अक्टूबर 30, 2026

POST : 2133 पौराणिक काल में लौटता भारत ( तिरछी चाल ) डॉ लोक सेतिया

      पौराणिक काल में लौटता भारत ( तिरछी चाल ) डॉ लोक सेतिया 

 आपको आधुनिक व्यंग्य कथा पढ़ने को लिखी जा रही है , किसी भी कथा को पढ़ते सुनते हुए कोई सवाल किसी तर्क वितर्क की बात को पहले ही छोड़ना आवश्यक है ।  कथा का यथार्थ से संबंध साबित करने की जगह भावार्थ समझ कर ज्ञान रुपी अमृत पान करना चाहत होनी चाहिए ।  अधिकांश कथा को समझने में बहुत समय लगता है तब जाकर ऐसा मालूम होता है कि हां अमुक कथा लिखने वाले ने यही कितना पहले लिख रखा था ।  नहीं मैं कोई भविष्य बताने वाला कदापि नहीं हूं अगर होता तो शायद कब का जान गया होता कि मेरा नसीब कभी भी बदल नहीं सकता है चाहे लाख कोशिशें प्रार्थनाएं करता रहूं ।  आजकल भविष्यवाणी करने वाले अपनी कही बात से कब मुकर जाते हैं पता ही नहीं चलता है , मैं आधुनिक युग की वास्तविकता को देख कर जैसा समझा हूं इस कथा में वही लिखने की कोशिश है । आपको काफी पीछे अपने देश के इतिहास को जानना समझना होगा , आज़ादी से पहले ही नहीं गुलामी से भी पूर्व जब राजशाही नवाब और राजा महाराजा रजवाड़े जागीरदार कुनबे शाहंशाह शासक सम्राट सुल्तान भूपति  हुआ करते थे ।  दुनिया पिछले युग से आगे बढ़ती है और लोकतांत्रिक या समाजवादी से लेकर तमाम विचारधाराओं को अपनाती है , यहां तक कि जहां अभी भी कोई राजा होता है वहां उसने ख़ुद ही अपनी सीमा को निर्धारित कर देश की जनता को वास्तविक मालिक समझ कर बहुत अधिकार जनता को देने का प्रयास किया है ।  लेकिन हमको अपने अतीत पर गर्व करने की आदत इतनी अधिक है कि पुरातन काल की अनुचित घटनाओं को भी किसी न किसी तरह से आवश्यक साबित करने की बात करते रहते हैं । 
 
पिछले कुछ सालों से फिल्मकारों ने टीवी चैनल से ओ टी टी तक ने  देश समाज को सही दिशा दिखलाने वाली पुरानी फिल्मों जैसे नया ज़माना वो सुबह कभी तो आएगी पूरब पश्चिम उपकार जैसी लोक जागृति  की कहानियों को छोड़ कर पैसे बनाने को तथाकथित धार्मिक और काल्पनिक किरदार तमाम तरह के दिखला कर दर्शकों को असली समाज को भुलाकर किसी कल्पनालोक में आनंद लेने का झूठा सपना दिखलाना शुरू कर दिया है ।  यकीन मानिये जिस को सदी का महानायक घोषित किया जाता है मीडिया द्वारा समझने लगोगे तो उसने युवा वर्ग को अपने किरादरों से प्रभावित कर भटकाया है और रौशनी की तरफ नहीं घने अंधियारे की तरफ धकेला है ।  करोड़पति बनाने का खेल का शो किसी मृगतृष्णा से बढ़कर ऐसी दौड़ में कितने लोगों को दौड़ने को प्रेरित करना है जिस की परिणीति वही है जो इक अंग्रेजी कहानी कितनी ज़मीन चाहिए इक आदमी को में होती है ।  लेकिन शायद आजकल जो कुछ सामने दिखाई दे रहा है देश की राजनीति की हालत भी वर्तमान को छोड़ पुरातन पौराणिक युग की तरफ समाज को धकेलने का प्रयास किया जाने लगा है ।  बिना संकोच लोग कहने लगे हैं कि उनको कोई भी लोकतांत्रिक ढंग से हटा नहीं सकता बल्कि अगले कितने वर्षों तक उनका ही शासन रहेगा और जनता को उसी को लोकतंत्र मानना होगा । 
 
अघोषित शाहंशाह की सत्ता की बात होने लगी है जिस में कुछ मनसद होंगे जो साहिब ए आलम का इक़बाल बुलंद रहे की जयजयकार कर बदले में मनचाहा सभी कुछ हासिल किया करेंगे ।  इस राजनीति ने कितना कुछ संविधान न्याय और मौलिक अधिकार से मानवाधिकार ही नहीं बल्कि विचारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तक पर अंकुश ही नहीं लगाया बल्कि अपने विरोधी को दुश्मन मानकर जैसे चाहा उस पर ज़ुल्म करने तक की कोशिश की है ।  लेकिन आज जो लोग उनकी विचारधारा को अपने लिए हितकारी समझ रहे हैं उनको इस से आगे की कल्पना शायद नहीं है ।  क्या आपको ध्यान है ऐसे पुरातन पौराणिक काल में जनता गुलाम बनकर ज़ालिम की शिकायत तक नहीं कर सकती थी और शासक उनकी ज़मीन जायदाद ही नहीं बहू बेटियों बहनों को उठवा कर ले जाना अधिकार समझते थे ।  गरीबी भूख और तमाम अन्य समस्याओं से अधिक पीड़ादायक ये होता है और ऐसा नहीं कि जो शासक के दरबारी होते हैं उनकी कभी बारी नहीं आती , कभी उनके साथ भी यही होता है ।  कथाओं में पढ़ने से आपको समझ नहीं आएगा कि तब कैसा जीवन सामान्य वर्ग ही नहीं बल्कि साधनसम्पन्न वर्ग को जीना पड़ता था जिस में कोई अदालत कोई कानून किसी को इंसाफ़ नहीं देता था और शासक का अन्याय और अनुचित निर्णय ही अंतिम समझना अनिवार्य हुआ करता था । आज लगता हैं हमारा समाज और राजनीति और शासकीय प्रणाली की व्यवस्था उसी अंधकारमय भविष्य की तरफ अग्रसर है ।  सावधान ।  
 

          कैसा शासन होता था पौराणिक काल में   (   अध्याय दो )  ( अंतिम और आवश्यक भाग ) 

हो सकता है कुछ लोग सोचते हैं पुराना राजाओं का शसन अच्छा हुआ करता था , उनको तब की इक झलक तो दिखाना ज़रूरी है ।  कोई भी राजा कभी जनता को कोई अधिकार देने की बात सोचता ही नहीं था बल्कि धर्म भी उनके सामने हाथ जोड़े खड़ा था और सभी पुजारी जनता को बतलाते थे कि राजा ईश्वर का हो रूप है उसकी कही हर बात अंतिम सत्य है ।  राजा उनको धन दौलत सब कुछ देने के साथ उनके धर्म के नाम पर किये अनुचित कार्यों को भी अनुचित नहीं बल्कि अनिवार्य समझता था ।  राजा करता क्या था अपने लिए महल और अपनी याद मरने के बाद भी कायम रखने को शिलालेख ऊंचे ऊंचे सतंभ निर्माण किया करता था जनता को अनुमति नहीं थी कि वो व्यवस्था को खराब बताने को बोलने का साहस कर सकें , उनको राजा की महिमा गुणगान आरती सुनाई सिखाई जाती थी जिसे मानकर वही दोहराना पड़ता था ।  राजा जब जिस खुबसूरत लड़की को देखता उसको अपनी रानी बनाकर उसके साथ मनमानी किया करता था , ये रानियां दरअसल दासियां ही थी जिनको सब शारीरिक सुःख साधन मिलते थे राजा को खुश रखने के बदले ।  महलों के हम्मामों में क्या होता क्या नहीं ये रहस्य था लेकिन जानते थे सभी ख़ास वर्ग के लोग जो राजा के करीबी थे , मर्यादा कहती है इस को और नहीं खोलना चाहिए ।  राजा का अहंकार और उसकी हसरतें कभी भी पूर्ण नहीं हुआ करती थी , जितना कुछ उसने अपनी शान और स्मृति बनाने को किया सब व्यर्थ जाता । राजा कब बदल दिया जाता कैसे कैसे षड्यंत्र राजभवन में हुआ करते कोई हिसाब नहीं , लेकिन नया राजा मिलते ही लोग पुराने को छोड़ उसकी शान में कसीदे लिखने पढ़ने लग जाते थे ।  किस राजा ने क्या क्या भलाई के कार्य किये वो वास्तव में अपने अन्याय अधर्म पाप को छुपाने के मकसद से किये जाते थे अन्यथा शासक जनता को कभी कुछ भी देना नहीं चाहते हैं ये आपको इक नीति  कथा पढ़ने से समझ आएगा आखिर में धरती का रास नीतिकथा  पढ़ते हैं ।   
 

                           धरती का रस ( नीति कथा )

एक बार इक राजा शिकार पर निकला हुआ था और रास्ता भटक कर अपने सैनिकों से बिछड़ गया ।  उसको प्यास लगी थी , देखा खेत में इक झौपड़ी है इसलिये पानी की चाह में वहां चला गया ।  इक बुढ़िया थी वहां , मगर क्योंकि राजा साधारण वस्त्रों में था उसको नहीं पता था कि वो कोई राह चलता आम मुसाफिर नहीं शासक है उसके देश का । राजा ने कहा , मां प्यासा हूं क्या पानी पिला दोगी ।  बुढ़िया ने छांव में खटिया डाल राजा को बैठने को कहा और सोचा कि गर्मी है इसको पानी की जगह खेत के गन्नों का रस पिला देती हूं ।  बुढ़िया अपने खेत से इक गन्ना तोड़ कर ले आई और उस से पूरा गलास भर रस निकाल कर राजा को पिला दिया ।  राजा को बहुत ही अच्छा लगा और वो थोड़ी देर वहीं आराम करने लगा  ।  राजा ने बुढ़िया से पूछा कि उसके पास कितने ऐसे खेत हैं और उसको कितनी आमदनी हो जाती है ।  बुढ़िया ने बताया उसके चार बेटे हैं और सब के लिये ऐसे चार खेत भी हैं ।  यहां का राजा बहुत अच्छा है केवल एक रुपया सालाना कर लेता है इसलिये उनका गुज़ारा बड़े आराम से हो जाता है ।  राजा मन ही मन सोचने लगा कि अगर वो कर बढ़ा दे तो उसका खज़ाना अधिक बढ़ सकता है ।  तभी राजा को दूर से अपने सैनिक आते नज़र आये तो राजा ने कहा मां मुझे इक गलास रस और पिला सकती हो ।  बुढ़िया खेत से एक गन्ना तोड़ कर लाई मगर रस थोड़ा निकला और इस बार चार गन्नों का रस निकाला तब जाकर गलास भर सका ।  ये देख कर राजा भी हैरान हो गया और उसने बुढ़िया से पूछा ये कैसे हो गया , पहली बार तो एक गन्ने के रस से गलास भर गया था ।  बुढ़िया बोली बेटा ये तो मुझे भी समझ नहीं आया कि थोड़ी देर में ऐसा कैसे हो गया है ।  ये तो तब होता है जब शासक लालच करने लगता है तब धरती का रस सूख जाता है ।  ऐसे में कुदरत नाराज़ हो जाती है और लोग भूखे प्यासे मरते हैं जबकि शासक लूट खसौट कर ऐश आराम करते हैं ।  राजा के सैनिक करीब आ गये थे और वो उनकी तरफ चल दिया था लेकिन ये वो समझ गया था कि धरती का रस क्यों सूख गया था ।


 
 

 

1 टिप्पणी:

Sanjaytanha ने कहा…

Sahi kahaa filmakar ott director sab pese bnane me lage nayak pradhan filme sahi disha dete samaj ko esa kuch nhi bna rhe