरोसा आप पर "तनहा" करें ,
आप जाते हो बदल इक  पहर में। 

  अगर आप शराफ़त पसंद हैं तो किसी मुगालते में मत रहिये। कल रात टीवी पर रियलिटी शो में ये भी सामने आया कि आधुनिक नारी को विवाह करने को वही पुरुष बेहतर लगते हैं जो आवारा किस्म के होते हैं। शराफत अली को शराफत ने मारा , किसी को किसी की मुहब्बत ने मारा , किसी को किसी की अदावत ने मारा। शरीफ लड़के किसी लड़की से मुहब्बत का इज़हार करते डरते हैं कि कहीं लड़की बुरा नहीं मान जाये अब अगर शादी करने को भी शरीफ उनकी पसंद नहीं हैं तो बेचारे शरीफ लोग किधर जाएंगे। लेकिन इसको हम कोई देश की समस्या नहीं मान सकते हैं। समस्या है जब लोग देश की राजनीति से लेकर तमाम अपने समाज के विशेष कहलाने वाले वर्ग को लेकर यही सोच रखने लगते हैं। खलनायक इस युग के नायक बन गये हैं और नायक हास्य कलाकार भी नहीं क्योंकि खलनायक अपना किरदार निभाते हैं तो लोग उनकी हर बात पर हंसते हैं तालियां बजाते हैं। बात रोने की लगे फिर भी हंसा जाता है यूं भी हालात से समझौता किया जाता है। क्या कमाल है नेताजी खलनायकी भी करते हैं और लोग उनकी भाषा बदज़ुबानी झूठ पर झूठ को देख कर भी अनदेखा करते हैं। खलनायक की गाली भी ताली बजवाती है। अजब आशिक़ी है जो दवा के नाम पे ज़हर से उसी चारागर ( डॉक्टर ) की तलाश है। ज़हर इतना मीठा लगता है कभी सोचा नहीं था।

          किसी फ़िल्मी नायक की असली ज़िंदगी और फ़िल्मी किरदार की बात विपरीत होना और बात है। फिल्म की कहानी डयलॉग कोई लिखता है अभिनेता अभिनय करता है , अभिनय को सच समझने की भूल हो जाती है भोली जनता उसकी बेबसी पर आंसू बहाती है। वास्तविक जीवन में उसका किरदार उल्टा है सती सावित्री बनी थी कुल्टा है। घर किसी का बर्बाद कर खुद घर बसाया है शादीशुदा उसके मन भाया है , लो उसने भी दूजा ब्याह रचाया है पहली को नहीं छोड़ा इक और को लाया है। ये कोई इश्क़ की कहानी नहीं है किस किस से रिश्ता बनाया उसका कोई सानी नहीं है। हम जानते हैं अनजान बन जाते हैं ऐसे लोगों को सांसद भी बनाते हैं। बबूल बोने वाले क्या आम खाते हैं। धन दौलत के जितने पुजारी हैं हमने उनको भगवान समझा है। ऊपर को बहती है ये ऐसी गंगा है।

           सब के घर आरओ लगाने की बात करते हैं बिना नल पानी की बात करते हैं। बताओ कोई बड़ा बदलाव शिक्षा स्वास्थ्य गरीबी लोगों की ज़िंदगी में लाया है। हरदम वही राग बेसुरा सुनाया है किसी ने पहले कुछ भी नहीं बनाया है वही है जो सबको जो नहीं किया दिखाया है। ये कैसा मसीहा बनकर कोई आया है अपनी बातों से हमको उल्लू बनाया है वादा किया कोई सच कर दिखाया है। खलनायक सबको बहाने लगे हैं खुद अपने कातिल को घर बुलाने लगे हैं। लोग गाते गाते रोने लगे हैं रुलाने वाले मुस्कराने लगे हैं। खज़ाना किसी को चुराने न देगा अब किसी को भी खाने न देगा कहा था मगर आधा सच बताया था , ये नहीं कहा था खुद मज़े उड़ाएगा अपने आप पर सब कुछ उड़ाएगा , जिस में बाकी सब को कुछ नहीं मिलेगा वही नाचेगा झूमेगा गाएगा , गरीबी की बात करता रहेगा रईसी की ज़िंदगी जिएगा नया दौर लाएगा हर कोई इक दिन पछताएगा। तेरे वादे पे ऐतबार किया ये गुनाह हमने बार बार किया। कोई फ़िल्मी गाना सुना रहा है। मुझे मार कर बेशर्म खा गया , मगर आप तो ज़िंदा हैं। ये जीना भी कोई जीना है लल्लू। डबल रोल देखे हैं कितने फ़िल्मी कहानियों में ये किरदार पहला है जिसके रंग जितने हैं सब नकली हैं पहली बारिश में ये रंग उतर जाते हैं। सत्ता के शिखर की यही कहानी है उस पर चढ़ते ही आदमी की अच्छाई सच्चाई और शराफत किसी पुराने लिबास की तरह उतार कर फेंक दी जाती है और भीतर की हर ख्वाहिश बाहर निकल आती है। रहम राजनीति किसी पर नहीं खाती है। कोई नशा सा है छा गया है परदे पर खलनायक समझा गया है कलयुग को सतयुग नाम देना पड़ेगा , राम नाम छोड़ जपना मेरा नाम लेना पड़ेगा। आपकी यही मज़बूरी है ये नियम नया है सब पर लागू है विकल्पहीनता है ज़रूरी है।

       अपने देखा है भूल गए हैं खलनायक जिस जिस युग हुए हैं कहनी खत्म होती तभी है आखिरी भाग में आग ही आग जंग ही जंग दौड़ भाग और सब विनाश दिखाई देता है। मुहब्बत की कहानी का ये अंजाम क्यों है शराफत हुई इतनी बदनाम क्यों है। किसी को भी सच की नहीं होती पहचान क्यों है , इस मुल्क में हर कोई परेशान क्यों है। आगाज़ अच्छा था जो भी था ये अंजाम क्यों है।

मई 08, 2019

POST : 1076 आधुनिक काल की अनीति कथाएं ( मंथन ) डॉ लोक सेतिया

   आधुनिक काल की अनीति कथाएं ( मंथन ) डॉ लोक सेतिया 

                   (  पहली लोक कथा - तू पी तू पी - आधुनिक संस्करण  )

राजस्थानी लोक कथा है कभी इक हिरणों का जोड़ा मर जाता है खुद पानी नहीं पीता ताकि दूसरे की प्यास बुझ सके। बचपन की सखियां बूढ़ी होकर देखती हैं उसी तरह का दृश्य मगर हुआ ये होता है कि हिरणों का जोड़ा मर तो गया है मगर लड़ते हुए ताकि पानी खुद पीकर ज़िंदा रहे। आधुनिक काल में कभी संबंध बनाये थे और साथ सब करते रहे मगर सालों बाद लगने लगा कि तब मेरे साथ छेड़छाड़ की गई थी और मीटू की कितनी कहानियां सुनाई देने लगी हैं। आजकल प्यार मुहब्बत दिल की भावना से नहीं बहुत कुछ और देख कर किया जाता है होता नहीं है। सुंदरता धन दौलत नौकरी ऐशो आराम को देख कर आशिक़ी नहीं कारोबार किया जाता है। 

               ( दूसरी नीति कथा - धरती का रस - आधुनिक संस्करण )

  पुरानी कथा में राजा रास्ता भटक जाता है सैनिकों से बिछुड़ जाता है। गर्मी धूप लू में प्यासा इक खेत में बनी झौंपड़ी में बुढ़िया पास जाकर पानी पिलाने को कहता है। बुढ़िया को दया आती है और पानी की जगह गन्ने का रस निकाल कर पिला देती है। राजा को पता चलता है किसान की मां खुशहाल है उस पर थोड़ा कर और लगाया जाये तो खज़ाना भर सकता है। कुछ देर बाद फिर से राजा गन्ने का रस पीना चाहता है मगर तब एक गन्ने की जगह चार गन्ने से गिलास भरता है तो राजा अचरज में पढ़कर सवाल करता है इतनी देर में ऐसा क्या हुआ है। बुढ़िया बतलाती है ये तो होता है जब शासक को लालच आता है तो धरती का रस सूखने लगता है। अधिनिक काल का शासक वही करता है अपने आप पर धन बर्बाद करने को जनता पर करों का बोझ बढ़ाता जाता है। लोग बेबस भूखे हैं उसको कोई बदहाली नज़र नहीं आती है। विनाश को विकास कहते हैं और जीना दुश्वार हो गया है। 

           ( तीसरी नीति कथा - इंसाफ का तराज़ू - आधुनिक संस्करण )

 दो लोग साथ साथ एक समय होते हैं। एक के मन में दूसरे के लिए रंजिश रहती है उसको नीचा दिखाना चाहता है। ऐसे में उस पर किसी अपराध का झूठा आरोप लगाया जाता है , वो जानता है कि उसने कोई अपराध किया ही नहीं उसके साथ था जब की घटना है। मगर बदले की भावना से सबके साथ आरोप लगाने में शामिल हो जाता है। मुंसिफ की अदालत में गवाही देता है उसको अपराधी साबित करने की। न्यायधीश को लगता है कि जो अपराध हुआ अकेले कोई नहीं कर सकता और कोई साथी शामिल ज़रूर होगा। कोतवाल को जांच करने को निर्देश देते हैं कि ख़ुफ़िया तौर पर निष्पक्ष जांच कर पता लगाओ तब कोई इसके साथ था। और कोतवाल जानकारी हासिल करता तो उन दोनों के एक साथ होने का पता चलता है। न्याय करने वाला न्याय करता है कि जब ये उस समय उस जगह था ही नहीं तो अपराध कर ही नहीं सकता बेगुनाह है। मगर जो बदले की भावना से रंजिश की खातिर आरोप लगाता है और जानता था कि उसने गुनाह किया ही नहीं उसको झूठी गवाही और निर्दोष को सज़ा दिलवाने की कोशिश करने पर सज़ा मिलती है। 
 
     आधुनिक काल में यही राजनीती में बार बार होता है किसी पर आरोप लगाने का सबूत होने की बात करते हैं मगर सत्ता मिलने पर निकलता कुछ भी नहीं और झूठे आरोप लगाने वाले को कोई सज़ा नहीं मिलती है। इंसाफ का तराज़ू कभी देखना अदालत में हिलता नहीं है भले किसी पलड़े में कितना झूठ और दूसरे में कितना सच रख दिया जाये। गवाही सबूत और मुंसिफ सब की आंखों पर स्वार्थ की पट्टी बंधी हुई है। आये दिन इंसाफ का कत्ल किया जाता है बेगुनाह को सूली चढ़ाते हैं और गुनहगार छूट जाते हैं। न्यायधीश जानते हैं अन्याय को न्याय का नाम दिया जा रहा है। 

निष्कर्ष :-

हमारी पुरानी लोक कथाओं और नीति कथाओं में जीवन की समस्याओं का समाधान भी है और मार्गदर्शन भी। लेकिन हमने समझना तो क्या पढ़ना भी छोड़ दिया है और किसी कोल्हू के बैल की तरह उसी दायरे में घूमते रहते हैं। इक अंधे कुंआ के कैदी की तरह भीतर शोर करते हैं आज़ादी चाहिए रौशनी चाहिए। कैफ़ी आज़मी की नज़्म की तरह। बाहर निकलते ही फिर कुंआं में छलांग लगा देते हैं।



मई 07, 2019

POST : 1075 लिक्खा मिटाना और फिर लिखाना ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

  लिक्खा मिटाना और फिर लिखाना ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया 

    बात अपने से शुरू करते हैं क्योंकि खैरात घर से शुरू करनी होती है। हर भिखारी कटोरे में पहला सिक्का खुद अपना डालता है तब अगले घर खनखनाहट होती है। सब लिखने वाले लिखते हैं तो मुझे भी लिखना होगा कि लिखने को जाने कितनों ने लिखा मगर जैसा मैंने सोचा पहले किसी ने उस तरह नहीं सोच कर लिखा। जब जाने माने मशहूर लोग पुरानी किताबों से चुराकर कुछ अपना बनाकर लिखते हैं तो यही करते हैं। आज मैंने कबीर रहीम से लेकर ग़ालिब मीर ज़फर तक की लिखी बातें अपने ढंग से लिखनी हैं और कोई मेरा कुछ नहीं बिगड़ सकता है। 

         वो खत के पुर्ज़े उड़ा रहा था हवाओं का रुख बता रहा था। कुछ और भी हो गया नुमाया मैं अपना लिखा मिटा रहा था। सब उड़ाया हुआ है। कल कोई इतिहास समझा रहा था सबकी खिल्ली उड़ा रहा था। जाने रो रहा था या गा रहा था खुद ही ताली बजा रहा था। बुरा जो देखन मैं चला को इस तरह पढ़ रहा था पढ़वा रहा था। भला जो खोजन मैं चला भला हुआ नहीं कोय , तुम सब मुझको देख लो मुझसे भला ना कोय। रहिमन हीरा कब कहे इस तरह सुना रहा है। बड़े बढ़ाई खुद करें बोलें बड़बोले बोल , मैं हीरा इतिहास का देखो मुझको तोल। अपना इक शेर भी याद आया है लिखने में बुरा क्या है। अनमोल रखकर नाम खुद बिकने चले बाज़ार में , देखो हमारे दौर की कैसी कहावत बन गई। गोविंदा फिल्म वाला धर्म वाला नहीं दावा करने की ज़रूरत नहीं थी फिल्म ही थी , क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता और पहला मुकदमा झूठ को सच साबित कर जीत लेता है इतिहास वहीं से लिखा जाना चाहिए। आत्मविश्वास की बात है कि किसी और के बंगले को अपना बनाकर इक अमीर वकील जिसकी शोहरत है की लड़की से शादी करने का इरादा बनाता है और नायक है तो सब मुमकिन है। आजकल यही कहते हैं सब मुमकिन है। गाली देना भी बड़े होने की निशानी है अब लगता है और अपने से पहले जो हुए थे सबको बुरा बताकर खुद को अच्छा साबित करना चाहता है। जो नहीं हैं उनकी बुराई नहीं करते की संस्कृति और परंपरा को लात मार कर सबकी कमीज़ पर छींटे डाल बताता है मेरी कमीज़ उसकी कमीज़ से सफ़ेद है ये डिटरजेंट का सवाल नहीं है इतिहास का पन्ना है लिखना है भारत रत्न नहीं जो उसको उचित लगता है वही लिखो , गाली देने वाले को नहीं उसके खानदान को खराब बताना है। अपने खानदान की बात शोले फिल्म की तरह जैसे पता चलती है बता देंगे। मगर मौसी जी कोई बुराई नहीं है मेरे दोस्त में। 

       हर लड़की उस दौर में गुज़रती है जब खुद से खूबसूरत कोई नहीं लगती है। जनाब भी उसी दशा में हैं मैं मैं मैं बस मैं मैं मैं। सबसे सुंदर सबसे अच्छा सबसे महंगा मैं हूं , ये तो सच है महंगा तो बहुत साबित हुआ है ये सभी को। कभी कभी कोई सामान इतना महंगा होता है कि लगता है कीमत जितनी है उतने काम का नहीं है। फिर भी महंगी चीज़ों की सजावट अमीरी का दिखावा करने को ज़रूरी है। मुझे कोई तीस लाख सालाना कमाने वाला समझा रहा था कि अमीर को और अमीर बनाना गरीब की भलाई है , अमीर दो चार सिक्के उछलेगा तो गरीब दौड़कर उठा सकता है। समानता की बात फज़ूल की सोच है पुरानी है। नल का नहीं नदिया का नहीं मिनरल वाटर और आरओ का पानी है। कोई ग़ज़ल सुनाओ लोग ऊबने लगे हैं। 

लिखी फिर किसी ने कहानी वही है ,
मुहब्बत की हर इक निशानी वही है।

सियासत में देखा अजब ये तमाशा ,
नया राज है और रानी वही है।

हमारे जहां में नहीं कुछ भी बदला ,
वही चोर , चोरों की नानी वही है।

जुदा हम न होंगे जुदा तुम न होना ,
हमारे दिलों ने भी ठानी वही है।

कहां छोड़ आये हो तुम ज़िंदगी को ,
बुला लो उसे ज़िंदगानी वही है।

खुदा से ही मांगो अगर मांगना है ,
भरे सब की झोली जो दानी वही है।

घटा जम के बरसी , मगर प्यास बाकी ,
बुझाता नहीं प्यास , पानी वही है।

हां हम भी अपनी कहानी लिखेंगे और जहां प्यास लिखना हो पानी लिखेंगे। आपने जितने सितम ढाये हैं उनको आपकी मेहरबानी लिखेंगे। चलो इक ग़ज़ल और भी अपनी सुनाता हूं। 

अब सुना कोई कहानी फिर उसी अंदाज़ में ,
आज कैसे कह दिया सब कुछ यहां आगाज़ में।

आप कहना चाहते कुछ और थे महफ़िल में ,पर ,
बात शायद और कुछ आई नज़र आवाज़ में।

कह रहे थे आसमां के पार सारे जाएंगे ,
रह गई फिर क्यों कमी दुनिया तेरी परवाज़ में।

दे रहे अपनी कसम रखना छुपा कर बात को ,
क्यों नहीं रखते यकीं कुछ लोग अब हमराज़ में।

लोग कोई धुन नई सुनने को आये थे यहां ,
आपने लेकिन निकाली धुन वही फिर साज़ में।

देखते हम भी रहे हैं सब अदाएं आपकी ,
पर लुटा पाये नहीं अपना सभी कुछ नाज़ में।

तुम बता दो बात "तनहा" आज दिल की खोलकर ,
मत छिपाओ बात ऐसे ज़िंदगी की राज़ में।  

बात निकलेगी तो किस तरफ जाएगी नहीं मालूम। इस देश में हर मुजरिम को भरोसा है अदालत पर। सब बरी हो जाते हैं ख़ुशी मनाते हैं। कत्ल हुआ था कातिल कोई नहीं , ये कमाल का इंसाफ है। बेगुनाही की सज़ा मिलती है गुनहगार होना कोई खराबी नहीं है। आरोप लगते रहते हैं और क्लीन चिट बंटती रहती हैं आपको भी मिल जाएगी जब ज़रूरत होगी। बात को विराम देते हैं इस बहुत पुरानी ग़ज़ल के साथ। 

बहती इंसाफ की हर ओर यहां गंगा है ,

जो नहाये न कभी इसमें वही चंगा है।

वह अगर लाठियां बरसायें तो कानून है ये ,

हाथ अगर उसका छुएं आप तो वो दंगा है।

महकमा आप कोई जा के  कभी तो देखें ,

जो भी है शख्स उस हम्माम में वो नंगा है।

ये स्याही के हैं धब्बे जो लगे उस पर ,

दामन इंसाफ का या खून से यूँ रंगा है।

आईना उनको दिखाना तो है उनकी तौहीन ,

और सच बोलें तो हो जाता वहां पंगा है।

उसमें आईन नहीं फिर भी सुरक्षित शायद ,

उस इमारत पे हमारा है वो जो झंडा है।

उसको सच बोलने की कोई सज़ा हो तजवीज़ ,

"लोक" राजा को वो कहता है निपट नंगा है।