फ़लसफ़ा - ए - ज़िंदगी ( पुस्तक ) लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
फ़लसफ़ा - ए - ज़िंदगी ( पुस्तक ) लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मार्च 07, 2021

POST : 1475 गांव का अपना सब मकां ढूंढते हैं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

गांव का अपना सब मकां ढूंढते हैं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

गांव का अपना सब मकां ढूंढते हैं 
गर्मियों की फिर छुट्टियां ढूंढते हैं । 
 
जा के वापस कच्ची गली में वहां पर  
अपने पांवों के  कुछ निशां ढूंढते हैं । 
 
ख़्वाब जितने देखे रहे सब अधूरे 
उम्र भर हम फिरते गुमां ढूंढते हैं । 
 
सुन के खबरें सबकी हुई नींद गायब  
निगहबानी को  , पासबां ढूंढते हैं । 
 
सबक नफरत का भूलने के लिए अब  
प्यार वाली  , इक  दास्तां ढूंढते हैं । 
 
पा के ऊंचे पद लोग थे झुक के रहते 
हम उन्हीं जैसे , रहनुमां ढूंढते हैं । 
 
मतलबी  दुनिया बेरहम लोग कितने   
हम कहां  ' तनहा '  मेहरबां ढूंढते हैं ।
 

 
 

जनवरी 08, 2021

POST : 1443 अब किसी को हमारी ज़रूरत नहीं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

अब किसी को हमारी ज़रूरत नहीं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा ' 

 
अब किसी को हमारी ज़रूरत नहीं 
और जीने की हमको भी चाहत नहीं । 
 
सुन रहा कौन आवाज़ अपनी मगर 
चुप रहें पर हमारी ये आदत नहीं । 
 
ढूंढते हम मुहब्बत मिलीं नफ़रतें 
हम करें क्या है सीखी अदावत नहीं । 
 
झूठ को सच बताना न आया हमें 
मुल्क़ में सच की कोई भी कीमत नहीं । 
 
राजनेता  , मसीहा भला कब हुए 
ये बताना तो होती बग़ावत नहीं । 
 
आप मसरूफ़ हैं हम भी मायूस हैं 
बात करने की दोनों को फुर्सत नहीं । 
 
ज़ुल्म कितने सहें लोग ' तनहा ' अभी 
हमको मंज़ूर उनकी सियासत नहीं । 
 
 

 


 

दिसंबर 11, 2020

POST : 1424 है ज़मीं अपनी है आस्मां अपना ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया " तनहा "

है ज़मीं अपनी है आस्मां अपना ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया " तनहा "

है ज़मीं अपनी है आस्मां अपना
लुट न जाये ये सारा जहां अपना । 
 
तोड़नी हैं हमको फिर से जंज़ीरें
आ गया फिर से इक इम्तिहां अपना । 
 
रहनुमाओं ने भटका दिया तो क्या
हम बना लेंगें फिर कारवां अपना । 
 
चाह महलों की करते नहीं लेकिन
खुद बचायेंगे छोटा मकां अपना । 
 
बंद पिंजरे में होंगे नहीं " तनहा "
सब समझते हैं क्या क्या गुमां अपना ।  
 

 

अगस्त 30, 2020

POST : 1372 तुझे हंसना मना है जुर्म रोना है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

 तुझे हंसना मना है जुर्म रोना है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

तुझे हंसना मना है , जुर्म रोना है 
यहां औरत है क्या बस इक खिलौना है ।

नई कोई कहानी लिख नहीं सकते 
तुझे फिर से ज़लीलो-खार होना है । 

समझते लोग खुद को सब फ़रिश्ते हैं 
शराफ़त बोझ तेरा तुझको ढोना है । 

मुहब्बत ढूंढना मत जाके महलों में 
नहीं उसके लिए कोई भी कोना है । 

सरे-बाज़ार बिकना तुझको आखिर है 
तुम्हारी लाश पर चांदी है सोना है । 

बताओ कोख़ हर इक पूछती सब से 
उगाये फूल कांटों का बिछौना है । 

न पूछो हाल "तनहा" क्या हमारा है 
ये आंचल आंसुओं से रोज़ धोना है । 
 

 

जून 24, 2020

POST : 1334 मौत के सर यही इल्ज़ाम है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

  मौत के सर यही इल्ज़ाम है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

मौत के सर यही इल्ज़ाम है 
खूबसूरत भी  है बदनाम है । 

इक कहानी हक़ीक़त थी कभी
रह गया बिन पढ़ा पैग़ाम है । 

मयकदा मय नहीं साक़ी नहीं 
और टूटा हुआ  हर जाम है । 

राह देखी सुबह से शाम की 
बस यही हर किसी का काम है । 

बुझ गई आग बाक़ी है धुआं
देख लो सब तमाशा आम है । 

मिट गया सब लिखा तकदीर का
सिर्फ़ बाकी रहा इक नाम है  । 

कौन फ़रियाद "तनहा" की सुने
ढल रही ज़िंदगी की शाम है । 
 

 

मई 28, 2020

POST : 1314 अब लगे टूटने सब भरम आपके ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

अब लगे टूटने सब भरम आपके ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया  ' तनहा '

अब लगे टूटने सब भरम आपके 
क्या करम आपके क्या थे ग़म आपके । 

वक़्त ने आपकी पोल सब खोल दी 
कितने झूठे थे सारे वहम आपके । 

अब मसीहा नहीं मानते लोग भी 
काम आये नहीं पेचो-खम आपके । 

सोचना एक दिन ओ अमीरे-शहर 
लोग सहते रहे क्यों अलम आपके । 

कब निभाई किसी से वफ़ा आपने 
आप किसके हुए कौन हम आपके । 

ज़हर देते रहे सबको कहकर दवा 
ख़त्म होंगे कभी क्या सितम आपके । 

खून की बारिशें जिसमें ' तनहा ' हुईं 
लोग देखा करेंगे हरम आपके । 
 

 
 


 

अप्रैल 29, 2020

POST : 1274 उन्हें मिल ही जाते हैं इक दिन किनारे ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

        उन्हें मिल ही जाते हैं इक दिन किनारे ( ग़ज़ल ) 

                           डॉ लोक सेतिया "तनहा" 


उन्हें मिल ही जाते हैं इक दिन किनारे 
जो रहते नहीं नाख़ुदा के सहारे । 

कभी तुम भी खेलो मुहब्बत की बाज़ी 
नहीं कोई जीता सभी इस में हारे । 

लिखी जिसने तकदीर हाथों से अपने 
कहो मत उसे तुम नसीबों के मारे । 

हैं खामोशियां छा गईं महफ़िलों में 
कहीं से दे आवाज़ कोई पुकारे । 

सदा अब किसी की नहीं वो भी सुनते 
खड़े किसलिए लोग उनके हैं द्वारे । 

बिना बात देखो सभी लड़ रहे हैं 
सबक प्यार का भूल बैठे हैं सारे । 

ज़रूरत जिसे दोस्ती की है "तनहा"
इनायत करो उसको मुझसे मिला रे । 
 

 

अप्रैल 25, 2020

POST : 1269 नये दौर की लिख रहे हम कहानी ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

नये दौर की लिख रहे हम कहानी ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

नये दौर की लिख रहे हम कहानी 
बढ़ी प्यास जितना पिया जिसने पानी । 

कहां खो गईं आज सारी बहारें 
सुनो ये हक़ीक़त खिज़ा की ज़ुबानी । 

खुदा कल जिसे हर किसी ने कहा था 
मिटाने लगा है खुदा की निशानी । 

सियासत की तलवार चलने लगी अब 
मुहब्बत के किस्से थीं बातें पुरानी । 

बगावत दिखाई किया जुर्म कैसे 
तुम्हें मार देगी कभी राजधानी । 

लगा जिस पे इल्ज़ाम लूटा चमन को
सभी कह रहे आपकी मेहरबानी । 

रही खुशनसीबी यही हमने देखे 
वो दिन और "तनहा" वो रातें सुहानी ।
 

 
 

नवंबर 21, 2019

POST : 1224 उड़ने की चाह में इरादे बदल जाते हैं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

       उड़ने की चाह में इरादे बदल जाते हैं ( ग़ज़ल ) 

                       डॉ  लोक सेतिया "तनहा"

उड़ने की चाह में इरादे बदल जाते हैं 
पांव चलते हुए अचानक फिसल जाते हैं । 

अब मुहब्बत कहां , तिजारत सभी करते हैं 
अब तो क़िरदार रोज़ सारे बदल जाते हैं । 

ढूंढती हर शमां नहीं मिलते वो परवाने 
आग़ में प्यार की जलाते हैं जल जाते हैं । 

आस्मां पे नहीं ज़मीं पर नज़र रखते हैं 
राह फ़िसलन भरी कदम खुद संभल जाते हैं । 

फिर उसी मोड़ पर मुलाकात नहीं हो उनसे 
हम झुका कर नज़र उधर से निकल जाते हैं । 

दब गई राख में चिंगारी बनी जब शोला 
तेज़ आंधी चले महल तक भी जल जाते हैं । 

अब वहां कुछ नहीं न शीशा न साकी फिर भी 
देख कर मयक़दे को "तनहा" मचल जाते हैं । 
 

 
 


 

जून 04, 2019

POST : 1114 कभी मस्ती में यारो हम भी होंगे ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

 कभी मस्ती में यारो हम भी होंगे ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

 
कभी मस्ती में यारो हम भी होंगे
हुए सब दूर रंजो- ग़म भी होंगे ।

सुलगती रेत का दरिया जहां है 
वहीं बारिश के सब मौसम भी होंगे । 

बहुत लंबा जहां फैला हुआ है 
मुसाफिर लोग कुछ पैहम भी होंगे । 

किसी तरहा मना लेंगे उन्हें हम 
अगर रूठे हुए हमदम भी होंगे । 

नहीं आंसू बहेंगे अब कभी भी 
हमारे दर्द आखिर कम भी होंगे । 

न भरने ज़ख्म देंगे लोग बेशक 
मिला जो चारागर मरहम भी होंगे । 

नज़र आते नहीं  "तनहा " कहीं पर 
कभी इक रोज़ हर आलम भी होंगे । 
 

 

अक्टूबर 16, 2018

POST : 936 गली से बच के उनकी अब निकलना है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

गली से बच के उनकी अब निकलना है ( ग़ज़ल ) 

                         डॉ लोक सेतिया  ' तनहा ' 


गली से बच के उनकी अब निकलना है 
सदा ख़ामोश रह कर दर्द सहना है ।  

पकड़ कर हाथ जब चाहा छुड़ा लेते 
नहीं अब साथ जीना साथ मरना है । 

हुए थे  सादगी पर हम फ़िदा जिनकी 
उन्हें भाता बहुत , सजना संवरना है ।
 
ज़रूरत ही नहीं वादा निभाने की 
बहाना कर के वादे से मुकरना है । 
 
सियासतदान ऐसे लोग बनते हैं 
फ़रिश्ते बन के जिनको जुर्म करना है । 
 
सभी से भूल आखिर हो ही जाती है 
संभल जाना नहीं फिर से फिसलना है । 
 
रहोगे कब तलक ' तनहा ' ऊंचाई पर 
कभी वापस ज़मीं पर ही उतरना है ।  
 

 



सितंबर 25, 2018

POST : 914 पथ पर सच के चला हूं मैं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

   पथ पर सच के चला हूं मैं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

पथ पर सच के चला हूं मैं
जैसा अच्छा - बुरा हूं मैं । 

ज़ंजीरें , पांव में बांधे 
हर दम चलता रहा हूं मैं ।

कोई मीठी सुना लोरी
रातों रातों जगा हूं मैं । 

दरवाज़ा बंद था जब जब
जिसके घर भी गया हूं मैं । 

मैंने ताबीर देखी है
इन ख्वाबों से डरा हूं मैं । 

आना वापस नहीं अब तो
कह कर सबसे चला हूं मैं । 

खुद मैं हैरान हूं "तनहा"
मर कर कैसे जिया हूं मैं । 
 

 

सितंबर 24, 2018

POST : 912 इक गुलाबी रुमाल आया है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

  इक गुलाबी रुमाल आया है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

इक गुलाबी रुमाल आया है
बन के लेकिन सवाल आया है । 

दरो-दीवार सहमे सहमे हैं
जैसे घर में बवाल आया है । 

खेल सत्ता कई दिखाती है
ये तमाशा कमाल आया है । 

अब परिन्दे लगे समझने हैं
ले के सय्याद जाल आया है । 

गर्दिशे वक़्त और तुम देखो
इक नई चल के चाल आया है । 

खत ये लिक्खा हुआ गुलाबी है
जैसे होली- गुलाल आया है । 

आज ' तनहा ' निखार कलियों पे
देख फिर बेमिसाल आया है । 
 

 
 


 



सितंबर 21, 2018

POST : 910 आग़ पानी को लगानी चाहिए ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

  आग़ पानी को लगानी चाहिए ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

आग़ पानी को लगानी चाहिए
इश्क़ की ऐसी कहानी चाहिए । 

बेवफ़ाई का सिला देना हो गर
बात उनकी भूल जानी चाहिए । 

पत्थरों के लोग घर शीशे के हैं
और क्या क्या मेहरबानी चाहिए । 

आज तनहाई बहुत अच्छी लगी
रुत सुहानी अब बुलानी चाहिए । 

ज़िंदगी भी मौत को है ढूंढती
मौत को भी ज़िन्दगानी चाहिए । 

फ़ाश उनके राज़ होंगे एक दिन
बात दुनिया को बतानी चाहिए । 

झूठ की तक़रीर , सारे कर गये
सच भी "तनहा" की ज़ुबानी चाहिए । 
 

 

POST : 909 इधर - उधर सब धुआं - धुआं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया 'तनहा'

इधर - उधर सब  धुआं - धुआं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया  'तनहा' 

इधर उधर  सब  धुआं - धुंआ
न रौशनी का बचा  निशां । 

ये पूछती है नज़र - नज़र 
है आदमी का कोई मकां  । 

समझ सके जो यहां है कौन 
जरा - सी इक बच्ची की ज़ुबां । 

कहीं भी दिल लगता ही नहीं 
जो कोई जाए भी तो कहां  । 

सुनाएं कैसे किसी को हम 
इक उजड़े दिल की ये दास्तां । 
 
वही चमन ख़ुद जला रहे 
जो बन के बैठे हैं बागबां ।  

तबाह ' तनहा ' करो न अब 
बसा सकोगे न फिर जहां । 
 
 

War Images - Free Download on Freepik

 


 

सितंबर 20, 2018

POST : 908 ज़िंदगी में ख़ुशी नहीं तो क्या ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

ज़िंदगी में ख़ुशी नहीं तो क्या ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

 
ज़िंदगी में ख़ुशी नहीं तो क्या 
इन लबों पर हंसी नहीं तो क्या । 
 
जानते लोग सब कहानी को  
खुद जुबां से कही नहीं तो क्या ।
 
अब  फ़रिश्ते यहां  बहुत मिलते  
मिल रहा आदमी नहीं तो क्या ।
 
फिर से उनको कभी परखना मत  
कर सके  दोस्ती नहीं तो क्या ।
 
जानपहचान दर्द से गहरी  
आंख में गर नमी नहीं तो क्या ।
 
सब ही आये मेरे जनाज़े पर 
एक आये तुम्हीं नहीं तो क्या ।

यूं ही मशहूर हो गए  ' तनहा '
दास्तानें कही नहीं तो क्या । 
 

 

सितंबर 16, 2018

POST : 905 तुम बताओ है कहीं ऐसा जहां ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

  तुम बताओ है कहीं ऐसा जहां ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

तुम बताओ है कहीं ऐसा जहां
राजनेता दर्द को समझें कहां । 

जब सितारा टूट कर गिरने  लगा
चुप रहे दोनों ज़मीं औ आस्मां । 

लोग मानेंगे नहीं कोई कभी 
एक नेता आदमी सा था यहां । 

अब किसी से पूछता कोई नहीं
बस्तियों से उठ रहा कैसा धुआं । 

सबको अपनी बात कहनी आ गई
बेज़ुबांनों  की , नहीं कोई   ज़ुबां । 

कर गया कितना अंधेरा मुल्क में
वो जला करता था खुद बन कर शमां । 

कौन था "तनहा" सभी को कर गया
पूछता है धूल से खुद कारवां । 
 

 

सितंबर 01, 2017

POST : 727 जुर्म हम लोग बस एक करते रहे ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

जुर्म हम लोग बस एक करते रहे ( ग़ज़ल ) डॉ  लोक सेतिया "तनहा"

जुर्म हम लोग बस एक करते रहे
अश्क़ पीते गये आह भरते रहे ।

किस को झूठा कहें किस को सच्चा कहें
बात कर के सभी जब मुकरते रहे ।

रात तूफान की बन गई ज़िंदगी
बिजलियों की चमक देख डरते रहे ।

मुख़्तसर सी हमारी कहानी रही
जो बुने ख्वाब सारे बिखरते रहे ।

हर कदम पर नये मोड़ आये मगर
हौंसलों के सफर कब ठहरते रहे ।

लोग सब प्यार को जब लगे भूलने
कुछ सितारे ज़मीं पर उतरते रहे ।

वो सितमगर सितम रोज़ ढाते रहे
और इल्ज़ाम "तनहा " पे धरते रहे । 
 

 

अगस्त 31, 2017

POST : 726 उन्हें कैसे जीना , हमें कैसे मरना ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया " तनहा "

उन्हें कैसे जीना , हमें कैसे मरना ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया " तनहा "

उन्हें कैसे जीना   ,  हमें कैसे मरना ,
ये मर्ज़ी है उनकी , हमें क्या है करना ।

सियासत हमेशा यही चाहती है ,
ज़रूरी सभी हुक्मरानों से डरना । 

उन्हें झूठ कहना , तुम्हें सच समझना ,
कहो सच अगर तो है उनको अखरना । 

किनारे भी उनके है पतवार उनकी ,
हमें डूबने को भंवर में उतरना । 

भला प्यास सत्ता की बुझती कहीं है ,
लहू है हमारा उन्हें जाम भरना । 

कहीं दोस्त दुश्मन खड़े साथ हों , तुम ,
नहीं भूलकर भी उधर से गुज़रना । 

सभी लोग हैरान ये देख " तनहा "
हसीनों से बढ़कर है उनका संवरना । 
 

 

अगस्त 19, 2017

POST : 719 इन बेज़मीर लोगों के किरदार मत लिखो ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया " तनहा "

      इन बेज़मीर लोगों के किरदार मत लिखो ( ग़ज़ल ) 

                         डॉ लोक सेतिया " तनहा "

इन  बेज़मीर लोगों के किरदार मत लिखो 
बेदर्द शासकों को यूं अवतार मत लिखो । 

मारे गये सभी लोग ,  बस ऐतबार कर  
आईन देश का क्यों गया हार मत लिखो । 

सच झूठ ,झूठ सच , आज सब लोग जानते
झूठे बयान देती ये सरकार मत लिखो । 

मत पूछना हुआ क्या वो वादा बहार का
उनके फरेब की बात सौ बार मत लिखो । 

संतान शासकों की , खुली छूट है मिली
उनके गुनाह सब माफ़ , बदकार मत लिखो । 

उनसे सवाल क्या , और उनके जवाब क्या
कब कौन कर रहा क्या व्यौपार मत लिखो । 

सब चोर कह रहे , बन गये हम शरीफ हैं
"तनहा" इसे किसी का इश्तिहार मत लिखो ।