मार्च 31, 2018

POST : 755 सबको करोड़पति बनाएगा गुलाबी धन ( तरकश ) लोक सेतिया -भाग 2

सबको करोड़पति बनाएगा गुलाबी धन ( तरकश ) लोक सेतिया 

                    सुनहरे रंग के चेक     {  भाग 2  }

  अच्छे दिन आने वाले थे और आये भी मगर उन्हीं के अच्छे दिन आये जिनकी किस्मत अच्छी थी। कुछ लोग ज़मीन से सीधे आसमान में पहुंच गए। कोई काबलियत नहीं कोई जनता से मतलब भी नहीं बस एक ही आधार था किसी व्यक्ति और उससे ही संबंधित संस्था का सदस्य होना। बाकी कोई भी सत्ता पर आसीन व्यक्ति को भरोसे के काबिल नहीं लगा। जो परिवारवाद को बुरा बताते थे उनको अपने घर से बाहर का कोई भी पसंद नहीं आया देश के सब बड़े बड़े पदों पर और राज्यों की सत्ता   पर बिठाने को। कठपुतलियां चुन चुन कर देश के संविधान और जनतंत्र को भुला दिया गया। इससे अच्छे दिन उनके कैसे हो सकते थे। नसीब बदलता है यही होता है। जनता की बदनसीबी कभी खत्म ही नहीं होती। जनता किसी शायर की ग़ज़ल का इक शेर दोहरा सकती है। 
 

    " तो इस तलाश का अंजाम भी वही निकला , मैं देवता जिसे समझा था आदमी निकला "।

 
लेकिन आप निराश नहीं हों , आखिर उनको याद आ ही गया है कि फिर से जनादेश लेने का समय अगले ही साल आने वाला है। अच्छे दिन की हांडी काठ की दोबारा नहीं चढ़ाई जा सकती। ऐसे में जनता को ही लालच देकर बहलाया फुसलाया जा सकता है और तीन साल और मांगे जा सकते हैं उन सब कामों के लिए जिनको पांच साल में पूरा करना था मगर शुरुआत तक नहीं हुई बल्कि ऐसे बुरे दिन आये हैं कि पहले वाले दिन भी लगता है ऐसे बुरे तो नहीं थे। इस बार अच्छे नहीं सुनहरे दिन लाने की बात की जा रही है और उन सुनहरे दिनों के सपने पर यकीन दिलवाने को करोड़ करोड़ रूपये का सुनहरी चमक वाला चेक सभी को तीन साल बाद भुगतान की तारीख डालकर बांटने की योजना है। 
 
           आप खुश हो सकते हैं कि अभी तक जनता का वोट शराब की बोतल या साड़ी और थोड़े नकद पैसों से खरीदते थे नेता अब उसी को और ढंग से किया जायगा ऊंचे दाम देने का वादा कर के। जिन लोगों के करोड़ों नए बैंक खाते खुलवाए गए थे और बाद में आधारहीन तरीके से उनको आधार देते रहे फिर उन्हीं पर ये आरोप भी उछालते रहे कि गरीबों के खातों में काला धन हो सकता है। ऐसे में वही लोग फिर से झांसे में आसानी से नहीं आने वाले और भारतीय रिज़र्व बैंक की लिखी इबारत पर विश्वास नहीं करेंगे ये समझ कर सुनहरे चेक विश्व बैंक एयर आईएमएफ से प्रमाणित होंगे। 
 
          जाल बुना जा चुका है और बिछाने की तैयारी है। कल सुबह पहली अप्रैल को नई योजना की घोषणा करने पर मंथन चल रहा है। कोई कह रहा है यही अवसर है ताकि बाद में कोई कुछ बोल भी नहीं सकेगा जब समझेगा कि अप्रैल फूल बनाया गया था। लोग मूर्ख बनते रहे हैं मगर कभी खुद को मूर्ख बनाने की बात मानते नहीं हैं। मगर दूसरे कुछ कहते हैं ऐसा करने पर लोग नहीं फंसे तो खुद हम ही फूल बन जायेंगे चुनाव में। और तीन साल गुज़रते पता नहीं चलता कुर्सी के मद में लेकिन किसी तरह लोग फिर से बहक भी गए लोभ में तब भी तीन साल बाद चेक का भुगतान कौन करेगा कैसे करेगा। जाल बुनने वाला मुस्कुराते हुए समझाता है यही तो राजनीति में चुनावी रणनीति होती है। अभी चुनाव जीतना लक्ष्य है आगे की बाद में देखते हैं। इतना चमकीला चेक वो भी करोड़ रूपये लिखा हुआ अच्छे अच्छों की मति मारी जाती है। पंछी दाना चुगने आएगा और जाल में फंस छटपटायेगा फिर पिंजरे में खैर मनाएगा। भोलेनाथ का बंदा कभी नहीं समझ पायेगा कि भविष्य क्या क्या नहीं दिखलायेगा। तीन साल तक संभाल कर रखेगा मगर ये सपने में भी नहीं सोच पायेगा कि जिस दिन भुगतान लेने को बैंक में जमा कराएगा बैंक अधिकारी ध्यान दिलवाएगा। किसी के हस्ताक्षर तो हैं ही नहीं चेक पर सुनकर घबराएगा। तब गलियों में शोर मचाएगा और सरकार की शरण में आएगा। सरकार बहलायेंगे कि गलती से खाता नंबर और हस्ताक्षर अंकित नहीं हुए मगर भूलसुधार किया जा सकता है। अपने चेक इक ख़ास ऐप पर बदल सकते हैं और नया सुनहरी चेक ऑनलाइन निकलवा सकते हैं। लोग सरकार की बात मान जायेंगे और जब नया चेक मिलेगा तो चकरायेंगे कि उस पर कई और साल बाद ब्याज सहित भुगतान की शर्त पाएंगे और उसे पहले ही स्वीकार कर लिया था भी पढ़कर सब जान जाएंगे। भागते चोर की लंगोटी को घर लेकर आएंगे और अपने वारिसों के नाम वसीयत लिख कर मर जायेंगे।

             कितने बाप दादा की बात भूल ही जायेंगे जो याद रख लेने भुगतान जाएंगे तब वास्तविकता जान पाएंगे। कोई बैंकवाले मरे हुए के हस्ताक्षर करवाने की बात से डरायेगा तो कोई राज़ की बात और रहस्य से पर्दा उठाएगा। जिस अधिकारी के हस्ताक्षर हैं विभाग ने कब का उनकी जगह नया अधिकृत किया था और समय पर उनसे हस्ताक्षर करवाने थे। अब इस चेक की उपयोगिकता केवल फ्रेम में जड़वा कर घर पर सजाने को टांगने की रह गई है। सभी सुनहरे फ्रेम में सुनहरी चेक जड़वा कर इतरायेंगे करोड़पति कहलायेंगे।

POST : 754 सब को करोड़पति बनाएगा गुलाबी धन ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया ( भाग एक )

 सब को करोड़पति बनाएगा गुलाबी धन ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

                                ( भाग एक )

सब मिलकर वही पुराना गीत गाया करेंगे , ऊपर वाले तेरी दुनिया में कभी जेब किसी की न खाली रहे। कोई न गरीब रहे जग में हर पॉकेट में हरियाली रहे। सच कहता हूं सुबह सवेरे उठते इस से अच्छा भजन मुझे कोई नहीं लगता। सब की भलाई मांगना , सब का साथ सब का विकास , सब लोग इक समान बराबर। यही आदर्श स्थिति है , कल ही अन्ना हज़ारे जी ने उपवास त्याग दिया इतनी जल्दी तो उसमें राज़ की बात यही है। जिस तरह से अचानक नोटेबंदी की घोषणा की गई थी उसी तरह से पहली अप्रैल को कालाधन और सफेदधन का भेदभाव खत्म कर दिया जायेगा। इंडिया में काले गोरे का भेद नहीं कर किसी से अपना नाता है , कुछ और न आता हो हमको हमें प्यार निभाना आता है। है प्रीत जहां की रीत सदा मैं गीत उसी के गाता हूं , भारत का रहने वाला हूं भारत की बात सुनाता हूं। गांधी जी से लेकर अभिनेता मनोज कुमार तक सभी महात्मा लोग हर देशवासी के लिए रोटी कपड़ा और मकान चाहते थे और उपकार की बात लालबहादुर शास्त्री और मनोजकुमार ने मिलकर समझी थी तभी जय जवान जय किसान का नारा पॉपुलर हुआ और देशभक्ति हमेशा हिट रही है। वास्तव में देशभक्ति से सुरक्षित कोई कारोबार नहीं है , जिस को इसका कारोबार समझ आ गया वही जनता के दिलों पर छा गया। 
 
        आपका सभी देशवासियों का इंतज़ार खत्म होने को है। पहली अप्रैल को भारत सरकार घोषणा करने वाली है कि उसी दिन से कालेधन और सफेदधन की बात करना भी मना होगा। उस अध्याय को ही बंद कर दिया जायेगा और सारा का सारा धन गुलाबी धन कहलायेगा। नया ज़माना आएगा नया ज़माना आएगा। फिर वही दृश्य सामने आएगा , अभिनेत्री हेमामालिनी गाती होगी और अभिनेता धर्मेंद्र सुन कर मुस्कुराएगा। उसकी किताब खलनायक ने अपने नाम छपवा ली तो क्या हुआ , अपनी चोरी की बात भूल खलनायक की बहन से इश्क़ लड़ायेगा। आप सब बेचैन थे असली आज़ादी समानता और सब लोगों की ज़िंदगी खुशहाल बनाने वाले सपनों जैसे अच्छे दिन क्यों नहीं आये हैं। चार साल से जिसकी चाहत सभी करते आये हैं। लो देखो जनाब आपके लिए क्या क्या नहीं लाये हैं। 
 
          सरकार अपना वादा निभाने जा रही है , इक सुनहरे रंग का लाखों का नहीं करोड़ करोड़ रूपये का चैक सब को भिजवा रही है। सदी के सब से बड़े महानायक कहलाने वाले के हस्ताक्षर वाला चैक छपवा सीधे सब के खाते में भिजवा रही है। देखो देश की जनता मध्यम सुर में गुनगुना रही है। गुलाबी धन की सुंदर करंसी घर घर आ रही है , बेटी नहीं पढ़ी लिखी तो क्या हुआ , चेहरे पर गुलाबी आभा छा रही है। वो देखो वो आ रही है ये देखो वो जा रही है। पूरी तैयारी हो चुकी है इस बार नोटेबंदी जैसी चूक नहीं होगी , किसी ज़माने में सरकार बांड के रूप में प्रमाणपत्र जारी किया करती थी , इधर उसका चलन नहीं रहा है , अब तो टीवी पर खेल खेलते खेलते महानायक आपका पैसा आपने खाते में भिजवा देते हैं। ये बहुत सुरक्षित है जल्दी हो जाता है और आसान भी है समझाते हैं। जिस तरह सिंगापूर की सरकार ने हर नागरिक को सौ डॉलर से तीन सौ डॉलर देने की घोषणा की है ठीक उसी तर्ज़ पर पहली अप्रैल से शुरू होने वाले वित वर्ष में सब करों को , जी बिल्कुल ठीक पढ़ा आपने सभी करों को , आयकर से जी एस टी तक सबको समाप्त करने का ऐलान करने जा रही है। सब को घर बैठे करोड़पति बनवा रही है इक सुनहरी रंग का चैक बंटवा रही है। 
 

       ( अभी इतना ही बाकी की रचना कल पहली अप्रैल को लिखी जाएगी )

              शेष भाग कल के अंक में , इंतज़ार करियेगा।


मार्च 30, 2018

POST : 753 शोर की ख़ामोशी , रौशनियों के अंधेरे - डॉ लोक सेतिया

   शोर की ख़ामोशी , रौशनियों के अंधेरे -  डॉ लोक सेतिया 

    कोई अजनबी बाहर से आये तो ये सब देख कर समझेगा कि लोग बेहद खुश हैं जो इतना संगीत का शोर है नाच गाना और मंच से बहुत अच्छी लगती बातें सुनाई दे रही हैं। बीच बीच में मंच संचालक निवेदन करता रहता है अमुक के लिए ज़ोरदार तालियां हो जाएं। आपको क्या लग रहा है मैं कुछ सोच कर लिखने बैठा हूं , जी नहीं मैं आपको वही बतला रहा हूं जो मुझे सामने दिखाई और सुनाई दे रहा है। इस बीच पंजाबी भंगड़ा शुरू हो गया है , यहां बहुत कुछ एक साथ हो रहा है। बताया जा रहा है कि ये पुलिस प्रशासन जनता से सम्पर्क कर रहे हैं , मगर जनता कहां है कोई नहीं जनता क्योंकि मंच पर सरकारी अधिकारी और कुर्सियों पर कुछ सत्ता से जुड़े लोग शोभा बढ़ा रहे हैं। जनता है मगर सार्वजनिक पार्क में सैर करने आई इस सब को इस नज़र से देखती है जैसे ये भी गली से गुज़रती बारात हो चाहे कोई अर्थी निकल रही हो उसको देखती है बिना ख़ुशी बिना ग़म की भावना के। थोड़ी देर बाद यहां सब सामान्य सा हो जायेगा। कुछ भी नहीं बदलेगा , पहले भी ऐसा किया गया था यहीं बाहर सड़क पर पिछले साल इस बार सड़क से पार्क तक का फासला तय हुआ है। अभी नगरपरिषद के लोग केवल सामने दिखाई देती गंदगी को साफ़ कर रहे हैं , जो छुपी हुई है या थोड़ी दुरी पर ढेर लगे हैं गंदगी के उनकी तरफ कोई नहीं देखता है। भंगड़ा हुआ तो कोई अधिकारी भाषण देने लगे हैं , ये वही हैं जो कल तक ही नहीं हर दिन अपने पास फरियाद करने और न्याय की आस लेकर आये नागरिक के साथ गाली गलौच की भाषा में ही बात करते हैं। कोई महिला भी पास हो तब भी इनको शर्म नहीं आती। आज जाने कहां से इतनी अच्छी भाषा सीख कर आये हैं , संचालक ज़ोरदार तालियां कहता है मगर तालियों की आवाज़ सुनाई देती नहीं है। सभाओं में तालियां बजाने को भाड़े पर नेता लाते हैं लोगों को , हर कोई ताली बजाना पसंद नहीं करता है। स्कूल के बच्चे क्या गीत सुना रहे हैं मालूम नहीं , उन्हें तो जो याद करवाया जाता है वही बालदिवस से लेकर सभी दिनों दोहराते हैं। ये सरकारी आयोजनों में मंगवाए जाते हैं बाकी सामान की तरह। इस से अजीब बात क्या हो सकती है कि जिन को कभी देश का भविष्य कहते थे उनको अपने हर आयोजन में इक वस्तु की तरह उपयोग किया जाता है। जी याद आया सर्वोच्च अदालत इस पर आपत्ति जता चुकी है मगर सरकारों और अधिकारीयों के कान पर जूं नहीं रेंगती है। बच्चे गए गीत सुना कर मगर मंच संचालक को तालियां बजवाना याद नहीं रहा। इधर जो महोदय बोल रहे हैं उनकी आवाज़ कानों को खटकती सी लगती है और कोई समझ नहीं पा रहा मतलब तक उनकी बात का। अभी इंतज़ार करने को कहा जा रहा है किसी मशहूर गायक का नाम लेकर। चलो इक मधुर स्वर कोई गायक का रिकॉर्डेड बजाया जा रहा साथ कोई नाच रहा है। गिध्धा हो रहा है , सब कुछ मिला जुला है। ये मनोरंजन भी अपनी तरह का है जो अपने मकसद को नहीं समझा पा रहा। 
 
        लो बीच में रोक दिया गया नाच गाना किसी ख़ास व्यक्ति के आने पर उनको आदर देने की बात और अब आते ही उन्हें अपनी बात कहनी है। ये सब अभी साथ साथ चल रहा जब मैं लिख रहा हूं , मुझे घर के सामने पार्क में होने वाली हर सभा का आनंद भी मिलता है और यही शोर और कोई काम भी नहीं करने देता। रात को ही पास में कोई जगराता था जिसने रात भर जगाये रखा या फिर सोने नहीं दिया। लेकिन इस बीच तालियों की मांग के साथ किसी का परिचय करवा रहे हैं। मुझे इक बात वास्तव में नहीं समझ आ रही कि इस तरह से पुलिस का आम लोगों से सीधा संवाद कैसे हो सकता है जिस का दावा सरकार और प्रशासन करते हैं। ये आसान रिवायत सी बन गई है जनसम्पर्कं का दिखावा करते हैं मगर जन से कोई वार्तालाप नहीं होता। अभी पहली अप्रैल दो दिन बाद है फिर अभी से मूर्ख बनाने का अभियान क्यों। दमा दम मस्त कलंदर गीत सुनाई दे रहा है , इतनी जल्दी दृश्य बदलता है कि समझना कठिन हो गया है क्या आगे होने वाला है। जिस तरह आजकल शादी में तमाम तरह के पकवान परोसे जाते हैं। स्टाल बदल रहा है और फिर हारमोनियम बज रहा है , मुस्कुराने की वजह तुम हो , कोई गा रहा है मधुर सुर में , ओ पिया रे , पिया जाने ना जाने ना। बस दो मिंट में कुछ और ये क्या हुआ , बहुत कुछ है मगर है कुछ भी नहीं। 
 
            शायद मंच संचालक को औपचरिकता निभानी है , सब को बताना है कौन कहां से आया हुआ है। इक तमाशा है केवल कोई संजीदा मकसद है ही नहीं , कोई इस पर हंसे कि रोये नहीं पता। शायद सब जानते हैं ये सब किसी मकसद हासिल करने को नहीं है विशेषकर जनसम्पर्क तो कतई नहीं है। जन से कोई मिलता ही नहीं बात करना तो दूर की बात। उपस्थित लोगों से निवेदन किया गया था अपने नाम लिखवा दें वहीं कोई यही काम कर रहा है। बस नाम जान लेने को संवाद नहीं कह सकते हैं। कुछ जलपान की भी बात होगी और कुछ और औपचरिकता स्मृति चिन्ह बांटने की और किसी इक संस्था का आभार जिस ने आयोजन का प्रबंध किया बदले में पैसे लेकर। ये आखिरी तालियां किसी के नाम की , अभी उबाऊ भाषण बाकी हैं। 
 
         अधूरी बात बाद में पूरी करनी है , घूमर नाच हो रहा है। ये क्या हरियाणा सरकार तो फिल्म पर रोक लगाने की बात करती थी। किसे याद है , तब का मतलब और था आज बिना मकसद है। समय का अभाव है घूमर नाच के बाद मंच संचालक कहते हैं। रुकिए मिलते बाद में। शोर में ख़ामोशी गुम हो गई है और रौशनियों ने आस पास अंधेरों को शायद और बढ़ा दिया है। जारी है कब से यही सब। 
 

 

   

मार्च 28, 2018

POST : 752 पंजीकरण मूर्खों का ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

        पंजीकरण मूर्खों का ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

        इस में कोई शक नहीं है कि पहली अप्रैल को मूर्ख बनाने वाले खुद भी साल भर मूर्खता करते ही रहते हैं। सब से महत्वपूर्ण बात ये भी है कि सभी दलों के नेता हमेशा से जनता को मूर्ख बनाते रहे हैं। लेकिन अब दावे से कहा जा सकता है कि देश की जनता को मूर्ख बनाने में इक नया कीर्तिमान जिस एक नेता न बनाया उसका नाम तक लेने की ज़रूरत नहीं है। जी नहीं डरने की कोई बात नहीं है जिस के सामने दूसरा कोई दिखाई ही नहीं देता और जिसको चुनाव से पहले ही विजेता घोषित किया जा चुका हो उसका मुकाबला किसी से करना उसकी तौहीन होगी और मैं ऐसा नहीं कर सकता। आप फिर गलत समझ रहे हैं भला मुझ लेखक को किसी मानहानि के मुकदमें की क्या चिंता हो सकती है। मैं किसी राज्य का मुख्यमंत्री भी नहीं जो पहले सब पर आरोप लगता रहूं और बाद में माफीनामा देकर पिंड छुड़ाता फिरूं। अब बात असली विषय की। जब सब से अधिक लोगों को मूर्ख बना ही चुका है तो उसको पहली अप्रैल को कोई उपाधि मिलनी ही चाहिए। अब ऐसी उपाधि कोई सरकार तो नहीं दे सकती है और कोई संस्था भी शायद ही मूर्ख बनने बनाने की बात पर ध्यान देने की चिंता क्यों करेगी , सब को तो खुद को समझदार और बाकी लोगों को महामूर्ख समझने का भरम रहता है। इसलिए पहली अप्रैल को इक सभा में सभी मूर्ख मिलकर देश की जनता को मूर्ख बनाने का कीर्तिमान स्थापित करने को उपाधि देनी है और उस सभा में शामिल होने के लिए खुद को मूर्ख घोषित करने को पंजीकरण करवाना लाज़मी है। आप उस के लिए काबिल हैं अथवा नहीं है इस बात का निर्णय खुद आप कर सकते हैं। लेकिन आपको थोड़ा बहुत मार्गदर्शन किया जा सकता है ताकि वास्तविक मूर्ख ही इस शुभ कार्य में शामिल हों और गलती से भी कोई समझदार इस का हिस्सा बनकर उल्लू नहीं बना सके। 
 
     सदियों से मूर्खताओं पर जानकारी मिलती आई है , ये काम करना पागलपन है , नासमझी है , मूर्खता है सब को बताया जाता रहा है। सच बोलना भी उस में शामिल है और ईमानदार होना भी। ऑफ दा रेकॉर्ड आजकल के नेता आज़ादी की लड़ाई लड़ने वालों को कुछ ऐसा ही बताते हैं , यूं सामने उनको महान बताते हुए भी सोचते हैं मज़बूरी है अन्यथा समझदार तो हम हैं और उन सभी से महान भी। चाह कर भी अपनी ऊंची ऊंची मूर्तियां बनवा नहीं सकते , जिस ने अपने चुनाव चिन्ह की पत्थर की मूर्तियां बनवाईं उसका हाल  भी सब जानते हैं। ये भी कोई  कम पागलपन नहीं है जो देश में लोग बेघर भूखे हैं और हम करोड़ों रूपये समाधियों और मूर्तियों पर बर्बाद करते हैं। लेकिन आप और हम क्या मूर्खता करते हैं या नहीं करते हैं आगे सब से अधिक महत्वपूर्ण विषय की बात करते हैं। 
 
       समय सब से मूलयवान होता है। अपने वक़्त का हमेशा सार्थक उपयोग किया जाना ज़रूरी है अन्यथा समय बर्बाद करना बहुत बड़ी मूर्खता कहलाता है। क्या आप फेसबुक व्हाट्सऐप ट्विटर आदि पर दिन भर महानता की बातें करते लिखते हैं जिस का आपको पता है कोई भी असर खुद अपने पर ही नहीं होता है। हर दिन गूगल संख्या बताता है इतने करोड़ सोशल मीडिया पर हैं। आपने बहुत काम किये हैं पहले भी , हर बार आपको मालूम है कि इतने साल पढ़ाई की तो क्या क्या हासिल हुआ। कारोबार किया नौकरी की या घर का कोई काम किया सामने नतीजा दिखाई दिया क्या मिला। कभी विचार किया सोशल मीडिया से कुछ और तो छोडो दोस्ती की बात करते हैं कोई वास्तविक दोस्त मिला आज तक। फेसबुक के हज़ारों दोस्त इक संख्या भर हैं वास्तविकता नहीं। हद तो आजकल ये है कि लोग सोशल मीडिया पर आपस में शब्दों की जंग लड़ते हुए मिलते हैं। ये सब से बड़ी मूर्खता है किस के लिए आपस में लड़ते हैं जो किसी के भी नहीं होते हैं। ये राजनीती बड़ी गंदी चीज़ है जो किसी को आगे बढ़ाता है वही उसी को किनारे लगा देता है। राजनेताओं से और बाज़ारू पैसे से बिकने वाली वैश्याओं से वफादारी की अपेक्षा रखना भी मूर्खता ही है। 
 
         आजकल साधु सन्यासी लोग भी हर जगह हर किसी को कोई उपाधि देते मिलते हैं। हमारे कई नेता जाने क्या क्या उपाधि अपने और अपने बाप दादा के नाम से आगे लिखवाते रहते हैं। हर शहर में हर दो लाइनें लिखने वाला खुद को महान साहित्यकार घोषित करता है। मीडिया वालों की तो बात ही नहीं करो समझते हैं वास्तविक सत्य उन्हीं की दुकान में मिलता है। सब को दर्पण दिखलाते हैं मगर खुद को आईने में देखने का साहस नहीं है। आये थे हरिभजन को ओटन लगे कपास। आजकल इश्क़ भी नकली हो गया है और दो दिन तो क्या दो घंटे में नया आशिक नई महबूबा होती है। लेकिन वास्तव में इश्क़ भी मूर्ख लोग ही किया करते हैं , चलो अच्छा है देश की सर्वोच्च अदालत ने निर्णय दिया उनके पक्ष में कि खाप पंचायत को बालिग लड़के लड़की के विवाह को रोकने का कोई अधिकार नहीं है। 
 
            हम अधिकतर देशवासी अभिशप्त हैं मूर्ख बनने के लिए और कोई उपाय नहीं है बचने का भी। लेकिन जो सरकारें जो नेता जो अधिकारी सब को मूर्ख बनाते हैं उनकी मूर्खताएं भी कुछ कम नहीं हैं। हर दिन बेकार के आयोजन आडंबर और ऐसी ऐसी योजनाओं पर आये दिन सभाओं के आयोजन पर करोड़ों रूपये खर्च करते हैं जबकि जानते हैं इनका कोई लाभ नहीं होने वाला है। अपने खुद के इश्तिहार छपवाने और टीवी चैनलों पर दिखलाने पर जितना धन खर्च किया जाता है किया जाता रहा है और किया जाता रहेगा भी उस की राशि की कोई सीमा ही नहीं है। आप कभी हिसाब लगाना या हिसाब पूछना तो हैरान रह जाओगे कि अभी तलक हुए सभी घोटालों की राशि जोड़ने के बाद भी उतनी बड़ी धनराशि का घोटाला नहीं हुआ है जितना केवल सरकारी प्रचार के विज्ञापनों पर सत्तर साल में धन बर्बाद ही नहीं किया गया बल्कि कुछ ख़ास लोगों का मुंह बंद रखने को बेकार जनता का धन लूट की तरह बांटा गया है। अब कोई अख़बार कोई टीवी वाला खुद अपने पेट पर लात क्यों मारेगा। सभी शामिल हैं। हम मूर्ख हैं जो इतनी सी बात कभी नहीं समझे कि कौन कौन किस किस तरह किस किस ढंग से किस रूप में मूर्ख बनाते रहे हैं हमको। शायद मूर्ख दिवस पर थोड़ा चिंतन किसी को मूर्ख बनने से बचा सके। जी मेरा नाम मूर्खों में पंजीकृत है आप भी चाहें तो आवेदन भेज सकते हैं। हमारी शाखाएं नगर नगर गांव गांव ही नहीं गली गली में हैं , पधारें आपका हार्दिक अभिनंदन और स्वागत है।

मार्च 27, 2018

POST : 751 उसकी इसकी आपकी हमारी सबकी बात ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

उसकी इसकी आपकी हमारी सबकी बात ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया 

    ये कैसे दोहरे मापदंड हैं कि जो सत्ताधारी देश के हर नागरिक की निजता को अनावश्यक मानता है , वो अपनी हर बात को गोपनीय रखता है। आपकी ईमानदारी तब दिखाई नहीं देती जब आप अपने शासनकाल में अपने दल को मिले चंदे की बात देश विदेश से मिले धन की बात और देश भर में चार साल में आपके दल और आपके दल के नेताओं की बढ़ती सम्पति और आमदनी की बात नहीं बताते हैं। सत्ताधारी दल हो चाहे बाकी दल वाले अगर फेसबुक और सोशल मीडिया से डाटा खरीदते हैं तो ऐसे अपराध पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं होता किसी के भी खिलाफ। आपकी हर योजना स्वच्छ भारत अभियान , गंगा की सफाई , जाने किस किस नाम की मगर किसी भी काम की नहीं सरकारी ऐप्स की असलियत और सभी दावे झूठे साबित हुए हैं। फिर भी आपके दल को अगर लगता है कि इक आपके सिवा दूसरा कोई विकल्प नहीं है तो आपके दल के लिए ये कोई गौरव की बात नहीं है। लेकिन आपको ये शायद याद करना होगा कि जब भी कोई खुद को देश से अधिक महत्वपूर्ण समझने लगता है या ऐसा प्रचारित करने लगता है तो इस देश की सवा सौ करोड़ जनता विकल्प खुद ढूंढ लेती है। 1977 का इतिहास भूलना नहीं चाहिए। 
 
       शायद आज की सरकार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का वो भाषण ध्यान नहीं है जिस में उन्होंने कहा था कि शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करना हर देशवासी का अधिकार है और अगर ऐसा करने पर कोई सत्ताधारी नेता या अधिकारी सुरक्षकर्मियों को दमन या बलप्रयोग का आदेश देता है तो वो अनुचित और असंवैधानिक होगा और सुरक्षाकर्मी देश के लिए निष्ठा रखें न कि सत्ता के लिए जनता का दमन करें। ये मेरी खुशनसीबी है जो मैं 25 जून 1975 को उनकी सभा में शामिल था और मैंने सुना था उनका भाषण। इस से अधिक विडंबना क्या हो सकती है कि मौजूदा सरकार आपत्काल में कैद में रहे लोगों को मुफ्त बस यात्रा और अन्य सुविधाएं देने की बात करने के साथ मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की सभा में विरोध के लिए काले झंडे दिखाने के लोकतांत्रिक तरीके पर ही जेल में दाल आपराधिक धाराएं लगवा देती है। कोई सरकारी विभाग के अनुचित कार्यों को बढ़ावा देने की बात कहता है तो सच बोलने वाले को प्रताड़ित किया जाता है और अनुचित कार्य करने वालों पर कोई करवाई नहीं की जाती। 
 
       ये इस देश का दुर्भाग्य है कि अभी भी तमाम लोग गुलामी की मानसिकता से निकल नहीं पाये हैं। और कभी एक कभी दूसरे की चाटुकारिता में कभी किसी को देवी तो कभी किसी को भगवान समझने लगते हैं। सब से पहले तो आप खुद धर्म और भगवान की बातें करने वाले वास्तविक भगवान अल्हा खुदा यीसु या वाहेगुरु को ही इक नेता के बराबर खड़ा कर अपमानित करते हैं। भगवान को किसी से बैर नहीं न ही किसी का पक्षपात करता है और आप किसी को भी जो तमाम महान लोगों से दुर्भावना रखता है , हर किसी को अपमानित करने का प्रयास करता है जो वास्तव में अच्छे इंसान होने का आधार है और खुद अपना गुणगान करवाता है उसे भगवान या खुद को उसका भक्त बताकर कितना अनुचित उदारहरण प्रस्तुत करते हैं। 
 
       राजनीती में खुद को सौ परदों में छिपाना और विरोधियों को नंगा दिखलाना इक बेहद गंदी सोच को दर्शाता है। सब जानते हैं भगवान से कुछ भी छिपा नहीं है और भगवान चाहता तो बाकी तमाम तरह के चमत्कार करने की तरह ये भी कर सकता था कि सब की छुपाई बातें औरों को पता चल जाएं। मगर उसने ऐसा नहीं किया क्योंकि उसे मालूम था वो इंसान बना रहा है और कोई भी इंसान सब तरह से परिपूर्ण नहीं हो सकता है। इंसान की सब से बड़ी कमी ही यही है कि वो औरों में कमियां ढूंढता है मगर खुद की बड़ी से बड़ी कमी को भी नहीं देख सकता है। ये आजकल की राजनीती उस वैश्यावृति के धंधे से भी नीचे गिर चुकी है जिस के बारे हमेशा से कहते आये हैं ये दो दुनिया के सब से पुराने पेशे हैं और दोनों में बहुत समानताएं हैं। मगर कोई वैश्या भी ऐसा नग्नता का नाच नहीं नाच सकती जिस तरह से आज की राजनीती नाच रही है। 
 

 

मार्च 23, 2018

POST : 750 मैं जहन्नुम में बहुत खुश था ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

   मैं जहन्नुम में बहुत खुश था ( व्यंग्य ) डॉ लोक सेतिया

        कब से सुनते आ रहे थे कि आजकल कलयुग है , लेकिन वास्तव में सब कुछ अगर अच्छा नहीं भी लगता था तो उतना भी बुरा नहीं लगता था। कुछ अच्छा कुछ बुरा भी वास्तविक जीवन में दिखाई देता था। फिल्मों की कहानियों में ही देखते थे कोई देवता है तो कोई दानव खलनायक है। मगर इसके बावजूद हमने उन से भी लगाव महसूस किया और पसंद किया जो खलनायक नज़र आते थे। अभिनय में तो नायक से अधिक शोहरत खलनायक को मिलती देखी है शायद इसका कारण हम सभी में इक खलनायक छुपा होना हो सकता है। लेकिन इक ख़ास बात होती थी कि लोग हमेशा पुराने ज़माने को बेहतर बताया करते थे , हम उस युग के लोग हैं जिन्होंने अपने जीवन काल में बहुत बदलाव देखे हैं। गांव में मीलों तक पैदल चलते थे पगडंडी पर कोई सड़क नहीं होती थी , बैलगाड़ी से साईकिल तक लंबा सफर तय किया है हमने। इक प्राथमिक विद्यालय जिस में पांचवी तक एक ही अध्यापक शिक्षा देता था और आज तक भी उन मास्टरजी का नाम हर गांववासी आदर से लेता है। वहां से बिजली सड़क बस स्कूटर कार से हवाईजहाज़ तक सब को देखा है और रेडिओ से टेलीविज़न के बाद मोबाइल फोन और स्मार्ट फोन और कम्प्यूटर लैपटॉप तक ही नहीं अंतरिक्ष तक सब के गवाह हैं हम लोग। इन सब में शहरीकरण के हवा पानी ही नहीं इंसान की मानसिकता तक के प्रदूषित होने को भी सामने देखा है। सब से अच्छी बात ये है कि हमने देश के आज़ाद होने के बाद जन्म लिया और हमारी मानसिकता गुलामी की नहीं रही लेकिन देश में लोकतंत्र के नाम पर तानाशाही परिवारवाद से जातिवाद तक सब हमने देखा है और झेला ही नहीं उसके साथ जंग भी लड़ते रहे हैं। 
 
       जब सालों तक सभी दलों की सरकारों को बनाकर बदलकर भी नतीजा वही ढाक के तीन पात वाला रहा तो जनता ने मान लिया था कि इस देश में कुछ नहीं हो सकता है। मगर तभी किसी ने घोषणा कर दी कि केवल उसको ही जहन्नुम को जन्नत बनाने का तरीका आता है और अगर उसको जनता ने अपना सेवक चुन लिया तो वह खुद शासक की तरह नहीं रहेगा पहले वाले नेताओं की तरह बल्कि सेवक बनकर इस देश को नर्क से स्वर्ग बना देगा। खुद उसको भी भरोसा नहीं था कि उसका हर जुमला लोगों पर जादू सा काम करेगा और उसको उम्मीद से बढ़कर बहुमत मिलेगा। मगर उसे याद ही नहीं रहा क्या क्या सपने दिखलाये थे देश की जनता को तो उन वादों को पूरा करने की बात ही क्यों होती। लेकिन फिर उस ने देश और जनता की भलाई के नाम पर वो सब और भी अधिक बढ़कर किया जिसकी पहले उसी ने आलोचना की थी। उसका हर बोला गया झूठ सत्य घोषित किया जाने लगा और जन्नत बनाने की बात तो इक उपहास बना दी गई। कुछ इस तरह से समझाया गया कि आप लोग इतनी सी बात नहीं जानते कि जन्नत मरने के बाद मिलती है। तब से कितने लोग किन किन हालात में मर गए या मरने को विवश हुए कोई हिसाब नहीं। जो सब के हिसाब पूछता था खुद उसको अपना हिसाब किसी को देना नहीं ज़रूरी लगा। 
 
                       पांच साल की अवधि मिली थी लेकिन आधी अवधि बीतने के बाद देश की जनता पहले से बहुत अधिक बदहाली में खुद को पा रही थी और तब उसको अगले चुनाव की चिंता सताने लगी। ऐसे में लोगों को समझाया जा रहा है कि अभी जो आपको दर्द लगता है बाद में वही आपकी दवा का काम करेगा। ये तो शायरी की बात हो गई , दर्द का हद से गुज़रना है दवा हो जाना। फिर ये और शोर उत्तपन पैदा किया गया कि अभी चार साल बाद सब बढ़िया होने वाला है , बस 2022 तक सब्र करो अगर ज़िंदा बचोगे तो यहीं अन्यथा और किसी जहान में जन्नत तो मिलनी ही है। कुछ उसी तरह जैसे गंगा तट पर पण्डे यजमान की जेब खाली कर उनके पूर्वजों का कल्याण करने की आड़ में खुद अपने लिए धरती पर स्वर्ग पाते हैं लेकिन उनकी संतान कभी किसी दूसरे को पूर्वजों के कल्याण करने को कुछ नहीं देती हैं। आपको यकीन नहीं तो जाकर पूछना कभी। मगर कुछ दिन पहले इन्हीं नेता जी को पूजा करवाते इक भोले पंडित ने गलती से पूछ ही लिया यजमान आप को क्या वास्तव में जहन्नम को जन्नत बनाने का तरीका आता है। तो जवाब मिला ये राज़ की बात है किसी और को नहीं बताना। अभी तक लोग सोचते थे कि कलयुग है मगर उन्होंने कभी कलयुग की कल्पना नहीं की थी। आजकल उनको समझ आ रहा है यही घोर कलयुग है , मगर उनको इतनी बात भी नहीं पता कि कलयुग में राज कलयुगी लोग ही करते हैं , तभी तो हमारी सरकार ने अभी अभी देश की सब से बड़ी अदालत में बताया है कि हमारा संविधान अपराधियों को राजनितिक दल बनाने ही नहीं किसी दल का अध्यक्ष बनने की भी इजाज़त देता है। जब दल का अध्यक्ष अपराधी होगा तो भले खुद चुनाव लड़ने के योग्य नहीं हो तब भी अपने संगी साथी अपराधियों को टिकट तो वितरित कर सकता है। 
 
        इस कथा का अंत रोचक है। नेता सेवक हैं तो टीवी और अख़बार वाले खुद को लोकतंत्र का रक्षक या रखवाला अर्थात चौकीदार बताते हैं। ये जनाब भी खुद को चौकीदार बनाने की बात करते थे और बन बैठे मालिक और दाता भी कहलाने लगे , ऐसे में मीडिया के चौकीदारों को हिस्सा देकर भाई भाई बना लिया। मौसेरे भाई चोर चोर होते ही थे आजकल चैकीदारी थानेदारी बन गई है तो रिश्ता और गहरा हो गया है। 

                      हमको मालूम है जन्नत की हक़ीक़त लेकिन ,

                     दिल को बहलाने को ग़ालिब ये ख्याल अच्छा है । 


 


POST : 749 बात सवदेशी की और विदेशी दखल की ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

बात सवदेशी की और विदेशी दखल की ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया 

  आज शहीदी दिवस है , भगतसिंह राजगुरु सुखदेव को याद करते हुए , महात्मा गांधी के विदेशी सामान को जलाने को भी याद रखते हुए आज फिर से विचार करना होगा क्योंकि इधर हमारी ज़िंदगी ही नहीं हमारी सोच पर भी विदेशी लोग मनचाहे तरीके से प्रभाव डालते हैं। फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने माना ही नहीं बल्कि उस बात की माफ़ी भी मांगी है कि उन्होंने डाटा चोरी या लीक होने दिया या फिर किया। ये कोई छोटी बात नहीं है। पिछले कुछ सालों से सोशल मीडिया पर तमाम लोग किसी नेता या दल की विचारधारा की बात करते हुए अभद्रता की हद तक पहुंच जाते हैं। कोई किसी को चाहता है किसी का समर्थक है तो उसको ये अधिकार नहीं मिलता कि जो कोई उसकी बात से असहमत हो उसको बुरा भला कहे। लेकिन जब बड़े बड़े राजनेता और राजनैतिक दल धनबल से भाड़े के लोगों से सोशल मीडिया पर अपना गुणगान और दूसरों को अपमानित करने का घटिया और निम्न स्तर का खेल करवाते हों तब उनकी निजी महत्वांकाक्षा देश के लोकतंत्र को अपमानित करती है जिस में सत्ता पक्ष को विपक्ष की असहमति का आदर करना ज़रूरी है। आज शायद गांधी जी और भगतसिंह जी दोनों ही एकमत होते कि इक विदेशी को हमारे देश की आज़ादी के साथ खिलवाड़ या छेड़ छाड़ करने पर उसपर रोक लगा दी जाये। 
 
         आज फेसबुक पर बड़ी बड़ी देशभक्ति की बातें लिखने वाले क्या वास्तव में देश हित को समझ फेसबुक और व्हाट्सऐप का विरोध कर सकते हैं। ऐसा करने में कोई भी कठिनाई नहीं है क्योंकि अधिकतर लोग इनका उपयोग किसी सार्थक काम के लिए नहीं करते हैं और उनके लिए ये केवल समय बिताने और घटिया तरह का मनोरंजन करने का साधन है। विचार किया जाये तो ये सब एकतरफा संवाद है जहां आप जो भी लिखते हैं कोई अपनी असहमति नहीं जता सकता , कोई लाइक कर सकता है मगर कमेंट आपकी अनुमति से ही किया जा सकता है। भारत में बीस करोड़ लोग घंटों अपना समय हर दिन और पैसा भी बर्बाद तो करते ही हैं साथ ही कभी कभी मानसिक रूप से भी असामान्य आचरण करते हैं। जिस तरह दवाओं के दुष्प्रभाव होने पर उसकी ज़रूरत है या नहीं और उपयोग करनी है तो किस मात्रा तक ये देखना होता है उसी तरह इन सभी सोशल मीडिया के माध्यमों पर विचार किया जाना चाहिए।


सितंबर 20, 2017

POST : 748 अपराधी भी आप , अदालत भी आपकी ( आठवां सुर ) डॉ लोक सेतिया

       अपराधी भी आप , अदालत भी आपकी ( आठवां सुर ) 

                          डॉ लोक सेतिया

            खुद को समझदार समझने वालों ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा। उधर नहीं जाना इधर नहीं आना ऐसे नहीं करना उस तरह नहीं इस तरह करना , हर कदम पर बेड़ियां डाली हैं मेरे पैरों में। मैं देश की जनता की तरह हर औरत की तरह बेबस खड़ी हुई। मगर मैं आज़ाद हूं , ये जाने किस तरह की आज़ादी है जिस में सांस भी अपनी मर्ज़ी से नहीं ले सकते हम। अपराधी कौन है , जो न्यायधीश बन अदालत लगाए बैठे हैं , वो क्या फैसला करेंगे। सरकार ने फैसला किया और लाख करोड़ का क़र्ज़ विदेश से ले लिया और बताया गया ये उनकी मेहरबानी है आपको पचास साल में चुकाना है ये क़र्ज़। आज जो बच्चा जन्म लेगा उस पर ये क़र्ज़ होगा , लिया जिस ने उसको नहीं भावी संतानों को क़र्ज़ भरना है। बाप दादा का क़र्ज़ चुकाना आपका धर्म है। ये भी इक धंधा है बाप दादा के नाम पर किसी को देते रहो और बच्चों को भूखा मरने दो। मेरे ताया जी इक कहावत सुनाते थे , आप मरी ढंड से बेटी के नाम रज़ाई कर गई। देश और जनता की भलाई और विकास की बात कौन करते हैं , वो जो हर दिन खुद अपने पर लाखों रूपये खर्च करवाते हैं सुख सुविधा , आडंबर और झूठी शान की सुरक्षा के नाम पर। अकेले आप पर गरीब देश के खज़ाने से लाखों रूपये रोज़ खर्च किये जाते हैं , आपको बड़े बड़े बंगले रहने को और शाही ठाठ बाठ चाहिएं। आप क्या ख़ाक समझोगे गरीबी का दर्द। देश का राष्ट्रपति आया भले गरीब परिवार से हो , रहता राजा की तरह सैंकड़ों कमरों वाले भवन में है जिस पर हर दिन कई लाख और हर महीने कई करोड़ या सालाना सैंकड़ों करोड़ खर्च किये जाते हैं। इन सब के मुंह से गरीबी और गरीब की बात किसी उपहास जैसी लगती है। 
 
           धर्म की किताब में देव और दानव दोनों की बात लिखी है।  देवता वो हैं जो अपने पास कुछ नहीं रखते , जो भी हो बांटते हैं औरों को अर्थात जो देता है वही देवता है। भगवान दाता है किसी से कुछ लेता नहीं है , जो भगवान को भी सोचते हैं हम खुश कर सकते चढ़ावा चढ़ाकर उनको कुछ नहीं पता। भगवान हमारी तरह नहीं है जो अपना गुणगान सुन या और किसी तरह लालच से खुश हो जाये। धर्म को समझे बिना आप आस्तिक नहीं बन सकते। और दानव कौन हैं , जो औरों से सब छीन लेना चाहते हैं , दानवों की भूख कभी नहीं मिटती है। ये मेरा नहीं हर धर्म की किताब का कहना है। आज जितने भी लोग औरों से छीन कर अपना पेट भरते हैं उनको आप राक्षस ही समझना। और इस सूचि में नेता अधिकारी ही नहीं , लूट का ठगी का कारोबार करने वाले व्यौपारी , मीडिया वाले , डॉक्टर , शिक्षक जो अपने पेशे को केवल मुनाफे का कारोबार समझते हैं उन से लेकर तथाकथित समाज सेवक भी शामिल हैं। जिन पांच फीसदी लोगों के पास नब्बे फीसदी दौलत है वो सब ईश्वर की अदालत में गुनहगार कहलायेंगे।  भगवान ने सब को सब बराबर दिया है , जिन्होंने अपनी चालाकी से या किसी भी तरह ज़रूरत से अधिक हासिल किया हुआ है और किसी को बांटते नहीं हैं वो सब मानवता के अपराधी हैं। इक बात लिखी हुई है सभी धर्मोँ में , जिस के पास सब कुछ है तब भी और अधिक जमा करने की चाहत रखते हैं वही सब से दरिद्र हैं। जो आपको धरती पर भगवान लगते हैं और जिनकी आप महिमा का गुणगान करते हैं वो वास्तव में गरीब ही हैं। सत्ता की हवस जिन नेताओं की मिटती ही नहीं उनको भी आप गरीबों से गरीब ही समझना क्योंकि हर गरीब की थाली से कुछ जाता है उनके पेट भरने को। वास्तविक देश और जनता के सेवक कभी खुद राजसी ठाठ से शान से नहीं रहा करते। इन से कोई आशा मत रखो जिनकी खुद की चाहत की कोई सीमा ही नहीं है। 
 

 

सितंबर 19, 2017

POST : 747 उचित राह चलना कठिन , अनुचित की आज़ादी ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

     उचित राह चलना कठिन , अनुचित की आज़ादी ( आलेख ) 

                              डॉ लोक सेतिया

        सरकार क्या अख़बार क्या टीवी के खबरी चैनल क्या , सब इंतज़ार किया करते हैं किसी अनहोनी को घटने की। फिर कुछ दिन तक उसी बात का शोर मगर बेहद असंवेदनशील ढंग से। लगता ही नहीं किसी को दूसरों का दर्द समझना आता है। बयान बाज़ी और हादसों का भी उपयोग करना अपने मकसद को आम बात है। मानवता तो जैसे बची ही नहीं , आदर्श और नैतिक मूल्य केवल किताबी अक्षर बन गए हैं। काश किसी अनहोनी से देश की सरकार राज्यों की सरकारें और हम सभी सबक सीख लें और अपनी मदहोशी से जागकर कुछ सोचें विचार करें और कहीं भी ऐसी घटनाएं नहीं हों ऐसा उपाय करें। रायन स्कूल की बात यहीं खत्म नहीं होनी चाहिए , शायद यहीं से कुछ शुरुआत की जा सकती है। बहुत बातें हैं जो सामने हैं मगर हम सभी अनदेखा करते हैं। सब से पहले तो सरकारी सभी विभाग खुद अपने आप अपना फ़र्ज़ निभाना जानते ही नहीं , उनको खुद अपने काम करने होंगे बिना किसी की शिकायत या सिफारिश के। पुलिस को अपराध रोकना , नहीं होने देना कब ज़रूरी लगेगा। बहुत विभाग तो ऐसे हैं जो खुद अपराध करवाते हैं ताकि ऊपर की कमाई की जा सके। खुद ही अपनी ज़मीन पर कब्ज़ा कराना और महीना वसूलना , जिस विभाग को लोगों को घर प्लॉट्स उपलब्ध कराने हैं , वही खुद किसी नियम कानून का पालन नहीं करता है। केवल अपनी गलत आमदनी के लिए ये विभाग खुद ही अपराधी की तरह काम करता है। देश में सब से अधिक कदाचार इसी आवास से जुड़े विभाग में होता है और नेता भी शामिल होते हैं। किस राज्य में नेता अधिकारी ये अपराध नहीं करते देखे गए।

                              शिक्षा और स्वास्थ्य सब से ज़रूरी हैं मगर किसी सरकार को चिंता ही नहीं इस में कितनी बदहाली है। आपको दवा नकली मिलती है , खुद डॉक्टर्स घटिया दवा लिखते हैं कमीशन की खातिर। अगर आपको फल और सब्ज़ियां भी तेज़ाब से चमकी हुई मिलें तब आपको ज़हर ही खिला रहे हैं। खाने पीने का सामान कितनी घटिया सब्ज़ियों और तेल से कितनी गंदी जगह बनाकर गंदगी की जगह परोसा जाता है , जिस से कितने रोग बढ़ रहे है कोई नहीं देखता। सस्ता नहीं बेहद महंगा है ये सब जो आपको स्वादिष्ट लगता है। अगर कभी सरकार जाकर देखे तो हमारे अधिकतर होटल  , रेस्टॉरेंट ही नहीं , हॉस्पिटल और नर्सिंग होम तक स्तरहीन सेवाएं और तमाम तरह से खिलवाड़ स्वास्थ्य के साथ करते मिलेंगे। क्योंकि कोई देखने वाला नहीं कि कहां क्या हो रहा है। स्कूल हॉस्पिटल और खाने पीने का सामान बेचने वाले ही अगर किसी नियम गुणवत्ता के मापदंड पर खरे नहीं हैं तो फिर देश में सरकार क्या है। सब विभाग और नेता भाईचारा निभाने में जनता के जीवन से खिलवाड़ करते हैं।

          ऐसा शायद ही किसी सभ्य देश में होता है कि उचित ढंग से कोई काम नहीं हो सकता और अनुचित ढंग से कोई कुछ भी करता रहे कोई नहीं देखता , रोकता टोकता। ज़हर देना ही अपराध नहीं होता , समय पर दवा नहीं देना भी जानलेवा होता है और सभी विभाग अपना अपना कर्तव्य खुद समय पर नहीं निभा कर वही ही करते हैं। गुनहगार कौन नहीं है। 

 

सितंबर 18, 2017

POST: 746 हंसिये चाहे रोयिए ( दो हास्य कविताएं ) डॉ लोक सेतिया

  हंसिये चाहे रोयिए ( दो हास्य कविताएं ) डॉ लोक सेतिया

खबर वाले ( हास्य कविता )

अब हर दिन सुना रहे ,
फिर फिर उसकी कहानी ,
पहले खबर ढूंढते क्या ,
मर जाती थी इनकी नानी ।

रखवाली क्या करोगे ,
घर की बन चौकीदार ,
बिक चुके ज़मीर वाले ,
झूठे हो सभी इश्तिहार ।

अपनी गली में शेर हो ,
कहते हो सेर बाकी सब ,
तुम सब पे सवा सेर हो ,
पेट भर लिया हुए ढेर हो । 

दाता हैं भिखारी ( व्यंग्य कविता )

किसने किसे क्या दिया है ,
ये कैसा अजब माजरा है ,
मालिक तुम हो भिखारी ,
सेवक दाता बन कह रहा है ।

खाली हाथ आया था जो ,
आया था हाथ जोड़ कर ,
कहता है सब का मालिक मैं ,
खुद बन गया सेवक खुदा है ।

खोटा सिक्का इस तरह चला ,
करना था जिसे सब का भला ,
सब बुरे पुराने लगते हैं भले ,
जब देखा सभी ने सभी से बुरा । 

 

सितंबर 17, 2017

POST : 745 कौन सही है अटल बिहारी वाजपेयी जी या मोदी जी - डॉ लोक सेतिया

कौन सही है अटल बिहारी वाजपेयी जी या मोदी जी- डॉ लोक सेतिया

       अभी अभी मैंने वाजपेयी जी का भाषण का विडिओ देखा सुना , जिस में वो आज़ादी के पचास साल पूरे होने की बात कर रहे हैं। उनका कहना है कि चुनाव में विरोध करने को हम बाकी जो भी कहें , मैं मानता हूं कि कोई भी ये नहीं कह सकता कि देश में विकास नहीं हुआ है। देश ने बहुत कुछ हासिल किया है और अगर कोई इसको नहीं मानता तो वह देश के किसानों मज़दूरों और तमाम आम लोगों की मेहनत और लगन को अपमानित करता है। आज मोदी जी को अपने जन्म दिन पर अपने दल के सब से महान नेता की बात सुन कर देश से क्षमा मांगनी चाहिए अपने तीन साल के झूठे प्रचार और तमाम अनुचित कामों के लिए। आपने तीन साल में क्या किया है आज मैं समझाता हूं। आपने देश के प्रधानमंत्री के पद को उपहास का पात्र बना दिया है। झूठ कपट और अपनी हर बात से मुकरना कभी इस पद पर किसी ने नहीं किया पहले। वंशवाद की बात क्या आपने तो चुनाव और संविधान को अपने पसंद के चाटुकारों को मनोनित करने ही नहीं उनके अपराधियों के साथ देने तक पर खामोश रहकर बचाव किया है। हरियाणा की बदहाली आपके कारण ही है क्योंकि सत्ता उसी को मिली जो आपके लिए निष्ठा रखते न कि देश समाज के लिए। इक चुटकुला बेहद मशहूर रहा है , जो आप पर लागू होता है , सुनाता हूं। 
 
           कई देशों के विज्ञानिक जमा हुए अपना अपना कौशल दिखाने को। एक देश वाले ने बाल जितनी बारीक स्टील की तार बनाकर दिखाई। दूसरे देश वाले ने और अधिक अच्छा कर दिखाया , उस तार में सुराख बना दिया। तीसरे की बारी आने पर उस ने उसी में बांसुरी की तरह छेद करने का कौशल दिखाया। जब भारत की बारी आई तो उस भारतीय ने उस पर मेड इन इंडिया की मोहर लगा दी। 
 
       तीन साल से आप भी सब पुरानी सरकारों को बदनाम करते आये हैं और उन्हीं की बनाई सभी चीज़ों पर अपने नाम की मोहर लगाते आये हैं। जो अपने से पहले वालों का आदर नहीं करता और खुद को ही महान बतलाता है भविष्य में उसको यही लौटना भी होता है इतिहास में। आदर चाहते हैं तो आदर देना सीखो। 
 

 


सितंबर 16, 2017

POST : 744 बेखबर को क्या खबर ( शिक्षा की बात ) डॉ लोक सेतिया

    बेखबर को क्या खबर ( शिक्षा की बात ) डॉ लोक सेतिया 

               मैं न तो अमिताभ बच्चन को भगवान मानने वालों में हूं , न ही कौन बनेगा करोड़पति जैसे टीवी शो को उचित ही समझता ही हूं। मुझे मालूम है इस का ज्ञान का भंडार होने और लोगों के सपने सच करने के दावे के पीछे का मकसद क्या है। कभी कभी सोचता हूं कोई एक एपीसोड ऐसा भी हो जिस में इसी शो के बारे सवाल हों और उनके जवाब इन्हीं से मांगे जाएं। तब इक खेल का सच सब को पता चलेगा , मगर ऐसा वो कभी नहीं करेंगे। कौन खुद को कटघरे में खड़ा करना चाहता है। सब किसी भी तरह धनवान बनना चाहते हैं और महान उद्देश्य की बात से लोगों को बहलाना भी चाहते हैं। कल ही इक वैद जी का संदेश व्हाट्सएप पर आया जिस में इक चूरण की कीमत 40 रूपये से 100 रूपये करने की बात कहकर सवाल किया कैसे आप मुनाफाखोरी नहीं करते हैं , इक और ने मल्टीग्रैन आटे की कीमत का सच समझाया था कि जिन अनाजों की कीमत मिलाकर बीस रूपये भी नहीं बनती आप पचास रूपये दाम वसूलते हैं। फिर भी मैं दो कारणों से के बी सी का शो देखता हूं , एक क्योंकि उस में शामिल होने वालों में बहुत लोगों की बातों से बहुत नया जानने को मिलता है , दूसरा उस समय के टीवी सीरियल और समाचार चैनल के अत्याचार से बचने का ये बेहतर विकल्प है। 
 
                 कल 15 सितंबर को दो लोग आये थे इस खेल में। इक महिला जो अध्यापिका हैं , सरकारी स्कूल में पढ़ाती हैं इक ऐसी योजना में जिस में उनको कोई वेतन नहीं मिलता है। उन्हें बस से कई किलोमीटर दूर खुद सौ रूपये आने जाने का किराया खर्च कर जाना होता है। पांच साल से बिना वेतन वो शिक्षा देने का धर्म निभा रही हैं इस उम्मीद पर कि कभी उनका चयन होगा और तब उनको वेतन मिलेगा और जितने साल तक बिना वेतन काम किया उसका भी हर साल कुछ फीसदी मिलेगा। उन के पति भी दस साल तक इसी तरह शिक्षक का काम करते रहे। मुझे बहुत हैरानी हुई , जबकि होनी नहीं चाहिए , क्योंकि खुद मैं भी कुछ हद तक ऐसा ही तो कर रहा हूं। कितने अख़बार पत्रिकाओं में रचनाएं छपती हैं मगर मिलता कुछ भी नहीं , जेब से ही टाइपिंग डाक खर्च करता हूं। बहुत थोड़े हैं जो कहने भर को कुछ देते हैं। मगर मुझे अपनी बात नहीं करनी है , उस अध्यापिका जैसे शिक्षकों की करनी है। सरकार के पास बजट नहीं है खाली स्थान नहीं हैं मगर ज़रूरत है शिक्षकों की। जिनकी मज़बूरी है बेरोज़गार हैं खाली बैठने से काम करना बेहतर समझते हैं उनकी विवशता का उपयोग करती है सरकार। इसे शोषण भी नहीं कह सकते , कोई विवश नहीं करता है , मगर शिक्षक दिवस को कोई इसकी बात क्यों नहीं करता। हिंदी दिवस पर कोई हिंदी लेखकों के दर्द की बात भी क्यों नहीं करता है। दोनों दिन अभी अभी आये और बीत गए बिना कुछ भी बदले। ये अच्छा हुआ वो अध्यापिका इस से कुछ लाख की राशि जीत कर ले गईं जिस से कम से कम उस के ब्याज से उनके स्कूल आने जाने का बस का किराया तो मिल ही सकता है। मगर क्या राज्य की सरकार को इतनी भी संवेदना नहीं दिखलानी चाहिए कि ऐसे शिक्षक को सरकारी बस में टिकट तो नहीं लेना पड़े। 
 
             इक और समाजिक कार्य करने वाले भी कल आमंत्रित किये गए थे। वो कई राज्यों में गूंज नाम की संस्था द्वारा बहुत अच्छे काम कर रहे हैं। मगर उनकी इस तरफ आने की शुरुआत की बात किसी भी संवेदनशील को भीतर तक झकझोर सकती है। इक रिक्शा वाले से जिस के रिक्शा पर लिखा हुआ था लावारिस लाशों को ले जाने को रिक्शा है। पता चला उसे लावारिस लाश , देश की राजधानी दिल्ली में , सड़क पर फुटपाथ पर , दुर्घटना से , या सर्दी में ठंड से मौत होने पर कहीं ले जाने के बीस रूपये और दो मीटर कपड़ा मिलता है जिस से उसका गुज़र होता है। सब से अधिक विचलित करने वाली बात थी जो उसकी पांच साल की बच्ची ने कही। जब खुले आसमान तले रात को उसको ढंड लगती है तो वो उस लाश से लिपट कर सो जाती है और उस को गर्मी भी मिलती है और लाश करवट भी नहीं बदलती है। उस से उनको लगा केवल कपड़े नहीं होने से कितने लोग सर्दी से मौत का शिकार हो जाते हैं। अमिताभ बच्चन जी ने जो कपड़े उनको के बी सी वाले देते हैं पहनने को और जिनको बाद में वो उपयोग करते नहीं उनकी संस्था को दान में देने की बात की। मुझे महात्मा गांधी की बात याद आई कि उन्होंने लोगों को नंगे बदन देखकर खुद केवल एक धोती पहनने की बात की। आज के नेता उन्हीं की राह पर चलने और उनके नाम पर योजनाएं घोषित करते हैं , गाँधीवादी होने का आडंबर किया करते हैं , मगर अपने शानदार कपड़ों पर कितना धन खर्च करते हैं कोई नहीं जानता। गरीबों के लिए दिखावे की सहानुभूति नहीं वास्तविक संवेदना होनी चाहिए। खुद को मसीहा बताने वालों में मुझे तो नहीं नज़र आई कभी। हम लोग भी कहां ये सब सुनकर विचलित होते हैं। 

 

सितंबर 15, 2017

POST : 743 आप कहलाते भगवान , किसलिये परेशान ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

आप कहलाते भगवान , किसलिये परेशान ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया 

           मुझे रात भर नींद नहीं आई , उनकी ही चिंता सताती रही। आप तो सब को करोड़पति बनाने में लगे हैं आशावादी सपने बेचते हैं और आप ने कहा आपको इस इत्तर की बहुत ज़रूरत है अपनी नकारात्मकता को मिटाने के लिए। इक साधु ने इक राजा से कहा आपसे क्या मांगना आप तो खुद खुदा के सामने झोली फैलाये खड़े थे। मुझे इक ग़ज़ल याद आ गई। आप क्यों रोये जो हमने दास्तां अपनी सुनाई , तबाही तो हमारे दिल पे आई , आप क्यों रोये। न ये आंसू रुके तो देखिये फिर हम भी रो देंगे , हम अपने आंसुओं में चांद तारों को डुबो देंगे। फ़ना हो जाएगी सारी खुदाई , आप क्यों रोये। हुआ ये कि हमारे हरियाणा से एक शख्स गया था भाग लेने और उपहार ले गया था इत्तर का जिस से उनके कहे अनुसार नकारात्मकता नहीं रहती घर में। ये इत्तेफाक है कि कल हिंदी दिवस था और अमिताभ जी ने बच्चन जी की मधुशाला की पंक्तियां सुनाई थी। बच्चन जी की कविता जीवन भर संघर्ष की बात समझाती है उसे भूल गए , कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती से भी बात नहीं बनी जो अब नकली उपाय करने को सोचने लगे। हिंदी दिवस कल मनाया गया और सभी हिंदी को चाहने वाले हिंदी का गुणगान करते रहे और सोचते रहे कि इस दिन तो हिंदी की बदहाली की बात नहीं की जाये। चलो आज तो कर सकते हैं , तो यही विचार किया जाये हर साल हिंदी दिवस मनाने से क्या हुआ है। महिला दिवस मनाकर क्या मिला , बाल दिवस , शिक्षक दिवस और मज़दूर दिवस ही नहीं , गणतंत्र दिवस मनाने से क्या मिला जनता को। अमिताभ जी को तो सब से पहले लोगों ने बाबू मोशाय के रूप में पसंद किया था जो मानता है कि मौत तू इक कविता है। अब तो आप शिखर पर हैं फिर भी घबरा रहे हैं। ये जो डियो बेचने वाले हैं दुर्गन्ध को छुपाते हैं सुगंध नहीं फैलाते। कुछ समझे क्या। खुशबू चाहते हैं तो चंदन बनिये और सांपों के लिपटने से नकारात्मक नहीं होईये। आपके घर में सब है बाहर क्या तलाश रहे हैं। इक गीत रफ़ी जी का बाज़ार में नहीं आया किसी कारण आपको पता होगा फिर भी याद दिलाना चाहता हूं। 

अभी साज़े -दिल के तराने बहुत हैं ,

अभी ज़िंदगी के फ़साने बहुत हैं। 

दरे - गैर से भीख मांगों न फन की ,

जब अपने ही घर में खज़ाने बहुत हैं। 

             अकेले आप ही नहीं वो भी बेहद परेशान हैं जो देश में सब से अधिक बहुमत पाकर सत्ता में हैं। जब सभी जुमले लगने लगे बेअसर होते जा रहे हैं तब इक खिलौना लाने की बात कर रहे हैं। बच्चों की रेलगाड़ी की तरह दो शहरों को इक बुलेट ट्रैन से जोड़ा जायेगा और बता रहे यही युवा वर्ग को सही जगह पंहुचा सकती है। अच्छे दिन तो घोषित किया जा चुका है कि इक चुनावी जुमला था , अच्छे दिन कोई होते ही नहीं हैं। कभी बाद में बुलेट ट्रैन की बात को भी हवा में उड़ा देंगे तो क्या करोगे। किसने सोचा था समय इतनी तेज़ गति से गुज़र जाता है सत्ता वालों का कि वादे गिनने तक की फुर्सत नहीं मिलती। मेरी धर्मपत्नी मुझे समझा रही हैं मोदी जी से ड्रेसिंग सेंस सीखनी चाहिए। उनको कौन बताये हम लोगों के पास करोड़ों रूपये हों कैसे इतनी महंगी शानदार पोशाकें खरीदने को। ये तो अमिताभ बच्चन जी भी नहीं कर सकते जो दो मिंट के विज्ञापन करने के करोड़ों रूपये लेते हैं। कहीं उनकी निराशा का कारण यही तो नहीं , उनकी शान उनकी शोहरत उनकी भक्ति ने उनको हीनभावना का शिकार कर दिया हो। तभी शायर कहते हैं , बड़े लोगों से मिलने में हमेशा फासला रखना , जहां दरिया समंदर से मिला दरिया नहीं रहता। या फिर ये शेर भी है , शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है , जिस डाल पे बैठे हो वो टूट भी सकती है। अपना तो साफ फ़लसफ़ा है। 

                नहीं कुछ पास खोने को , रहा अब डर नहीं कोई ,

                 है अपनी जेब तक खाली , कहीं पर घर नहीं कोई।

POST : 742 उपदेश उल्टी गंगा बहाने के ( सच्ची बात ) डॉ लोक सेतिया

    उपदेश उल्टी गंगा बहाने के ( सच्ची बात ) डॉ लोक सेतिया 

               सभी मुझे समझाते हैं , रोज़ यही सबक पढ़ाते हैं , मुझे याद रहता नहीं वो फिर फिर दोहराते हैं। तुम नकारात्मक सोचते हो सकारात्मक सोचा करो , मन को शांत कर लो। तुम नाहक परेशान होते हो कुछ भी गलत होता देख कर , और भी तो लोग हैं कोई चिंता नहीं करता है। जो होता है देश में होने दो , पहरेदारों को सोने दो। हर बात को देखने के दो नज़रिये होते हैं , गलास कितना खाली है मत देखो , कहो अभी भी कुछ बचा हुआ है ध्यान से देखो। अन्याय होने की बात क्यों करते हो , कभी कभी ऐसा भी होता है किसी आम आदमी को न्याय मिल गया और ख़ास को सज़ा हो गई। उसकी चर्चा करो , बात उसी की करते हैं जो हैरान करती है , जो हर दिन हर जगह होता उसकी बात करना बेकार है। आपके घर में नकारात्मकता बहुत है , आपको बुरा लगता है अनुचित बात का , अपने आप पर संयम रखो। गुस्सा आपकी सेहत को खराब करेगा , शांत हो जाओ , अपने मन को समझा लो यही आज का चलन है इसको स्वीकार करना होगा। बुराई को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला , कौन लड़ेगा उस से। हम लोग मच्छर से लड़ते हैं उसको खत्म करना चाहते हैं , सांप से घबराते हैं , अजगर से डर जाते है और शेर के सामने सांस रोक मुर्दा बन जाते हैं। शायद मरा हुआ जानकर उसे रहम आ जाये अन्यथा समर्पण ही करना है , हम लड़कर नहीं मरना चाहते बिना लड़े जान देने को राज़ी हैं। देखो आपके घर में जितनी धूल है उसको गलीचे के नीचे छिपा रहने दो , कालीन को साफ रखना है , मन की मैल को साफ नहीं करना केवल बदन को साफ करना है और चेहरे को सुंदर बनाना है , शानदार कपड़े पहनने हैं। लोग बहुत उपाय करते हैं नकारात्मकता का अंत करने को और सकारात्मकता का दुशाला ओढ़ने को। समझदार लोग बीच का रास्ता बना लेते हैं , औरों की खराब बातों का शोर मचाते हैं और अपनी सब खराब बातों पर मानते हैं कि ये करना ज़रूरत है मज़बूरी है , नकरात्मक और सकारात्मक के बीच अचारात्मक नाम की नई जगह बना लेते सुविधा से। बाहर गर्म हवाएं चलती रहें आपको उनकी बात नहीं करनी है , आपको अपने लिए ढंडक का उपाय कर आराम से सोना है। 
 
             गीता में भगवान कृष्ण ने अर्जुन को लड़ने का उपदेश दिया था , आजकल गीता का उपदेश देने वाले अन्याय से युद्ध करने को नहीं कहते हैं। गीता पढ़ने से शांति मिलेगी मगर समझने की कोशिश की तो अशांत हो जाओगे , समझना नहीं है केवल रटना है। आज इक संदेश मिला मुझे बेटी ने भेजा व्हाट्सएप्प पर। अंग्रेज़ी में है , हिंदी में अनुवाद इस तरह है। सत्य युग में युद्ध दो अलग अलग लोक में रहने वालों में हुआ , देवता और दानव। त्रेता युग में दो देशों में शासकों में हुआ , राम और रावण। द्वापर में युद्ध एक परिवार में हुआ , कौरव और पांडव। ऐसे पाप दो अलग लोकों से , दो देशों में , फिर इक परिवार में भाईयों में पाप और पास आता गया।  अब कलयुग में पाप हमारे अंदर ही है और हमें उस से लड़ना है ताकि खत्म कर अपने भीतर के मानव को ज़िंदा रख सकें। मगर ध्यान दें अब बुराई के विरोध में कोई भाई अच्छाई की तरफ नहीं जाता , विभीषण का नाम बदनाम है , घर का भेदी लंका ढाये। अब आपके घर में कोई पापी है तो उसको बचाएं अपने मन के पाप को तो उचित ठहराएं। धर्म क्या अधर्म क्या भूल जाएं , बस मंदिर मस्जिद गिरजाघर गुरूद्वारे जाकर सीस झुकाएं , चढ़ावा चढ़ाएं और प्रसाद ले आएं। झूठ बोलते बिल्कुल भी नहीं शर्माएं , पाप करते कभी नहीं घबराएं। आरती गायें दीप जलाएं। नमाज़ अदा करें चादर चढ़ाएं। रविवार को मोमबत्ती जलाकर उजाले की बात करें , बाहर कितना अंधेरा है आप भूल जाएं। हर किसी को ससरिकाल बुलाकर सच कहने की बात वहीं छोड़ जाएं , झूठ से अपना काम जितना चल सकता है चलाएं। 
 
                     मगर मुझ से हुआ नहीं , कभी होगा भी नहीं , कि सब नकारात्मक बातों को अनदेखा करूं और सोचने लगूं कि शायद इसी में ही भलाई है। इस से भी बुरा हो सकता था। जी यही बात किसी पुलिस वाले ने मुझे समझाई थी , आप शरीफ आदमी किसी गुंडे से अपराधी से कैसे लड़ोगे। आज बुरा भला कहा उसने तो शुक्र मनाओ उसने मार पीट नहीं की। किसी गरीब की बेटी को कोई उठाकर ले गया और कदाचार कर वापस छोड़ गया तब भी पुलिस अधिकारी यही समझा उसकी शिकायत निपटा गए कि जान से तो नहीं मारा उस ने आपकी बेटी को। इसको सकारात्मकता कहते हैं , जान है तो जहान है। किसी जगह लिखा हुआ था दुनिया क्या है , बस इक कब्रिस्तान है। बात गंगा से शुरू करनी थी , गंगा कितनी मैली है की बात को छोड़ो अब गंगा की सफाई की बात करो बेशक इस बीच गंगा की गंदगी और बढ़ती गई हो। गंगा को गंदा करो और उसकी सफाई की बातें भी करो , यही सकरात्मकता है। 

 

सितंबर 14, 2017

POST : 741 हिंदी, हिंदीं दिवस और हिंदी वाले ( आईने के सामने ) डॉ लोक सेतिया

हिंदी, हिंदीं दिवस और हिंदी वाले ( आईने के सामने ) डॉ लोक सेतिया

      मेरी ज़िंदगी गुज़री है हिंदी में लिखते लिखते। 44 साल से तो नियमित लिखता रहा हूं हर दिन। आज 14 सितंबर है हिंदी दिवस , क्या पाया क्या खोया सोचता हूं। हिंदी से बहुत लोग बहुत हासिल कर रहे हैं , हिंदी की फ़िल्में करोड़ों का कारोबार करती हैं , हिंदी की किताबें छापने वाले प्रकाशक भी मालामाल हैं , हिंदी के अख़बार भी करोड़ों की कमाई करते हैं , पत्रिकाएं भी खूब पैसा नाम शोहरत हासिल कर रही हैं , हिंदी के टीवी चैनल तो खुदा का रुतबा पा चुके हैं। सरकार की स्थापित की साहित्य अकादमी देश की राज्यों की भी करोड़ों के बजट से अपनों अपनों को रेवड़ियां बांटने का काम कर रही हैं , हर नई बदलती सरकार अपने चहेतों को निदेशक और सदस्य बनाकर हिंदी की भलाई में खुद की भलाई करती है। पहले नहीं होता था साहित्य अकादमी की पत्रिका पर सत्ताधारी का नाम , संपादक का नाम ही पहला होता था और निदेशक प्रधान संपादक होता था। मगर कुछ साल से जिनको साहित्य से कोई सरोकार ही नहीं उनके नाम नेता अधिकारी के पहले दिए जाते हैं। अब तो विमोचन भी हर अंक का राजनेता से करवाया जाता है और कभी वो भी उनके निवास पर जाकर। हम हिंदी दिवस औपचारिकता निभाने की तरह निभाते हैं , कुछ जगह तो हिंदी दिवस वाले दिन नहीं किसी अन्य दिन ही मनाया जाता है। व्यंग्य वाले इसे श्राद्धपक्ष से जोड़ा करते हैं और जिस बात पर रोना आये उस पर ठहाके लगाते हैं। हिंदी के कवि सम्मेलन में हिंदी का चीर हरण होता दिखाई देता है। कविता संवेदना नहीं जगाती शोर करती है , इक दहशत पैदा करती है , और हर सुनाने वाला बार बार तालियों की गुज़ारिश भीख मांगने की तरह करता है। गीत कभी मधुर होते थे आजकल गंदी बात का युग है। हिंदी का भी बाज़ार है और बहुत बड़ा कारोबार है मगर उस बाज़ार में लिखने वाला न बेचने वाला है न ही खरीदार ही है , वो तो तमाशाई है और खुद ही तमाशा भी। मुझे यकीन है मेरी तरह अधिकतर लिखने वालों को लोग समाज ही नहीं उनके अपने भी इक ऐसा शख्स समझते होंगे जिस को कोई ढंग का काम आता ही नहीं , और ऐसा बेकार का काम कर रहा है किसी पागल की तरह जिस से हासिल कुछ भी नहीं होता। घर फूंक तमाशा देखता है। मगर क्या करूं मेरी विवशता है , बिना लिखे दम घुटता है , लिख रहा तभी ज़िंदा हूं नहीं लिखता तो कभी का मर गया होता। ये जीना भी कोई जीना है बहुत लोग मानते हैं , मगर मुझे लगता है जीना इसी का नाम है। आप कुछ तो सार्थक करते हैं देश और समाज का सच लिखकर बिना किसी स्वार्थ या आर्थिक लाभ के। 
 
              हिंदी दिवस भी मनाये जाते देखा है दो चार बार , क्योंकि मेरे शहर में हिंदी साहित्य को हमेशा को दफ़्ना दिया गया है कुछ खुद को बड़ा लेखक समझने वालों द्वारा , इसलिए ये शोकदिवस यहां मनाया ही नहीं जाता है। यहां कवि सम्मेलन भी करते हैं तो अपने शहर के कवियों को नहीं बुलाते , घर का जोगी जोगड़ा आन गांव का सिद्ध , और ऐसे में बहरी कवि ग़ज़लकार आकर पूछते हैं स्थानीय लिखने वालों के नाम वो क्यों नहीं आये। क्योंकि उनके लिए ये शहर लोक सेतिया , ठक्क्र जैसों का नगर है। मेरी तरह बहुत लोग हैं जिनकी रचनाएं सभी विधा की देश की पत्रिकाओं और अख़बारों में सालों से छपती हैं मगर अधिकतर कोई मानदेय नहीं देते हैं और कुछ देते हैं तो भीख की तरह , बहुत कम हैं जो नियमित रूप से इक उचित राशि भेजते हैं। खुद को हिंदी के हितेषी बताने वाले बड़े अख़बार भी मानदेय की राशि कभी भेजते हैं कभी नहीं भी भेजते और धीरे धीरे जब लेखक इसकी बात नहीं करता तो भेजना बंद ही कर देते हैं। ये सभी हिंदी को बढ़ावा देते हैं मगर हिंदी लिखने वालों का शोषण कर के। शायद इन सभी को लगता है हिंदी के लेखक को भूख प्यास नहीं लगती और उसको पैसा नहीं देना उसकी भलाई है ताकि उसको दर्द का एहसास होता रहे और दर्द बेहद ज़रूरी है लिखने को। आप ने कोई और काम ऐसा देखा है जिस में दिन रात पूरी लगन से निष्ठा से काम करता रहे कोई बिना अपनी मेहनत का मोल मिले भी। हिंदी लिखने वाले किसी और काम से आमदनी कर के अथवा साहित्य अकादमी से अनुदान लेकर अपनी किताब छपवाते हैं और फिर अपनी किताबों को अपने जान पहचान वालों को उपहार स्वरूप देते हैं भले वो पढ़ें या नहीं पढ़ें। फिर अपने किसी लिखने वाले से लिखवा किताब की समीक्षा खुद ही भेजते हैं सब जगह उसके नाम से। किताब का विमोचन करवाते हैं कभी पुस्तक मेले में दिल्ली जाकर तो कभी साहित्य अकादमी के कार्यकर्म में या फिर हिंदी दिवस मनाने को अपने शहर के आयोजित सभा में जिस में किताब लिखने वाले किताब की समीक्षा पढ़ने वाले ही दिखाई देते है और कोई साहित्य अनुरागी नहीं नज़र आता। 
 
            हिंदी दिवस पर हिंदी की हालत की कोई बात नहीं करता। स्कूली बच्चों की लिखी कविताओं जैसी रचनाओं को पढ़कर सुनाया जाता है। मेरा भारत महान। सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा। की तरह ही हिंदी को माथे की बिंदी बताते हैं। मगर हिंदी को अपने को सजाने को दिया जाता कुछ भी नहीं , क्या उसे उधर मांगकर कपड़े पहन और खुद को सजाकर लाना है। सजना भी किस की खातिर है। हिंदी की दशा उस महिला जैसी है जिसे मालूम ही नहीं वो क्या है। सुहागन है तो सुहाग कौन है। विधवा है तो किस की। और छोड़ी हुई है तो किस ने छोड़ दिया है। कुंवारी है तो हर कोई क्यों उस पर जब ज़रूरत हो अपना हक समझ हुक्म चलाता है। आज हिंदी को बता तो दो क्या है वो। 
 

 

सितंबर 13, 2017

POST : 740 दूरदर्शी सीधा प्रसारण ( महाभारत भी रामायण भी ) डॉ लोक सेतिया

दूरदर्शी सीधा प्रसारण ( महाभारत भी रामायण भी ) डॉ लोक सेतिया 

            उनको लगा अब तो खुद अपनी आंखों से देश का हाल देखना चाहिए। टीवी पर तो हर दिन उसी की महिमा दिखाई देती है। अपनी आंखों से गांधारी जैसी बांधी हुई पट्टी खोल कर विदुर की दिव्य दृष्टि से देश और जनता की बेहतर हुई हालत देखनी चाहिए। सवाल किया महात्मा जी बताओ स्वच्छ भारत कितना सुंदर लगता है। जवाब मिला स्वच्छ भारत तो टीवी पर इश्तिहार ही रह गया है और देश भर में गंदगी पहले जैसी क्या और भी अधिक हो गई है। जिस जिस जगह स्वच्छ भारत के पोस्टर लगे हैं हर उस जगह ही कूड़ा और गंदे पानी की बदबू से बुरा हाल है। स्वच्छता की परिभाषा बदलनी पड़ेगी ताकि जितना धन खर्च किया गया उसको उचित बताया जा सके। किसी ने स्वच्छता उप कर का हिसाब मांगा तो बताया गया कोई हिसाब नहीं है , हिसाब ही नहीं देंगे तो कोई गड़बड़ की बात कैसे कहेगा। 
 
          चलो और कोई सवाल करो अब , अच्छा बताओ मेक इन इंडिया से क्या क्या हुआ। मेक इन इंडिया तो खो गया कहीं मगर अब जापान से बुलेट ट्रैन बनवा रहे हैं। इक विदेशी के साथ मिलकर सड़क पर तमाशा दिखला रहे हैं , आधे घंटे के सफर की खातिर करोड़ों खर्च कर नौ किलोमीटर की सड़क को खूब सजा रहे हैं। लोग भूखे हैं और सत्ता वाले जनता का धन बेकार के आयोजनों पर उड़ा रहे हैं। 
 
         चलो ये बताओ सब की समानता कितनी हो चुकी है। सब आज़ादी का लाभ पा रहे हैं। मत पूछो देश को किस दिशा को ले जा रहे हैं। हर संस्था की धज्जियां उड़ा रहे हैं , उनकी बताई धुन सभी विवश हो गा रहे हैं। विपक्ष की बात नहीं सुनाई देती सत्ता वाले इतने ऊंचे स्वर में चिल्ला रहे हैं। हंसना रोना दोनों उनकी मर्ज़ी से , खुद हंस रहे बाकी सब को रुला रहे हैं। 
 
         ये तो बताओ उनके साथ जो पितामह हैं क्या उनको नहीं राह दिखला रहे हैं। उनकी अपनी हालत ऐसी हुई है न मर ही सकते न जी पा रहे हैं। शायद अपनी भूल पर मन ही मन पछता रहे हैं। धर्मयुद्ध नहीं अधर्मयुध है राजनीति , नए नए सबक लिखे जा रहे हैं। रामायण लिखने वाले सोचने लगे हैं , महाभारत क्या है समझने लगे हैं , गीता के अर्थ खोजने लगे हैं। इधर कौन क्या है क्या नहीं है कहीं पर सब कहीं कुछ नहीं है। जहां आस्मां था वहां अब ज़मीं है , ज़मीं पर आजकल कोई नहीं है। अभी तो न जाने क्या क्या है होना , जिन्हें आम मिले हैं खाने को , चाहते हैं अब वही बबूल ही बबूल सब जगह बोना। फूल और गुलदस्ते तो हैं सोशल मीडिया पर भेजने को , हर कोई सबकी राह में बिछाता है कांटें ही कांटे। 
 
         ( अचानक सरकार को खबर हो गई इसकी और नेटवर्क जैम कर दिया गया है )

             अभी कथा जारी है , आप जाईयेगा नहीं , थोड़ा अंतराल लेना है 


 


सितंबर 12, 2017

POST : 739 अंधेर नगरी चौपट राजा ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

    अंधेर नगरी चौपट राजा ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

             राजा तो कोई होता नहीं फिर भी खुद को सेवक भी कोई समझता भी नहीं। सत्ताधारी दल को शायद गर्व हो सकता है बुलेट ट्रैन की आधारशिला रखने पर , क्योंकि और तो कुछ भी अच्छा देश को मिला नहीं भाषणों के सिवा। महंगाई बेरोज़गारी अपराध बढ़ने और नेताओं की असंवेदनशीलता की कोई सीमा बची नहीं है। जनता से अधिक से अधिक पैसा लूटने का काम किया जा रहा है हर तरह से , पेट्रोल के दाम विश्व में आधे हो गए मगर सरकारी लालच कम नहीं हुआ। इक तमाशा रोज़ होता है , उत्तर प्रदेश में किसानों को दस बीस और सौ दो सौ की राशि का चेक मिलता है और कार्यकर्म में नाच गाना होता है महिला नृत्य का। जिनकी सरकार उनको मनोरंजन ज़रूरी लगता है हर अवसर पर। इधर जापान से अनुबंध कर एक लाख करोड़ की राशि से केवल दो शहरों में बुलेट ट्रैन की शुरुआत की जा रही है। आपको जानकर अचरज होगा कि ये राशि देश की स्वास्थ्य सेवा की राशि से दोगुनी है और शिक्षा की राशि से भी दोगुनी है। वास्तव में शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों की राशि को मिलाकर भी इस से कम बजट खर्च करती है सरकार। देश में तीस प्रतिशत बच्चे कुपोषण का शिकार हैं और अभी भी पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य अधूरा है। गरीबों की बात करने वालों की प्राथमिकता गरीब नहीं हैं। क्या जिस मार्ग से नेता को गुज़रना हो कुछ देर को बस उसी को साफ़ सुथरा और सुंदर बनाया जाना उचित है। अगर देश वास्तव में स्वच्छ करना है तो इसको बंद करना होगा , ख़ास लोगों को भी जो वास्तविकता है दिखाई देनी चाहिए। कब तक आप केवल शोर मचाकर देश की जनता को धोखे में रख सकते हैं। विपक्ष का उपहास करना जनतंत्र के खिलाफ है जो सत्ताधारी दल के लोग करते नज़र आते हैं। इसे देखकर लगता है जैसे इतना बहुमत पाकर उनको अहंकार हो गया है , जबकि बहुमत जिन अच्छे दिनों की बात से मांगा था उनका कहीं अता पता नहीं है। काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ती ये याद रखना ज़रूरी है। 
 

 

POST : 738 हिंदी का गाना , हिंदी का रोना ( निट्ठला चिंतन ) डॉ लोक सेतिया

हिंदी का गाना , हिंदी का रोना ( निट्ठला चिंतन ) डॉ लोक सेतिया 

      आज 12 तारीख है 14 सितंबर को है हिंदी दिवस , हमने 10 तारीख को ही हिंदी दिवस मना भी लिया। मैं भी बुलाया गया था , शामिल भी हुआ था , मगर दो दिन बाद भी मुझे समझ नहीं आ रहा उसका मकसद क्या था। जाकर देखते ही समझ आया मंच सजा हुआ है मगर वातावरण में शोक सभा जैसी ख़ामोशी है , आधा हाल खाली है , केवल वही लोग आये हुए हैं जिनको आना ही है अपने अपने मकसद से। लोग आपस में अपनी खुद की बात कर रहे हैं बाकी सब से नमस्कार की औपचारिकता निभा कर। दिवार पर संस्था का बड़ा सा पोस्टर चिपका है जिस पर बहुत नाम हैं और कुछ किताबों की तस्वीर हैं जिनका विमोचन किया जाना है। विचार विमर्श और कविता पाठ की भी बात लिखी गई है। जैसा कि परंपरा है एक घंटा देर से मुख्य अतिथि आये तभी कार्यकर्म शुरू हुआ है। साहित्य के आयोजन में राजनेता मुख्य महमान हैं ताकि दो पांच हज़ार दे कर हिंदी पर उपकार कर जाएं। बताया गया आज केवल हिंदी के बारे लिखी रचनाएं ही पढ़नी हैं , हिंदी को जैसे बांध दिया गया हो ऐसा लगा। सब से पहले शुरुआत की किसी ने और कई देशों में लोग हिंदी में बात करते हैं ये समझाया कि उन्होंने किस किस देश की यात्रा की है और बाज़ार में खरीदार से सब उनकी भाषा में औपचारिक बात करते है बताकर साबित किया कि हिंदी का परचम लहरा रहा है। विचार की बात थी मगर विचार नहीं किया गया कि इस में शुद्ध कारोबार है भाषा से अनुराग नहीं। हिंदी बोलना उनकी ज़रूरत है मज़बूरी है पसंद नहीं है। मैंने देखा लोग उनकी बात पर ध्यान नहीं दे रहे थे , श्र्द्धांजलि सभा में दिंवगत आत्मा की सद्गति की बात की तरह। इस तरह सब बारी बारी आते रहे और हिंदी हिंदी दोहराते रहे। स्कूलों दफ्तरों में बच्चे लाते हैं लिखकर उस तरह की रचनाएं हिंदी है माथे की बिंदी , हिंदी का आकाश , हिंदी से हर काम , हिंदी तुझे सलाम , कौन क्या पढ़ रहा कोई नहीं सुन रहा था। इक बोझिल सा समां लगा मुझे जैसे किसी बच्चे को अध्यापक ने आदेश दिया हो और उसे खड़े होकर लिखी नोटबुक से पाठ पढ़ना है चाहे क्लास में बाकी बच्चे अपनी बातों में व्यस्त हों। मुझे किसी की भी रचना में कुछ भी नया और सार्थक नहीं मिला , यही लगा कहां आ गया क्यों आ गया। बीच बीच में किसी लेखक की किताब का विमोचन होता और उस के बाद उस के किसी अपने से उस की समीक्षा पढ़ने की बात होती रही। बिना सुने सब समझ रहे थे अपनी अपनी ढपली अपना अपना राग है। इक समीक्षक को लिखने वाले की कहानी मुंशी प्रेमचंद जैसी और उन से बेहतर लगी। अब इस में किसी को क्यों आपत्ति हो , जिस को जो पसंद हो। मैं भी अपनी पत्नी की पसंद को अपनी पसंद बताता हूं हमेशा। सभा के अंत से पहले मुख्य अतिथि को किसी और सभा में जाना था भोग की बात थी अर्थात कोई शोक सभा होगी। मैं भी चला आया था अपनी दो ग़ज़ल पढ़कर जो हिंदी में लिखी थी पर हिंदी पर नहीं थीं , ये अपराध करना ही पड़ा क्योंकि मुझे आज के हालात पर समाज की वास्तविकता पर बोलना था , तोता रटंत नहीं करता मैं कभी भी। मगर मुझे मालूम है उस के बाद जो जो हुआ होगा। कुछ लोगों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया होगा और सफल आयोजन की बधाई भी दी गई होगी। बस इक बात खो गई होगी कि इस से हिंदी की क्या भलाई हुई है। मुझे ख़ुशी है बहुत लोगों से मिलना हुआ इसी बहाने , मगर समझा नहीं आयोजन का हासिल क्या है। शायद चार दिन पहले अपनी सुविधा से हिंदी दिवस मनाने की बात से ही मुझे समझ लेना था ये इक आडंबर है जो साल दर साल दोहराना पड़ता है ये बताने को कि हम हिंदी वाले हैं। 
 

 

सितंबर 11, 2017

POST : 737 व्यवस्थिक ढंग से अव्यवस्था की सरकार ( वास्तविकता ) डॉ लोक सेतिया

     व्यवस्थिक  ढंग से अव्यवस्था की सरकार ( वास्तविकता )

                                   डॉ लोक सेतिया

       अब राज़ खुल गये हैं , साधु संतों और धर्म वालों के ही नहीं , नेताओं सरकारों और कानून व्यवस्था कायम रखने को तगड़ा वेतन सुख सुविधाएं हासिल करने वाले अधिकारियों तक सभी के। सब शामिल हैं व्यवस्थिक तरीके से अव्यवस्था फैलाने में। जब चलना ही जंगलराज है तब इन सब सफेद हाथियों की ज़रूरत ही क्या है। घोषित ही कर दो देश में आज़ादी है जो चाहो करो , कोई रोक टोक नहीं कोई सज़ा नहीं। सज़ा हो तो सब को मिलनी चाहिए जो जो तमाम अपराध होते देखते रहे , अपराधियों को बचाते रहे। एक अपराधी को अपराध की दुनिया बनाने देने को कितनों ने अपनी ईमानदारी अपने कर्तव्य की अनदेखी की , कोई हिसाब नहीं। बात किसी एक जगह की नहीं एक शहर की नहीं एक कारोबार की नहीं है। आज ही देश की सर्वोच्च अदालत ने गुरुगांव में स्कूल में इक बच्चे के कत्ल पर यही कहा है। सवाल देश भर के मासूमों का है और हर स्कूल का है शिक्षा से जुड़े सभी लोगों और सरकारों का है। टीवी वालों को हर खबर इक अवसर लगती है अपने लिए ये देख हैरानी होती है। 
 
          अगर वास्तव में देश में शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर वास्तविकता को समझा जाये तो पता चलेगा जैसे यहां कोई नियम कानून नहीं कोई देखने वाला नहीं कोई पालन करने वाला नहीं किसी भी कायदे का। कितना बड़ा कारोबार बना दिया है आपने इन दो बुनियादी ज़रूरतों को जनता की। और जो करोड़ों वसूल करते उन पर कोई निगाह ही नहीं किसी विभाग की। कैसे शिक्षक कैसी शिक्षा , कैसे हॉस्पिटल कैसे डॉक्टर्स और कैसी सुविधाएं और किस तरह के कर्मचारी और उपकरण।  सब जानते हैं सरकारी ही नहीं निजि बड़े बड़े नर्सिंग होम और हॉस्पिटल किसी भी मापदंड पर खरे नहीं हैं। किसी सरकार की इस से बड़ी लापरवाही क्या हो सकती है कि आप देखते ही नहीं शिक्षा और इलाज के नाम पर लोगों की ज़िंदगी से खिलवाड़ होता है। किसी खुली जगह कोई अपने धंधे को बढ़ाने को मुफ्त टेस्ट और उपचार की बात कर लोगों की ज़िंदगी से खेलता है क्योंकि कोई रोकने वाला नहीं है। कल ही मेरे इक दोस्त को बुखार हुआ तो इक डॉक्टर की लैब ने प्लेटलेट्स की कमी बताई दूसरी लैब ने टाईफाइड और तीसरी लैब ने कुछ और बताया। क्योंकि कोई नियम ही नहीं कौन करेगा जांच खून की , अनुभवी टेक्निटिशन या कोई भी लड़का दसवीं पास , जबकि होना पैथोलोजिस्ट डॉक्टर चाहिए।  मगर कोई भी डॉक्टर मरीज़ को किसी पैथोलोजिस्ट के पास नहीं भेजता , क्योंकि उनको निदान की नहीं हिस्से की चिंता है। क्या ये भ्र्ष्टाचार नहीं है।  हॉस्पिटल हो या स्कूल सब को सस्ता स्टाफ चाहिए और अधिक से अधिक कमाई भी।  इक आपराधिक चलन हो गया है बड़े बड़े हॉस्पिटल्स को मरीज़ भेजने में हज़ारों का कमीशन मिलने का। 
 
                 ये सरकार खुद को ईमानदार सरकार बताती है मगर इसका तौर तरीका आपराधिक ही है। कभी मुख्यमंत्री की सभा में जाने वालों से काली जुराब तक उतरवाई जाती हैं तो कभी पूरा हाईवे ही बंद किया जाता है चाहे कोई एम्बुलेंस ही क्यों नहीं हो।  मानवता की बात सरकार प्रशासन और पुलिस में नहीं है तभी अपराधी अपराध करते डरते नहीं हैं। नेताओं की औलाद के अपराध का बचाव लोग करते हैं और सरकार भी अपराधियों के पक्ष में खड़ी है।  अच्छे दिन ऐसे होते हैं किसी को पता नहीं था। 
 

 

POST : 736 कुछ कागज़ के कुछ पत्थर के ( खरी खरी ) डॉ लोक सेतिया

    कुछ कागज़ के कुछ पत्थर के ( खरी खरी ) डॉ लोक सेतिया

            बहार का मौसम था और फूलों की बात थी। फूल बंद हाल कमरे में सजे हुए थे तरह तरह के नाम रंग वाले। कोई सुगंध नहीं थी जबकि कितना इतर उपयोग किया गया था। सभा आयोजित की गई थी और सब को फूलों की ही बात करनी थी। सब लिख कर लाये थे पढ़कर सुनाने को , ये फूल कागज़ वाले थे जिनका दावा था वो मुरझाते नहीं कभी। किसी ने हाथ लगाया और सब कागज़ बिखर गए भरी सभा में। हर कोई अपनी बात कहने को आया था और मंच से समझाता रहा सब को बहार की बात। सुनी नहीं किसी ने किसी की भी बात। बहार का अनुभव बंद कमरों की सभा में करना और करवाना चाहते थे सभी। सब अपने अपने कुएं को समंदर समझ रहे थे , सब अपनी अपनी ऊंचाई बढ़ाने को आतुर थे और किसी ऊंची जगह खड़े होने की कोशिश कर रहे थे। रेत के टीले का क्या पता कब हवा में बिखर जाये। अपनी अपनी महिमा का बखान अपने अपने साथी से करवा खुद ही आत्ममुग्ध हुए जा रहे थे। कोई दूसरे की महिमा से प्रभावित नहीं हो रहा था। कोई हर किसी के पास जाकर अपनी नई दुकान का पता बता रहा था। कोई रौशनी बेच रहा था बहार वाले बाज़ार में तो कोई सहयोग का कारोबार करने की बात कर लेन देन पर ही अटका हुआ था।  सब महान काम करने का दावा कर रहे थे। मुझे बहार को देखना था मगर उस जगह खिज़ा ही खिज़ा हर तरफ दिखाई दे रही थी , सूखे पत्ते और उदासी थी छाई हुई। 

      लोग मतलब के बहुत सच्चे लगे , फूल कागज़ के सभी अच्छे लगे।


सितंबर 09, 2017

POST : 735 ख्वाबों ख्यालों की दुनिया ( उल्टा सीधा ) डॉ लोक सेतिया

   ख्वाबों ख्यालों की दुनिया ( उल्टा सीधा ) डॉ लोक सेतिया 

             ये दौलत भी ले लो , ये शोहरत भी ले लो। भले छीन लो मुझ से मेरी जवानी। मगर मुझ को लौटा दो बचपन का सावन।  वो कागज़ की कश्ती वो बारिश का पानी। वो नानी की बातों में परियों का डेरा , वो चेहरे की झुर्रियों में सदियों का फेरा। भुलाये नहीं भूल सकता है कोई वो छोटी सी रातें वो लंबी कहानी। जगजीत सिंह भी नहीं हैं , जसपाल भट्टी भी नहीं हैं , लोग भूल भी गए थे नानी की कहानी को। मगर कोई नहीं भूल सका इक सपना जो चार साल पहले उसने देखा था। देश में कहीं है कोई परियों के डेरे जैसी जगह जहां सभी अजूबे सच हैं। बड़े बड़े महल रंगीन शामें रौशन दिन रात और इक ख्वाबों ख्यालों की दुनिया जिसे देख कर कोई विश्वास नहीं करता कि वो सपना ही है या वास्तविकता भी हो सकती है। सब से पहले उस ने सपने को सच करने को इक लाल किला बनाकर उस से भाषण दिया था और सपनों को बेचने का भव्य शोरूम खोला था। लोगों को बताया था नकली पहले बनाये जाते हैं असली बाद में बन जाते हैं। हर इमारत का मॉडल पहले बनाया जाता है फिर उसी तरह की इमारत खड़ी की जाती है। और उसने वादा नहीं किया था , इक सपना दिखलाया था सब अच्छा लाने का , ख्वाबों की दुनिया को ढूंढ लाने का। 
 
          आखिर वो परियों का डेरा मिल ही गया , सब को पता था मगर किसी को भी दिखाई नहीं देता था। अब इक हादसा हुआ और जो सब जानते थे मगर देख कर भी नहीं देखते थे , उसका पता सब को चल गया। बस आजकल उसी का शोर है , उसकी हर छुपी हुई बात तलाश की जा रही है। कभी कभी ख्वाब डरावने भी होते हैं , ये सच्ची बात है , मुझे बचपन में अक्सर इक ख्वाब आता था और मुझे बुखार तक चढ़ जाया करता था। पिता जी ने इक छोटी सी तलवार मुझे दी थी रात को अपने सिरहाने के नीचे रखने को। अब याद नहीं कब वो डरावना ख्वाब आना बंद हुआ। सपनों की इक सतरंगी दुनिया किसी ने कब कैसे बसाई कोई नहीं जानता , मगर उस दुनिया की चमक दमक के पीछे बहुत राज़ दफ़्न थे बादशाहों के महलों की तरह। रंगारंग कार्यकर्मों की ऊंची तान में सिसकियों की आवाज़ सुनाई कहां देती है। आज भी सत्ता को भला अपनी शानो शौकत से अधिक कुछ नज़र आता है , अपनी जय जयकार सुनना सभी चाहते हैं। देश विदेश में सब यही कर रहे हैं। लोक शाही संविधान सब भूल गए हैं , सेवक हैं की बात किसे याद रहती है , मसीहा कहलाना चाहते हैं। हर मसीहा बहुत कुछ छुपाये रहता है , सब से पहले यही सच कि मसीहा मसीहा होता ही नहीं। कोई भी मसीहा गरीबों को कुछ देने को नहीं आता , मसीहा होने की कीमत वसूलता है। भगवान बनाकर लोग बड़ी भूल करते हैं। भगवान का सच यही है , खुद आलिशान घरों में रहता है , सज धज कर सिंघासन पर बिराजता है , सुबह शाम आरती होती है उसकी और मनपसंद व्यंजन का भोग लगाया जाता है। भगवान बना दिया तो उस से सवाल नहीं कर सकते कि किया क्या है ये कैसी दुनिया बनाई है जिस में इतना भेद भाव है। सब को सब बराबर देना था , और भारत भुमि पर तीन चौथाई दौलत दस फीसदी अमीरों की और नब्बे फीसदी इक चौथाई की खातिर लड़ते मरते हैं जीने को हर दिन।  भगवान की ये कैसी सियासत है। 
 
           ताजमहल हो या चीन की दीवार , सब बने गरीबों की लाशों पर ही हैं। परियों के स्वर्ग और जन्नत की हक़ीक़त भी अलग नहीं होगी। इंसान और इंसानियत की बात नहीं और सपने बेचते हैं सुनहरी रंग वाले। सपने छलते हैं और सपनों के पीछे भागने वाले असलियत से बहुत दूर हो जाते हैं। ख्वाबों की दुनिया कितनी भी सुंदर हो जागते ही सामना फिर उसी हक़ीक़त से होता है। आज की हक़ीक़त बड़ी भयानक है और सब अच्छा बनाने वाले आज भी परियों के डेरे के मोहजाल से निकलना नहीं चाहते। उन्हें मालूम नहीं बिना उसके उनकी नैया पार कैसे होगी। ये नशा है जो उतरता नहीं आसानी से , मगर इक सच और भी है। देश की जनता भले और कुछ नहीं कर पाए , बड़े बड़े शासकों के नशे को चकनाचूर करती रही है। होश में आने पर मालूम होता है जिन को हमने नासमझ लोग माना उनको हर बात की समझ थी। अच्छे अच्छों को बुरे दिन दिखलाती रही है ये जनता , जब ज़मानत भी नहीं बची उनकी जो समझते थे वही देश हैं , उन्हीं से देश कायम है।

सितंबर 08, 2017

POST : 734 आंखों वाले अंधे ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

           आंखों वाले अंधे ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया 

             नीम हकीम खतरा ऐ जान। मुहावरा सब को याद है। मगर फिर भी खुद खतरा मोल लेते हैं लोग। इधर बहुत आसान है किसी सार्वजनिक जगह पर अपनी दुकान लगाकर मुफ्त जांच के नाम पर अपना कारोबार बढ़ाने का काम करना। मुफ्त की हर वस्तु सस्ती नहीं होती है , खुले आसमान के नीचे किसी मरीज़ की जांच करना शायद ही नियमानुसार उचित हो। अब ये करने वाला शिक्षित है अथवा बिना शिक्षा लिए करता है कोई अंतर नहीं है। ज़हर आपको दोस्त देता है या दुश्मन ज़हर ज़हर का काम करता है। सरकार कभी देखती नहीं कौन कैसा अपराध कर रहा है , हम जानते समझते हैं ये अनुचित है फिर भी अनदेखा करते हैं। जब आप गंदगी के ढेर वाली जगह अजनबी लोगों से अपनी जांच और उपचार कुछ पैसों के लालच में करते हैं तब आप कितनी भयानक बिमारियों को बुलावा देते हैं नहीं जानते। सरकार सभी को स्वास्थ्य सेवा नहीं दे सकती मगर इतना तो कर्तव्य निभाना कठिन नहीं कि किसी को आम जनता के जीवन से ऐसा खिलवाड़ नहीं करने दे। बहुत कुछ नहीं बहुत अधिक अपराधिक ढंग से खिलवाड़ किया जाने लगा है लोगों के स्वास्थ्य के साथ। क्या बड़े बड़े सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स को अपने पास रोगी भेजने की कमीशन देना अथवा किसी डॉक्टर का कमीशन खाना उचित है। नीम हकीम भी वही करते है और बड़े बड़े उच्च शिक्षा वाले डॉक्टर भी। हम्माम में सभी नंगे हैं। आप को पैसा कमाना आता है सौ तरीकों से , आपको खुद अपने ही जीवन से खिलवाड़ करने की बात क्यों समझ नहीं आती , तब आपकी समझ आपकी जानकारी को लकवा मार जाता है। आजकल अधिकतर रोग इसी कारण बढ़ रहे हैं , ईलाज के बिना नहीं गलत ईलाज से मरना अधिक अफसोसजनक है।