नवंबर 25, 2021

दिल-औ दिमाग़ के जाले साफ़ कर ( आत्मचिंतन ) डॉ लोक सेतिया

  दिल-औ दिमाग़ के जाले साफ़ कर ( आत्मचिंतन ) डॉ लोक सेतिया 

पूर्वाग्रह ग्रस्त होकर कभी सही निर्णय नहीं लिए जा सकते हैं। पंचायत अदालत जब किसी विषय पर विचार करती है तब इंसाफ करने को पहली शर्त अपना नज़रिया छोड़ निरपेक्ष होकर विवेक से सोचना समझना होता है। हम कौन हैं पुरुष हैं या नारी हैं उस धर्म या इस धर्म किस नगर गांव देश के हैं किसकी संतान हैं किस से क्या संबंध है इन सभी बातों को एक तरफ रखकर समझना चाहिए। यहां केवल समझने को कई विषय पर विमर्श करना है। शुरआत शानदार भवन उपासना करने को बनाने से करते हैं। ईश्वर को किसी आलीशान महल की चाहत भला हो सकती है अगर चाहता तो खुद बना सकता था उसकी बनाई पूरी दुनिया धरती आकाश पानी हवा जीव जंतु पेड़ पौधे सुंदरता की अनुपम मिसाल रंग बिरंगी कलिया फूल धूप छांव उजाला अंधेरा रात दिन मौसम हरी वादियां चांद सितारे कितना कुछ जिसकी कोई सीमा नहीं गिनती नहीं सब उसी का घर ही है कोई उसको किसी छोड़ी जगह रखने की कोशिश करता है तो नासमझ है। क्या आदमी खुद को ईश्वर से विधाता से ऊपर समझता है जो दावे करता है कहां कितने भव्य मंदिर मस्जिद गुरूद्वारे गिरिजाघर निर्माण कर रहे हैं। खुद को हर धर्म से अलग कर ईश्वर पर विश्वास करते हुए सोचना क्या ख़ुदा भगवान विधाता जो एक है एक ही है उसे अपने लिए हर जगह घर निवास करने को चाहिएं या उसको ख़ुशी होगी जब उसके पैदा किये सभी बंदे इक घर में रहें बेघर कोई नहीं हो। धर्म समाज के भलाई के नाम पर हमने इंसानों को छोड़ पत्थरों को महत्व देना कैसे शुरू किया कहां से सीखा है। हर धर्म वास्तव में सही भक्ति ईबादत पूजा उपासना का मार्ग अपनाता तो कोई भी दुनिया में बेघर बेआसरा बेसहारा बेबस नहीं होता और दुनिया कितनी खूबसूरत बन जाती। 
 
अब विषय देश में बहुमत जिस का है उस धर्म का सर्वोचता समझने का। देश में अधिकांश लोग गरीब हैं तो क्या गरीबों की पसंद से व्यवस्था होनी चाहिए और अगर सभी निर्णय गरीबी की रेखा से नीचे के वर्ग की इच्छा से लिए जाएं तो रईस अमीर लोग बहुमत की भावना को स्वीकार कर अपना सब सभी में बराबर बांटने को राज़ी होंगे। कहने भर को देश में लोकतंत्र है वास्तव में धन बाहुबल और चोर चोर मौसेरे भाई की तरह कुछ मुट्ठी भर लोग स्वार्थ की राजनीति और शासन सत्ता के अधिकारों का मनमाना उपयोग कर संविधान से छल कर रहे हैं कभी किसी को देश के अधिकांश लोगों ने मतदान में पचास फीसदी मत नहीं दिए हैं अर्थात तीस फीसदी पाकर सत्ता पर होते हैं और अधिकांश जनता की भलाई उनकी प्राथमिकता नहीं होती है। देश की सबसे बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है क्या सभी किसान मज़दूर एक हो जाएं तो उनकी सरकार बन कर नौकरी कारोबार उद्योग सबके लिए मुश्किल खड़ी करने को नियम लागू कर सकते हैं। वास्तव में देश में अधिकांश लोग किसान मज़दूर महनत करने वाले खुदगर्ज़ मतलबी नहीं हैं उनको अपना पेट भरना है जीवन बसर करना है मगर बाकी सबको साथ रखकर सबके संग रहना है। खेद की बात है ये वर्ग खामोश रहता है शराफत से ईमानदारी से थोड़े में गुज़ारा कर संतुष्ट हो जाता है। धनवान राजनेता शासक अधिकारी राजनेता उनकी उपेक्षा करते हैं और उनको अधिकार भी ख़ैरात की तरह देते हैं। 
 
शिक्षित होकर हमने धन दौलत ताकत शोहरत पाने को क्या नहीं किया बस नहीं किया तो सच और झूठ को समझने परखने के बाद अपनी तर्कशक्ति से विचारधारा विकसित करने का कार्य कभी नहीं किया है। काले सफ़ेद की बात नहीं है बात होती है बापू के तीन बंदर खामोश रहने की सीख देते हैं बुराई को अनदेखा करना समस्या का समाधान नहीं उसको ख़त्म करना ज़रूरी होता है। ज़ालिम को ज़ालिम कहना खराब नहीं होता क़ातिल को मसीहा कहने से बचना चाहिए। जिसको खुद अपना पता नहीं मालूम वही दुनिया भर की खबर रखने का दावा करता है। मिट्टी के खिलौने की तरह तीन पुतले बनाकर कोई समझता है कि मेरे बनाये मिट्टी के पुतले भगवान बनकर कल्याण करेंगे। हम सभी जैसे किसी अंधे बंद कुंवें के मेंढक हैं जिनको कुंवा समंदर लगता है अफ़सोस इस बात का है कि हम अंधे कुंवे में रहकर खुश हैं बाहर निकलना ही नहीं चाहते और कोई बाहर निकालने की कोशिश करता भी है तो हम बाहर निकलते फिर वापस उसी कुंवे में छलांग लगा देते हैं। कैफ़ी आज़मी की नज़्म की तरह। और चिल्लाने लगते हैं हमको रौशनी चाहिए हमको आज़ादी चाहिए। 
 

 

कोई टिप्पणी नहीं: