अक्टूबर 10, 2018

POST : 928 हर कानून से खिलवाड़ , कानून को रहे लताड़ - डॉ लोक सेतिया

   हर कानून से खिलवाड़ , कानून को रहे लताड़ - डॉ लोक सेतिया 

   पहले थोड़ा इनकी पहचान समझना ज़रूरी है। ये अलग अलग हैं जब आपस में मतलब नहीं मिलता तो एक दूसरे को बुरा बताते हैं। जब अवसर आये तब सर्वदल सहमति की तरह एक भी हो जाते हैं। इक इक की वास्तविकता दिखलाते हैं। उनका धंधा है सरकारी विभाग और कर चोरों का समझौता करवाते हैं ईमानदारी से रिश्वत का बराबर हिस्सा पाते हैं। इस बात को छोड़ो क्या कहलाते हैं दलाली करते हैं मगर दलाल नहीं समझे जाते हैं। किसी अनुचित निर्मित इमारत को सस्ते में खरीद कर मिलकर वैध कवराते हैं मगर उसके बाद असलियत पर आते हैं। जिस नक्शे पर विभाग से अनुमति मिली उसे कागज़ों पर समझाते हैं और अपनी मर्ज़ी से कानून को ताक पर रखकर निडरता से कुछ और बनाते हैं। कोई अधिकारी रिश्वत से नहीं मानता तो कई हथकंडे अपनाते हैं अपने होटल में अय्याशी मिलकर करते कराते हैं। हर काम को अपनी जगह किराये पर उठाते हैं लोगों की जान जोखिम में रखकर आग का खेल रचाते हैं। क्या नहीं कर सकते सब कर जाते हैं। विभाग को ठेंगा दिखलाते हैं। विभाग के सरकारी प्लॉट्स पर कब्ज़ा जमाते हैं चोरी करते सीनाज़ोरी दिखाते हैं। मगर धर्म कर्म वाले हैं धर्मध्वजा फहराते हैं। अब इक और से मिलवाते हैं , जो नहीं कल्पना की हमने वो कर दिखलाते हैं। पेड़ लगाने की बात समझाते हैं मगर पेड़ को काटने की इजाज़त नहीं हो तो नई राह खोज लाते हैं। किसी पेड़ की खाल तने से एक फुट गोलाई में छिलवाते हैं , पेड़ की डालियों पत्तों को भोजन नहीं जाता और पेड़ सूख जाते हैं। उसके बाद सूखे पेड़ को कटवाते हैं रास्ता बनाते हैं। नहीं ये अकेला नहीं कितने ढंग उनको आते हैं , ऊंचे पेड़ पर ऊपर से ऐसी दवा छिड़कवाते हैं कि पेड़ खुद ब खुद मर जाते हैं। मेरे शहर में ऐसे रईस बहुत हैं जो अपने साथ लगती गली को कब्ज़ा कर अपना बनाते हैं विभाग वाले उनके घर आते जाते हैं तभी नहीं घबराते हैं। नेता लोग हमेशा खाली सरकारी ज़मीन पर पार्क पर कब्ज़ा जमाते हैं दुकानें मकान जो मर्ज़ी बनाते हैं और किसी दिन कानून बदलवा मलकियत पा जाते हैं। दल की बनते लोग अपनी साहूलियत के कानून बनाते हैं और कुछ साल पटे पर रखने वाले मालिक बन जाते हैं। कई हैं किस किस की बात की जाये करोड़पति हैं चोरी की बिजली से कारखाने चलाते हैं। कुंडी चोर नहीं हैं धरती के भीतर से केबल डलवाते हैं मिल बांट खाते हैं। ऐसे सभी लोग कानून को रंडी समझते हैं उसको तार तार करते जाते हैं। किसी अधिकारी को अपना काम करने देने में अड़ंगे लगाते हैं। खुद नियम नहीं पालन करने वाले कानून की किताब लेकर आते हैं , सच ये है इक बात नहीं समझते हैं। आपके सभी के लिबास कागज़ के हैं और सरकारी विभाग वालों के पास आग के अंबार फाइलों में बंद हैं , चुप रहने वाले खैर मनाते हैं। हम तो इक बात याद दिलवाते हैं जिनके घर शीशे के होते हैं वो भूले से भी किसी पर पत्थर नहीं उठाते हैं। महल शीशे वाले बच नहीं पाते हैं। 

 

अक्टूबर 05, 2018

POST : 927 सत्य के शोध से झूठ के उपयोग तक ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

  सत्य के शोध से झूठ के उपयोग तक ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

                         झूठ की है सरकार अब , अपनी अखियों को खोल रे।

                         झूठ का पलड़ा भारी है , सच न चलता मत तोल रे।। 

     नारद जी का भजन नारायण जी को समझ नहीं आया तो हैरान होकर पास बुलाया और कहा मुझे आपका नया भजन कुछ समझ नहीं आ रहा। मगर कोई बात नहीं जनता हूं मेरे वास्ते ही बनाया होगा। नारद जी नई कोई जवाब ही नहीं दिया और मस्ती की धुन में गाते रहे। भगवान को कहना पड़ा , मुनीवर , किस चिंता में डूबे हुए हैं आज जो नारायण नारायण कहना भी याद नहीं रहा। आपको आराम की ज़रूरत है ये लग रहा है। धरती पर जब भी जाते हैं आकर हाल चाल बताते हैं मगर कभी इस तरह से तो नहीं वापस आते हैं। क्या हुआ इस बार कहो क्या फरमाते हैं। भगवन कहना है जो किस तरह बताऊं शब्द ही उलझते जाते हैं , इतनी जल्दी कहीं भला मापदंड बदल जाते हैं। सत्यमेव जयते वाले झूठ की महिमा सुनाते हैं। सरकार बदलने से किस तरह अल्फ़ाज़ बदल जाते हैं। कुछ मत सोचना क्या क्यों कैसे आपको सब बात बताते हैं सच कहने की कसम नहीं खाते झूठ नहीं बता सकते तभी हम आज बहुत घबराते हैं। कोई है जो लिख सकता है आज कलयुग की सच्ची कथा सुनाते हैं आपके लिपिक लिखते जाते हैं ताकि हर बात का मतलब जो भी आपको संशय हो बाद में सुलझाते हैं। 
 
                 मैं कभी झूठ नहीं बोलता जब भी कोई कहता है तब सबसे बड़ा झूठ यही होता है। मगर जब झूठ बोलने वाला शासक हो तो झूठ झूठ नहीं कहलाता है , उसका अपना बही खाता है। जो भी झूठ सत्ता बोलती है सच समझा जाता है। आजकल झूठ की बारी है सच्चाई झूठ से हारी है। झूठ पर शोध किया जाना बाकी है , सबको समझाना बाकी है। अभी जितना सामने आया कुछ भी नहीं पूरा झूठ सामने आना बाक़ी है। झूठ की पढ़ाई ज़रूरी है सच केवल गांधी जी की तरह मज़बूरी है। सच खुद को नहीं पहचानता है , सच मर चुका है खुद यही मानता है। सदियों तक सभी ने सच समझा समझाया है अब पहली बार झूठ का परचम लहराया है। झूठ पर सच की पॉलिश का कमाल है पीतल पर सोने का पानी खूब चढ़ाया है , अपनी चमक से दुनिया को भरमाया है। सब कहने लगे हैं यही है जो सच को ढूंढ कर लाया है। सच का कोई खरीदार नहीं है और झूठ जहां नहीं बिकता कोई बाज़ार नहीं है। झूठ झूठ झूठ कितने झूठ सामने आये हैं मगर झूठा गर्व से कहता है झूठ पर शर्मसार नहीं है। सारी पुरानी पढ़ाई व्यर्थ है झूठ का गहन बड़ा अर्थ है। झूठ की शिक्षा बहुत ज़रूरी है , हर शिक्षा बिना झूठ आधी अधूरी है। झूठ की कोचिंग क्लासेज का ज़माना है ये लाज़मी है अगर रोज़गार पाना है। जिस जिस ने झूठ की महिमा है गाई उस उस ने मनवांछित कामना है पाई। झूठ कल सबका भगवान कहलाएगा आपको भाएगा या नहीं भाएगा मगर जल्द ही ये भी सामने आएगा। झूठ जब ताज पहन कर सिंहासन पर बैठेगा सच सलाखों में बंद नज़र आएगा।

                इस कथा का अर्थ भी बताना ज़रूरी है , अभी तक कोई नहीं जनता था झूठ का कोई पेड़ ही नहीं सारा गुलशन झूठा है झूठ के पेड़ों पर इतने फल लगे हैं कि झूठों के चमन में हमेशा बहार का मौसम रहता है। सच को सूली पर चढ़ाने की बात पुरानी हुई नई कथा झूठ की तख्तपोशी की है। झूठ के सर पर बंधा सच्चाई का ताज है कोई नहीं जनता इस में छुपा क्या क्या राज़ है। भगवान अपने कितने देवी देवता बना दिये सब को अपना अपना विभाग सौंप दिया मगर मलाईदार पद की तरह झूठ का कोई देवी देवता नहीं बनाया। असली शक्ति को अपने पास रखा किसी को नहीं बतलाया। मुझे अब जाकर समझ आया है झूठ क्यों निडर रहता रहा दुनिया में आपकी मिली छत्रछाया है। भगवान बोले नहीं जाने कैसे हुआ है ऐसा , झूठ को मैं खुद गहरे समंदर में डूबने को छोड़ आया , मगर ये नहीं डूबा और तैराक बनकर लौट आया। झूठ को सभी ने समझ लिया अपना भगवान है , सच पल दो पल का कोई महमान है। जिस किसी के पास सच जाता है दो दिन में वही पछताता है , तोड़ता सच से अपना हर नाता है और भजन झूठ के फिर गाता है। माना सच कड़वा झूठ है मीठा भी , मगर लोग मीठा ज़हर खाने लगे हैं। झूठ को सच बताने लगे हैं। राह उल्टी को जाने लगे हैं। राम को नहीं मानते नानक को भी नहीं समझते , खुदा से भी मतलब नहीं उनको। जाने को सभी धर्मों के स्थलों पे जाने लगे हैं। तुम भी मेरा उपहास करने लगे हो मेरे भक्त बनकर लोग मेरा दर्द बढ़ाने लगे हैं। मुझे बाहर निकाल दिया सभी ने उनके आलीशान महलों के सामने जश्न मनाने को शामियाने लगे हैं। नारद जी अपनी बात पर पछताने लगे हैं , पश्चताप में आंसू बहाने लगे हैं। 



अक्टूबर 04, 2018

POST : 926 लगे रहो मोदी भाई जी ( कथा कहानी ) डॉ लोक सेतिया

     लगे रहो मोदी भाई जी ( कथा कहानी ) डॉ लोक सेतिया 

             ऊपर से निर्देश आया है उधार के गांधी पटेल को छोड़ो उनकी कोई ज़रूरत नहीं है।  पहले पता होता तो दिल पर पत्थर रखकर गांधी गांधी काहे रटते। अपने आखिर अपने होते हैं , जब अटल बिहारी वाजपेयी को लोग इतना चाहते हैं तो हमारे दल को किसी और के बापू दादा को अपना बनाने की ज़रूरत क्या है। खुद भी अटल जी को समझो और सब दल वालों को भी समझाओ। अपनी तस्वीरें हटवा कर वाजपेयी जी की लगवाओ। अटल अटल अटल गाओ , अगले चुनाव में यही मुद्दा बनाओ। लोग इंदिरा की मौत पर राजीव की मौत पर उनके दल को वोट दे सकते हैं तो अटल जी को लेकर सहानुभूति की लहर चलाओ। अच्छे दिन खत्म होने को हैं फिर से बुलाओ , आओ आओ। इस बार खाओ और खिलाओ का नारा उचित है बिल्कुल नहीं शर्माओ। 
                                                                                                                                       मोदी जी को अटल बिहारी वाजपेयी जी की जीवनी पढ़नी पड़ रही हैं , अब उनके सहारे नैया पार लगने की उम्मीद है। उनकी लिखी कविताएं और उन पर लिखी किताबें बार बार पढ़नी हैं ताकि इस बार कहीं कोई गलती नहीं हो जाये। मामला लगे रहो मुन्ना भाई जैसा बन गया है। पढ़ते पढ़ते मोदी जी को वाजपेयी जी नज़र आने लगे , उनसे बातें करने लगे समझने समझाने लगे। बात बात में भगवान राम जी की बात निकल आई तो वाजपेयी जी ने बताया खुद राम जी ने संदेश भिजवाया है। मोदी जी ने पूछा बताओ क्या आदेश दिया है उनको भरोसा रखना चाहिए 2022 तक मंदिर बनवा देंगें अभी शामियाने में गुज़ारा करना विवशता है। अटल जी ने कहा भगवान राम जी को भी कोई जल्दबाज़ी नहीं पसंद वो खुश हैं हर हाल में। बनवास की आदत रही है उनको सत्ता सिंहासन का मोह कब रहा है। फिर क्या चाहते हैं रामजी बताओ मुझे क्या करना है। अटल जी ने राम जी की लिखी हुई चिट्ठी मोदी जी को पकड़ा दी। मोदी जी पढ़ रहे हैं और क्योंकि वाजपेयी जी ने बताया कि ये गोपनीय है मुझे आपको देना था बिना पढ़े हुए इसलिए पढ़कर सुना रहे हैं। 
 
     मेरे भक्त मोदी जी आप और आपका दल पता चला है राम अर्थात मेरे भक्त ही नहीं देश भक्त भी बाकी सब से बढ़कर हो। हर किसी से देशभक्त होने का सबूत मांगते फिरते हो , ऐसे में अवसर उपयुक्त है आप और आपके दल के लोग और आपके बाकी देशभक्त संगठन भी अपनी सच्ची देशभक्ति और भगवान के भक्त होने की मिसाल कायम कर दिखलाएं। कोई तपस्या नहीं करनी केवल जब तक मंदिर नहीं बनवा लेते वो भी मेरी मर्यादाओं का पालन करते हुए सदभावना पूर्वक तब तक आप सभी को अपने बंगले महल और सभी सुख सुविधाओं को त्याग कर सादगी से रहना होगा। कोई मंत्री सांसद विधायक या आपके दल का सदस्य शानो शौकत से नहीं रहेगा , कोई सरकारी सुविधा का उपयोग नहीं करेगा और घर बार सभी धन दौलत देश के खज़ाने को सौंप देंगे ताकि दीन दुखियों के दुःख दर्द मिटाने का काम किया जा सके। आपके दल की संपत्ति गरीबों को घर बनाने पर खर्च की जाएगी और किसी भी नेता के पास कोई पैसा या साधन नहीं रहेगा। जी बिलकुल जैसे सन्यासी रहते हैं सादा ढंग से छोटे छोटे घरों में। आप अपने दल के सभी सदस्यों को मन की बात की तरह या टीवी पर देश को सीधे प्रसारण की तरह ये संदेश सुनाओगे। मोदी जी मुझे पता है पत्नी होते हुए भी उसका त्याग का सुख क्या होता है , मगर सीता जी की तरह इस बार अग्निपरीक्षा आपको और आपके दल को देनी होगी। आपका देश से प्यार और मुझसे नाता कितना खरा है साबित कर दिखाओ। छोड़ो सब कुछ और मेरी तरह रहकर दिखलाओ। या फिर मुझे भूल रामरहीम के गुण गाओ , हरियाणा से खटट्र को ले आओ। उसकी तरह लाज शर्म छोड़ कर निभाओ , चाहो तो अपने बाबा को बाहर ले आओ। 
 
           तुरंत मोदी जी अनुपालना की और अपने दल के साथ बाकी सभी दल वालों को भी विनती की , आजकल तो हमारे साथ आपके नेता भी भगवान को रिझाने में लगे हैं तो इस नेक काम में सबका साथ होना ही चाहिए। इसलिए संविधान में उचित बदलाव किया जायेगा ताकि भविष्य में धनबल की राजनीति का ही अंत हो जाये। जिसे वास्तव में देश सेवा करनी है वही राजनीति में आये अपना सर्वस्व न्यौछावर करने को। अभी इक लंबी ख़ामोशी छाई हुई है। देशभक्ति के साथ भगवान राम जी की आज्ञा दोनों की बात है। नहीं कोई केमिकल लोचा नहीं है , अटल जी ने खुद मोदी जी को बताया है भगवान का संदेश है। अटल जी और राम जी दोनों ही आशा की किरण की तरह हैं। विचार विमर्श जारी है , शायद सभी नेता त्याग की तैयारी कर रहे हों क्योंकि बाहर कोई दिखाई नहीं दे रहा है। राम जी भी इम्तिहान ले रहे हैं अब कोई चारा बाकी नहीं है।  
 

 

POST : 925 इंडिया और भारत अमीर और गरीब ( असमानता दो वर्गों की ) डॉ लोक सेतिया

   इंडिया और भारत अमीर और गरीब ( असमानता दो वर्गों की ) 

                                         डॉ लोक सेतिया 

  देश में अधिकतर धन दौलत सत्ता सभी में बंटवारा साफ है । बीस तीस फीसदी के पास सभी कुछ बहुतायत  में है और बाकी अधिकांश के पास नाम को ही हासिल है । योग्यता और मेहनत आधार नहीं है चालाक और उचित अनुचित की परवाह नहीं कर मुनाफा कमाने वाले लोग सरकार और संस्थाओं का उपयोग कर तथा सत्ताधारी दलों को चंदा देकर तमाम नियम कानून अपने हक में बनवाने ही से दिन पर दिन और धनवान होते जाते हैं । अर्थशास्त्र का नियम है उनकी अमीरी बाकी लोगों से लेकर ही कायम रहती है । ये बात सभी जानते हैं नेता संस्थाएं सरकारें और अर्थव्यवस्था को संचालित करने वाले विभाग । अभी कुछ लोगों की कंपनियों के क़र्ज़ पर बैंक वालों ने मिल बैठ का आपस में समझौता किया है जिस में एक एक कंपनी का हज़ारों करोड़ के क़र्ज़ का 75 फीसदी से लेकर 94 फीसदी तक माफ़ कर दिया गया है । हैरानी की बात ये है कि  भारतीय रिज़र्व बैंक के बैंकों से बाकी कंपनियों को भी इसी तरह मामला रफा दफा करने की सलाह दी है । ठीक उसी तरह जैसे सड़क किनारे पुलिस वाले को सौ पचास देकर हज़ार रूपये भरने से बचते हैं लोग । मगर रिज़र्व बैंक को इतना प्यार निजि कंपनियों पर ही क्यों आता है । आपका काम है बैंक कोई धांधली नहीं कर सकें लेकिन आप पहले की हुई धांधली पर खुद ही ऐसे निर्देश देते हैं । आम जनता को ही अपराधी मानते हैं जो जब जैसे चाहे उसे परेशान करते हैं । आपको क्यों लगता है अगर इन कंपनियों को नहीं बचाया गया तो कोई अनहोनी घट जाएगी । जो ये बनाते हैं क्या कोई और नहीं बनाता जो अकाल की नौबत आ जाएगी । किसान को लेकर नहीं लगता आपको कि अगर किसान नहीं रहेगा तो अनाज दाल सब्ज़ी फल पहनने को कपड़े अर्थात कुछ भी नहीं मिलेगा किसी को । अगर किसी रिज़र्व बैंक अधिकारी ने किसानी को देखा होता तो समझते ये क्या है । अन्नदाता भूखा है और आप पेट भर खाते हैं किसी दिन थाली में रोटी की जगह सोना चांदी और तमाम सामान रखा हो आपके सामने तब समझोगे । किसान को कुछ लाख का क़र्ज़ भी मकान ज़मीन गिरवी रखकर देने वाले बैंक इन बड़ी बड़ी कंपनियों को हज़ारों करोड़ कैसे बिना किसी ज़मानत और उनकी जायदाद गिरवी रखे दे देते हैं । उद्योगपतियों और कारोबारियों को करोड़ों अरबों रूपये मुहैया करवाते हैं केवल भाईचारा निभाने को , भाईचारा समझते हैं न , रिश्वत लेन देन का ही नाम है । किसी अधिकारी का कुछ नहीं जाता बैंक घाटे में जाते हैं तो उनको क्या , जिस थाली में खाते हैं उसी में छेद करते हैं । हर बैंक वाला अपना अलग धंधा चलाये हुए है , आप जाते हैं बैंक तो सुनिए आप कतार में खड़े हैं मगर उनकी आपसी बातचीत किस विषय पर है । वेतन के साथ काम पर बैठे बैठे कमाई करना जानते हैं , कभी किसी बैंक वाले को आर्थिक तंगी में देखा है । जो लोग इनको फायदा पहुंचाते हैं ये उनकी खातिर नियम कायदा सब भूल जाते हैं । इधर सरकार आंकड़े देती है कि चार साल पहले जो एनपीए दो लाख छबीस हज़ार करोड़ था अब आठ लाख छयानवे हज़ार करोड़ हो गया है या घोषित कर दिया गया है कि ये वापस नहीं आ सकता और बट्टे खाते में डाल दिया जाता है ।  
 
  आपने बहुत चर्चा सुना होगा सरकार ने दवाओं के दाम स्टंट के दाम कम करवा दिए हैं । मगर ये केवल धोखा है आज भी दर्द का एक इंजेक्शन जो 12 रूपये का था 25 रूपये का हो गया है जो रोज़ उपयोग किया जाता है मगर वही इंजेक्शन 5 रूपये का भी और कंपनी का है । अभी इक निर्देश सर्वोच्च न्यायालय का मिला डॉक्टर्स की एसोसिएशन का भेजा हुआ जिस में आपको दवा लिखने से पहले इक साइट पर दाम चेक करने की सुविधा है । क्या ये उपहास नहीं है सरकारी विभाग क्या करते हैं क्यों किसी दवा बनाने वाली कंपनी को मनमर्ज़ी की कीमत रखने की अनुमति दी जाती है । अब ये लगभग असंभव है कि हर डॉक्टर अपने हर रोगी को हर दवा लिखने से पहले इस काम पर समय लगा सके । वास्तविकता ये भी है कि जिन डॉक्टर्स के अपने अस्पताल में खुद अपनी दुकान खुलवाई हुई है या जिन बड़े बड़े हॉस्पिटल्स में केमिस्ट शॉप लाखों रूपये किराये पर चढ़ाई हुई है उन सभी जगहों पर केवल कई गुणा कीमत की घटिया दवाएं बिकती हैं । हर सरकारी अस्पताल के पास ये खुली लूट सरकार की मर्ज़ी से होती है । जब सरकार खुद किसी कानून को लागू करने की बात करती है मगर बाद में बदल कर उसे पचास बिस्तर से बड़े अस्पतालों पर ही लागू करने का धोखा करती है क्योंकि नेताओं को अरबों रूपये मिल गये हैं । जब किसान की फसल की लागत की बात करते हैं तो बाकी लोग चाहे जो भी बनाते हों बेचते हों उनकी भी कोई सीमा क्यों नहीं तय की जा सकती है । एक के साथ एक मुफ्त , इसके साथ ये मुफ्त आदि सब लूटने के ढंग ही हैं । उचित कीमत हो तो ये सब संभव ही नहीं है । सरकार किसी शायर की बात के अनुसार समंदरों की तलाशी नहीं लेती और गरीब लहरों पर पहरे बिठाये जाते हैं जैसे मार्ग पर चल रही है । आह भरने वाले बदनाम कत्ल करने वालों का चर्चा नहीं । किसानों को बता दिया गया है दिल्ली दूर से ही अच्छी है करीब आओगे तो ज़ालिम हो जाती है । उनकी नींद में खलल पड़ना सहन नहीं किया जा सकता । सत्ता की रैली में लाखों जमा हो सकते हैं अधिकार मांगने को आओगे तो धारा 144 है । जो पंचकूला में लगी थी मगर दिखाई नहीं दी थी सत्ता की मनमर्ज़ी है । शिक्षा स्वास्थ्य सेवा को मनमानी छूट देने का मतलब ही है उनका केवल अमीरों के लिए सुरक्षित अथवा आरक्षित कर देना । बराबरी कैसे हो सकती है । मगर जब नेताओं को केवल सत्ता की अधिकारी वर्ग  को अपने ऐशो आराम की उद्योगपतियों और कारोबारियों को अपने मुनाफे की चिंता हो और देश समाज की कोई सोचता ही नहीं हो तब विकल्प क्या है । इंडिया वालों को जितना भी मिल जाये उनकी हवस मिटती नहीं है और भारत जो वास्तव में गांव में बसता है और जिसका कोई संगठन है ही नहीं बंटा हुआ है उसकी सुध कौन लेगा । आखिर में इक ग़ज़ल दुष्यंत कुमार की शायद जो नहीं लिखा जा सका उसे बयां कर दे । कहने को बहुत बचा हुआ है । 

ये सारा जिस्म झुककर बोझ से दुहरा हुआ होगा , मैं सजदे में नहीं था आपको धोखा हुआ होगा । 

यहां तक आते आते सूख जाती हैं कई नदियां , मुझे मालूम है पानी कहां ठहरा हुआ होगा । 

कई फाके बिताकर मर गया जो उसके बारे में , वो सब कहते हैं अब ऐसा नहीं ऐसा हुआ होगा । 

यहां तो सिर्फ गूंगे और बहरे लोग बसते हैं , खुदा जाने यहां पर किस तरह जलसा हुआ होगा । 

ग़ज़ब ये है कि अपनी मौत की आहट नहीं सुनते , वो सब के सब परीशां हैं वहां पर क्या हुआ होगा । 

तुम्हारे शहर में ये शोर सुन-सुनकर तो लगता है , कि इन्सानों के जंगल में कोई हांका हुआ होगा । 

चलो अब यादगारों की अंधेरी कोठरी खोलें , कम-अज़-कम एक वो चेहरा तो पहचाना हुआ होगा । 

 

देश सुधार की ओर एक कदम: जानिए क्या है अंतरराष्ट्रीय गरीबी उन्मूलन दिवस -  International Day for the Eradication of Poverty 2021 - GNT

 


अक्टूबर 03, 2018

POST : 924 मैं खुदा आप होना चाहता हूं ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

     मैं खुदा आप होना चाहता हूं ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

               बस यही इक खिलौना चाहता हूं , मैं खुदा आप होना चाहता हूं। 

   बच्चे अपने वालदेन से और महिलाएं अपने पति से ज़िद कर मनवा लेते हैं अपनी बात। मुझसे भी मेरी पत्नी कुछ भी नहीं मांगती है इक ताजमहल की दरकार रही है उसको।  सब कुछ खुदा से मांग लिया तुझको मांगकर , उठते नहीं हैं हाथ मेरे इस दुआ के बाद। ये कहने वाला शायर भी कमाल का था कोई तो इतना भी कहता है कि खुदा से भी मांगना क्यों पड़े अच्छा है हाथ उठाने लगा तो हाथ ही पत्थर के बन जाएं। मगर कोई है जो ज़िद पर अड़ा है कौन इस दुनिया में मुझसे बड़ा है। वास्तव में उसे कुछ भी नहीं चाहिए बस खुदा वाला रुतबा मिल जाए तो जान बख्श दे सभी की , उस से पहले कोई नेता आदमी कहलाने के काबिल नहीं था। सब के सब चोर थे लुटेरे थे देश को बर्बाद करते रहे उसी ने बनाया सभी जो भी बना दिखाई देता है। वक़्त लगता है सारे पत्थरों पर नाम बदलवाना तारीख बदलवाना कितना काम बाकी है अभी दस साल और लगेंगे सब पुराने नाम मिटाने में और उन पर खुद अपना नाम खुदवाने में। काश कोई सॉफ्टवेयर बना होता जो एक कमांड देते ही सब पुराना डिलीट कर आज की तारीख़ में उसका अपना नाम लिख सकता मगर उस तरह से जैसे आशिक़ का नाम गुदवाती है अपने बदन पर माशूका। 
 
            पहले कभी नहीं देखा सुना था जैसे आजकल हर नेता हर बात कहते हुए उसके नाम से पहले आदरणीय माननीय  .. ..... ....... ....... जी की सरकार शब्द उच्चारण करता है जैसे कई महात्माओं के नाम से पहले श्री श्री 1008 लगाना आदर सूचक ज़रूरी है। इक ऐसे महत्मा मंच संचालक को फिर से याद दिलवा रहे थे कि उनके नाम से पहले अब 108 नहीं 1008 लगाना है। ये कोई और तय नहीं करता खुद वही लोग तय किया करते हैं। अपने दल के सभी नेताओं को जितनी जल्दी ये पाठ याद करवाया है अगर कहीं चार शब्द संविधान में बताये सब नागरिक एक समान हैं और किसी जाति धर्म पुरुष नारी होने से कोई मतभेद नहीं किया जा सकता और कोई सरकार किसी के विरोध करने आंदोलन करने को रोक नहीं सकती न ही अपने विरोधियों का दमन कर सकती है ये सबक भी समझा देते तो कितना अच्छा होता। कुछ तो सकारात्मक भी किया होता , खुदा बनाता है मिटाने का इल्ज़ाम अपने सर नहीं लेता है। 
 
             सबसे पहले जिसको खुदा कहलाना हो उसे किसी दूसरे खुदा भगवान देवी देवता की चौखट पर नहीं जाना पड़ता है। पढ़ना जिस जिस ने खुदा होना चाहा क्या किया। आजकल मामला हर जगह समझ से बाहर है। अभी कुछ साल पहले तलक घूंघट पर हिजाब पर शायर कवि फ़िदा थे , कितने शेर कितनी कविताएं कितने गीत याद आने लगे , निकलो न बेनकाब , परदा है , रुख से ज़रा नकाब हटा दो , जाने किस किस की मौत आई है आज रुख पर कोई नकाब नहीं। तब महिलाएं विशेषकर शहरी पढ़ी लिखी समझती थीं ये बंदिश हमीं पर क्यों है। अब जब परदा करना चलन में नहीं रहा तो फिर से लड़कियां चेहरे को इस तरह ढकती हुई दिखाई देती हैं कि केवल उनकी आंखें नज़र आती हैं। मैंने भी इक शेर कहा है :-

    छुपा नहीं छुपाने से हुस्न कभी भी दुनिया से , हसीं सभी हटा अपना हिज़ाब क्यों नहीं देते।

कुछ लोग आजकल जहां भी जाते हैं अपनी शान बढ़ाने दिखाने जाते हैं। इनको भी यकीन है भगवान के सच्चे भक्त उतने बचे नहीं जितने उनके सच्चे भक्त हैं। मगर खुद अपना मंदिर तो नहीं बनवा सकते , कभी देखा सुना किसी भगवान ने अपना मंदिर बनाने को कहा हो। भक्त लोग समझते ही नहीं कब बनाओगे इतना इंतज़ार तो अमेरिका जाने का भी नहीं किया था। अभी तक जितने भी भगवान देवी देवता हुए हैं उन में किसी ने उनको भगवान देवी देवता मानने की बात किसी भी तरीके नहीं कही थी। लोगों ने जिसे चाहा खुदा मसीहा भगवान बना डाला। हम इंसानों को हर किसी को खुदा समझने की लत लगी हुई है मगर कोई खुद आकर नहीं कहता मुझे खुदा कहकर पुकारो। जाने कितने खुदा बने और मिट भी गये हमने तराशे भी और तोड़े भी , अभी कितने खुद को भगवान घोषित करने वाले कैदखाने की शोभा बढ़ा रहे हैं। असली दौलत तो खुद्दारी की होती है और शायर नुशूर वाहिदी जी का इक लाजवाब शेर है :-

                 यही कांटें तो कुछ खुद्दार हैं सहन ए गुलिस्तां में ,

                 कि शबनम के लिए दामन तो फैलाया नहीं करते।

  भगवान बनना है तो खुद को बुलंद करो किसी और को छोटा करने से कोई बड़ा नहीं हो जाता है। भगवान कहलाने की चाहत करना क्या है इक बात से समझाना चाहता हूं। मुझे मेरे बेटे ने कई साल पहले इक डायरी मरे 50 वें जन्म दिन पर दी थी उपहार में , जिस पर इंग्लिश में इक बात लिखी हुई थी जिसका हिंदी में अर्थ है। कि शोहरत इक गुनाह है जब उसकी चाहत की जाती है , ये  आपके नैतिक आदर्शों पर और अच्छे आचरण पर निर्भर है और खुद ब खुद हासिल हो जाती है।


   इश्तिहारों की शोहरत अस्थाई होती है , वास्तविक शोहरत अभी कुछ दिन पहले सभी ने देखी है। अटल बिहारी वाजपेयी जी के निधन पर देश भर में और दिल्ली में भी वो भी तब जब उनका राजनीति से कोई नाता बाकी नहीं था सालों से। भगवान की ही बात करें तो वो लोगों के दिलों में बसते हैं इमारतों में नहीं मिलते किसी को तलाश करने से।

POST : 923 तू कितनी अच्छी है ओ मां - माताजी माया देवी जी की बातें

   तू कितनी अच्छी है ओ मां - माताजी माया देवी जी की बातें 

   मां पता नहीं क्यों आंखें भर आती हैं , नहीं कोई भी नहीं समझता इस नाते को। मुझे तुम से प्यारा कोई भी नहीं लगा कभी भी। इस से पावन छवि भगवान की मूरत की भी नहीं लगती मुझे। याद आता है यही गीत जो मैं गया करता था और सब परिवार मेरी बहनों को सुनना कितना अच्छा लगता रहा है। मैंने किसी भी औरत के चेहरे पर ऐसी मासूमियत और पावनता नहीं देखी , सच की देवी थी तुम। दिल में बहुत कुछ है मगर शब्द नहीं पास मेरे लिखने को , नहीं कही जा सकती हर बार ज़ुबान से भी। कभी सोचा तो नहीं अगले पिछले जन्म के बारे फिर भी चाहता हूं इक और जन्म हो जिस में हम दोनों हर पल हर घड़ी साथ हों। आज भी मेरी आंखों में आंसू हैं मगर सामने तेरा चेहरा मुस्कुराता हुआ दिखाई देता है। किसी और युग की थी तुम इस युग में तो नहीं होते ऐसे इंसान , नहीं समझा किसी ने भी शायद तुझे भी मुझे भी। साथ अपना भी कितना कम रहा जीवन में , भटकता रहा हूं इधर उधर नहीं रह पाया हमेशा साथ तुम्हारे। तरसता ही रहा हूं मैं वास्तविक सच्चे प्यार और ममता से अलग रहते हुए। पढ़ना लिखना कारोबार करना या दुनिया का हर काम इस से महत्वपूर्ण तो कुछ भी नहीं था। मां तू किस मिट्टी की बनी थी कभी कोई शिकायत नहीं की मुझसे भी नहीं किसी से भी नहीं। याद आती है वो प्यारी सी शिकायत कभी कभी जब किसी दिन मिलने नहीं आया तो हंसकर कहती थी , जानती भी थी कोई भी कारण हो नहीं सकता था। हम सब के लिए जो भी कर सकते हैं करने पर भी सभी को कमी लगती है , तुम मेरी भोली मां कितनी खुश हो जाती थी ज़रा थोड़ा भी कुछ देने पर।  सब वास्तव में तेरा ही तो था मां , मेरे पास था ही क्या जो तुझे दे सकता। आज भी लगता है नहीं चुका पाया ममता का क़र्ज़ , तुमने कब समझा किसी से कोई क़र्ज़ लेना है। देना ही जानती थी तुम सभी को , मगर मुझे लगता है तुझे हम सभी बच्चों ने जितना आदर सम्मान दिया वो कुछ भी नहीं था तेरे प्यार के सामने। लोग कहते हैं मां भगवान का ही रूप होती है मैंने देखा भी समझा भी है भगवान तुझसे बढ़कर नहीं हो सकता है। पता नहीं स्वर्ग नर्क होता है या नहीं मगर चाहता हूं मरने के बाद केवल इक तुम्हीं से मिलना उस जहां में। तब भी कहा कुछ भी नहीं जाएगा , तुम भी बिना बोले समझा दोगी सब मुझे। अपने आंचल में छुपा लोगी मुझे , मेरे सब दुःख दर्द मिट जाएंगे तेरी गोदी में सर रखते ही। नींद नहीं आती है कब से मुझे रातों को। 

 

अक्टूबर 02, 2018

POST : 922 भुला कर तुम्हें हम याद करते हैं ( जयंती ) डॉ लोक सेतिया

  भुला कर तुम्हें हम याद करते हैं ( जयंती ) डॉ लोक सेतिया 

              तेरे नाम को बर्बाद करते हैं , भुला कर तुम्हें हम याद करते हैं। 

    शेर लगता है किसी आशिक़ का कहा हुआ है , नाकाम मुहब्बत की बात है।  मगर दरअसल ये राजनीति की बात है। गांधी जी लालबहादुर जी अभी भी नेताओं को मतलब को याद आते हैं। किसी को मौत भी मार सकती मगर उनके विचारों की अर्थी निकालने वाले जो नहीं कर गुज़रें वही कम है। अगर वास्तव में आत्मा होती है और देखती है अपनी समाधि पर आने वालों को तो गांधी जी को मेरी ग़ज़ल का ये शेर ज़रूर याद आता होगा शायद कहीं पढ़ा सुना हो आत्मा ने ही।  पेश है :-

              कहीं मेरा ही क़ातिल तो नहीं , मेरी अर्थी को उठाने वाले। 

              देशसेवा का लगाए तमगा , फिरते हैं देश को खाने वाले। 

   महात्मा गांधी की अहिंसा और लालबहादुर की जय जवान जय किसान की बात , दोनों आज कहीं छिपती फिरती हैं। कहां गांधी विदेशी सत्ता के खिलाफ सवदेशी अंदोलन चलाते थे और कहां आजकल बुत भी विदेश से बनवाने वाले किसानों को दिल्ली आने की इजाज़त नहीं देने वाले। उनकी राह चलना आता नहीं मगर फूल चढ़ाकर समझते हैं अनुयाई बन गये हैं। सत्य के साथ प्रयोग करने वाले और झूठ की माला जपने वाले क्या कभी साथ हो सकते हैं। गांधी के नाम पर जो भी किया जाता रहा या किया जा रहा है उसकी नाकामी क्या ये नहीं जतलाती है कि सरकारों को उन महान लोगों के नाम की लाज तक रखनी नहीं आती है। साल बाद एक दिन स्वच्छ भारत अभियान का दिखावा करना उनकी आत्मा के साथ मज़ाक नहीं है। कहां उनकी सादगी और ईमानदारी की मिसाल और कहां आजकल के नेताओं का अपने पर करोड़ों रूपये बर्बाद करना। उनकी रूह तो हर दिन तड़पती होगी ये सब देखकर। आखिरी आदमी के आंसू पौंछने की बात का अर्थ नहीं जानते हैं जो गांधी गांधी कहते हुए लगता है अट्टहास करते हैं। हे राम !! 

 



POST : 921 पढ़े लिखे अज्ञानी लोग ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

       पढ़े लिखे अज्ञानी लोग ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया 

  बात कोई भी हो बात कहने से पहले समझना ज़रूरी है। किताबी शिक्षा हासिल करना नौकरी कारोबार के लिए अपनी जगह है। मगर जीवन में समाज और देश के बारे क्या समझ रखते हैं उसका महत्व अपनी जगह है। इधर पढ़ लिख कर हाथ में कलम है या स्मार्ट फोन पर सोशल मीडिया पर लिखने की आज़ादी कई लोगों को हर बात मज़ाक सरीखी लगती है। जिसे देखो इस बहस में उलझा है कि इन दो लोगों में किसी एक को अगला प्रधानमंत्री चुनना है। क्या आपको समझ है कि संविधान किसी दलीय लोकतंत्र की बात ही नहीं करता है। और अगर अभी तक ऐसा होता आया है कि सांसद चुनने से पहले ही तय हो कि चुने जाने वाले सांसदों का नेता कौन होगा तो ऐसा संविधन की भावना के विपरीत है। जिनको जनता सांसद बनाती है उनके खुद के संविधान के अधिकार को ही अपहरण करना और उनको कठपुतलियां समझना देश की जनता और सवा सौ करोड़ लोगों का अपमान है। क्या ऐसा नहीं हुआ पहले भी कि जो सत्ताधारी दल की नेता थी उन की ज़मानत तक ज़ब्त हो गई थी जीतना तो दूर की बात है। अगर अगले चुनाव में देश की जनता उन दोनों को ही नकार देती है तो क्या उनके बिना प्रधानमंत्री नहीं बनाया जायेगा कोई दूसरा। ये कहने का मकसद ये बताना है कि इतने गंभीर विषय को उपहास की तरह समझना अपरिपक्वता की निशानी है। टीवी चैनल या कोई विश्लेषक अथवा खुद को विशेषज्ञ समझने वाले भी नहीं जानते देश की जनता कब किस तरह से अपना मत व्यक्त करती है। 
 
                गंभीर विषय ये होना चाहिए कि जो सत्ता में है उसने जनता को कितना अच्छा शासन और अधिकार दिए हैं और अपने वादों पर कितना खरे उतरे हैं। विकास भाईचारा और देश की जनता को बुनियादी सुविधाएं देने में शिक्षा रोज़गार महंगाई और स्वस्थ्य सेवाओं से सुरक्षित जीवन के लिए कितना किया है। अपने अधिकारों का दुरूपयोग कर सत्ताधारी अपने ऐशो आराम और अपनी महत्वांकांक्षा अपने गुणगान पर धन बर्बाद तो नहीं किया है। जनता के पास भाषण लेकर नहीं अब कहना चाहिए क्या आप खुश हैं हमारे काम से , आपका जीवन सुधरा है या नहीं , अगर समझते हैं हमने आपकी भलाई की है तो दोबारा अवसर दे सकते हैं। देश की जनता को पांच साल का हिसाब देना है न कि आगे दस बीस साल को सत्ता मांगनी उचित है। देशभक्ति की बात वालो देशभक्ति देश की जनता की वास्तविक सेवा और उसके चुनने के अधिकार को आदर देना होती है। सत्ता की खातिर कुछ भी कर चुनाव जीतना दसगभक्ति नहीं कहला सकता है। 

 

सितंबर 29, 2018

POST : 920 जब मिले ज़ख्म तो क़ातिल को सदा दी जाये ( कड़वी गोली ) डॉ लोक सेतिया

    जब मिले ज़ख्म तो क़ातिल को सदा दी जाये ( कड़वी गोली )

                                        डॉ लोक सेतिया 

आज शायद पहली बार कड़वी गोली को मीठी चासनी चढ़ा का अपनी बात कहने की कोशिश करने जा रहा हूं। नया कुछ शायद लिखना ही नहीं अपनी पहले की रचनाओं से ही ग़ज़ल कविता नज़्म से शेर छंद बंद दोहा लेकर बात कहने करनी है। शीर्षक जाँनिसार अख्तर जी की ग़ज़ल के मतला को थोड़ा बदल कर लिखा है। दुआ दी जाये को सदा दी जाये कर लिखा है क्षमा याचना करते हुए। 

जब मिले ज़ख्म तो क़ातिल को सदा दी जाये , है यही रस्म तो ये रस्म उठा दी जाये। 

शायद यही भूल करते हैं हम आये दिन , जिसके इशारे पर कत्ल हुआ उसी से फरियाद करते हैं इंसाफ की। जब तक सरकार खुद नहीं आते हम शव को जलाएंगे नहीं। आएंगे आते हैं झूठे आंसू बहाने मगर इंसाफ की उम्मीद मत रखना। 
                                 ( आब :पानी। )

किसी ने घर जलाया था उसी से जा के ये पूछा , 

जला के घर हमारा आब क्यों नहीं देते। 

यहां रौशनी में छिपे हैं अंधेरे , 

कहीं खो गए हैं यहां के सवेरे। 

कह रहे कुछ लोग उनको भले सरकार हैं ,

 तुम परखना मत कभी खोखले किरदार हैं। 

अब सभी को खबर हो गई है ,

 बेहयाई हुनर हो गई है। 

जुर्म हम लोग बस एक करते रहे , 

अश्क पीते गये आह भरते रहे। 

इन बेज़मीर लोगों के किरदार मत लिखो , 

बेदर्द शासकों को अवतार मत लिखो। 

धुआं धुआं बस धुआं धुंआ , 

न रौशनी का कहीं निशां। 

हैं लोग अब पूछते यही , 

कहां रहें जाएं तो कहां। 

बहार की आरज़ू हमें , 

खिज़ा की उसकी है दास्तां। 

है जुर्म सच बोलना यहां , 

सिली हुई सच की है ज़ुबां। 

जला रहे बस्तियां सभी , 

नहीं बचेगा कोई मकां। 

न धर्म कोई न जात हो , 

हमें बनाना वही जहां। 

उसी ने मसली कली कली , 

नहीं वो "तनहा" है बागबां।

बड़े लोग ( नज़्म )

बड़े लोग बड़े छोटे होते हैं ,
कहते हैं कुछ ,
समझ आता है और ,
आ मत जाना ,
इनकी बातों में ,
मतलब इनके बड़े खोटे होते हैं।

इन्हें पहचान लो ,
ठीक से आज ,
कल तुम्हें ये ,
नहीं पहचानेंगे,
किधर जाएं ये ,
खबर क्या है ,
बिन पैंदे के ये लोटे होते हैं।

दुश्मनी से ,
बुरी दोस्ती इनकी ,
आ गए हैं ,
तो खुदा खैर करे,
ये वो हैं जो ,
क़त्ल करने के बाद ,
कब्र पे आ के रोते होते हैं।

ग़ज़ल 

बहती इंसाफ की हर ओर यहां गंगा है ,
जो नहाये न कभी इसमें वही चंगा है।

वह अगर लाठियां बरसायें तो कानून है ये ,
हाथ अगर उसका छुएं आप तो वो दंगा है।

महकमा आप कोई जा के  कभी तो देखें ,
जो भी है शख्स उस हम्माम में वो नंगा है।

ये स्याही के हैं धब्बे जो लगे उस पर ,
दामन इंसाफ का या खून से यूँ रंगा है।

आईना उनको दिखाना तो है उनकी तौहीन ,
और सच बोलें तो हो जाता वहां पंगा है।

उसमें आईन नहीं फिर भी सुरक्षित शायद ,
उस इमारत पे हमारा है वो जो झंडा है।

उसको सच बोलने की कोई सज़ा हो तजवीज़ ,
"लोक" राजा को वो कहता है निपट नंगा है। 

ऊपर मेरी रचनाएं शायद काफी नहीं हैं  ।  दुष्यंत कुमार की ग़ज़लों से बात पूरी करते हैं । 

कहाँ तो तय था चिराग़ाँ हरेक घर के लिए ,
कहाँ चिराग़ मयस्सर नहीं शहर के लिए।


यहाँ दरख्तों के साये में धूप लगती है ,
चलो यहाँ से चलें और उम्र भर के लिए।


न हो कमीज़ तो पाँवों से पेट ढँक लेंगे ,
ये लोग कितने मुनासिब हैं , इस सफ़र के लिए।


खुदा नहीं न सही आदमी का ख्वाब सही ,
कोई हसीन नज़ारा तो है नज़र के लिए।


वे मुतमइन हैं कि पत्थर पिघल नहीं सकता ,
मैँ बेकरार हूं आवाज़ में असर के लिए।


तेरा निज़ाम है सिल दे ज़ुबान शायर को ,
ये अहतियात ज़रूरी है इस बहर के लिए।


जिएँ तो अपने बगीचे में गुलमोहर के तले ,
मरें तो गैर की गलियों में गुलमोहर के लिए।


( काश हम सब इसी एक ग़ज़ल को समझ लें , और हर दिन याद रखें अपने पूर्वजों के सपनों को )
अब कुछ और शेर दुष्यंत की ग़ज़लों से 


अब तो इस तालाब का पानी बदल दो ,
ये कँवल के फूल कुम्हलाने लगे हैं।


कई फाके बिताकर मर गया जो उसके बारे में ,
वो सब कहते हैं अब , ऐसा नहीं ऐसा हुआ होगा।


कैसी मशालें लेके चले तीरगी में आप ,
जो रौशनी थी वो भी सलामत नहीं रही।

 

( क्या ये उनके लिए भी नहीं जो उजाला करने की बातें करने आये थे और जो उम्मीद थी वो भी खत्म की )


ये रौशनी है हक़ीकत में एक छल लोगो ,
कि जैसे जल में झलकता हुआ महल लोगो।


किसी भी कौम की तारीख के उजाले में ,
तुम्हारे दिन हैं किसी रात की नकल लोगो।


वे कह रहे हैं गज़लगो नहीं रहे शायर ,
मैं सुन रहा हूँ हरेक सिम्त से ग़ज़ल लोगो।


( दुष्यंत के ये शेर जो अब सुनाने लगा बेहद ज़रूरी हैं याद रखना )


हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए ,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।


आज यह दीवार परदों की तरह हिलने लगी ,
शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।


हर सड़क पर , हर गली में , हर नगर हर गाँव में ,
हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए।


सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मक़सद नहीं ,
मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।


मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही ,
हो कहीं भी आग लेकिन आग जलनी चाहिए।


( मित्रो इस आग को अब अपने अपने सीनों में जलाना ज़रूरी है )


खामोश रह के तुमने हमारे सवाल पर ,
कर दी है शहर भर में मनादी तो लीजिए।


फिरता है कैसे कैसे सवालों के साथ वो ,
उस आदमी की जामातलाशी तो लीजिए।


हाथ में अंगारों को लिये सोच रहा था ,
कोई मुझे अंगारों की तासीर बताए।


रहनुमाओं की अदाओं पे फ़िदा है दुनिया ,
इस बहकती हुई दुनिया को सँभालो यारो।


कैसे आकाश में सूराख़ नहीं हो सकता ,
एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो।


कल नुमाइश में मिला वो चीथड़े पहने हुए ,
मैंने पूछा नाम तो बोला कि हिंदुस्तान है।


मुझमें रहते करोड़ों लोग चुप कैसे रहूँ ,
हर ग़ज़ल अब सल्तनत के नाम एक बयान है।


वो आदमी नहीं है मुकम्मल बयान है ,
माथे पे उसके चोट का गहरा निशान है।


सामान कुछ नहीं है फटेहाल है मगर ,
झोले में उसके पास कोई संविधान है।


उस सिरफिरे को यों नहीं बहला सकेंगे आप ,
वो आदमी नया है मगर सावधान है।


वो आदमी मिला था मुझे उसकी बात से ,
ऐसा लगा कि वो भी बहुत बेज़ुबान है।


( चलो अब और आगे चलते हैं इस ग़ज़ल को पढ़ते हैं )


होने लगी है जिस्म में जुंबिश तो देखिए ,
इस परकटे परिन्द की कोशिश तो देखिए।


गूँगे निकल पड़े हैं ज़ुबाँ की तलाश में ,
सरकार के खिलाफ ये साज़िश तो देखिए।


उनकी अपील है कि उन्हें हम मदद करें ,
चाकू की पसलियों से गुज़ारिश तो देखिए।


( साये में धूप की आखिरी दो ग़ज़लें पूरी पढ़नी ज़रूरी हैं )


अब किसी को भी नज़र आती नहीं कोई दरार ,
घर की हर दीवार पर चिपके हैं इतने इश्तहार।


आप बचकर चल सकें ऐसी कोई सूरत नहीं ,
रहगुज़र घेरे हुए मुरदे खड़े हैं बेशुमार।


रोज़ अख़बारों में पढ़कर ये ख्याल आया हमें ,
इस तरफ आती तो हम भी देखते फ़स्ले-बहार।


मैं बहुत कुछ सोचता रहता हूं पर कहता नहीं ,
बोलना भी है मना , सच बोलना तो दरकिनार।


इस सिरे से उस सिरे तक सब शरीके जुर्म हैं ,
आदमी या तो ज़मानत पर रिहा है या फरार।


हालते इनसान पर बरहम न हों अहले वतन ,
वो कहीं से ज़िंदगी भी माँग लाएँगे उधार।


रौनके जन्नत ज़रा भी मुझको रास आई नहीं ,
मैं जहन्नुम में बहुत खुश था मेरे परवरदिगार।


दस्तकों का अब किवाड़ों पर असर होगा ज़रूर ,
हर हथेली खून से तर और ज़्यादा बेकरार।


( चलिये इस अंतिम ग़ज़ल को भी पढ़ लें )


तुम्हारे पाँव के नीचे कोई ज़मीन नहीं ,
कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यक़ीन नहीं।


मैं बेपनाह अँधेरों को सुबह कैसे कहूँ ,
मैं इन नज़ारों का अंधा तमाशबीन नहीं।


तेरी ज़ुबान हैं झूठी जम्हूरियत की तरह ,
तू एक ज़लील सी गाली से बेहतरीन नहीं।


तुम्हीं से प्यार जताएं तुम्हीं को खा जायें ,
अदीब यों तो सियासी हैं पर कमीन नहीं।


तुझे कसम है खुदी को बहुत हलाक न कर ,
तू इस मशीन का पुर्ज़ा है , तू मशीन नहीं।


बहुत मशहूर है आयें ज़रूर आप यहाँ ,
ये मुल्क देखने के लायक तो है हसीन नहीं।


ज़रा-सा तौर-तरीकों में हेर फेर करो ,
तुम्हारे हाथ में कालर हो आस्तीन नहीं।


( साये में धूप से साभार ) 


 

 


POST : 919 वो करम उंगलियों पे गिनते हैं ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

    वो करम उंगलियों पे गिनते हैं ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया 

हक़ नहीं खैरात देने लगे ,
इक नई सौगात देने लगे ।

इश्क़ करना आपको आ गया ,
अब वही जज़्बात देने लगे ।

रौशनी का नाम देकर हमें ,
फिर अंधेरी रात देने लगे ।

और भी ज़ालिम यहां पर हुए ,
आप सबको मात देने लगे ।

बादलों को तरसती रेत को ,
धूप की बरसात देने लगे ।

तोड़कर कसमें सभी प्यार की ,
एक झूठी बात देने लगे ।

जानते सब लोग "तनहा" यहां ,
किलिये ये दात देने लगे । 

वो करम उंगलियों पे गिनते हैं ज़ुल्म का जिनके कुछ हिसाब नहीं। उनकी सौगात के इश्तिहार चिपके हैं दीवारों पर , अब किसी को भी नज़र आती नहीं कोई दरार। किस किस से कैसे कैसे छीनकर सरकारी खज़ाना भरा और जब लोग हाहाकार मचाने लगे तो राहत की भीख भी सौगात कहकर देने लगे। देश की सरकार राज्य की सरकार अपना खज़ाना लुटवा रही है ताकि फिर से आपको लूटने का अवसर हासिल हो। हम लोग ऐसे ही हैं कोई मारता है पीटता है मगर फिर खिलौना दिलवा देता है तो उसको चूमने लगते हैं , क्या 71 साल बाद भी देश की जनता बच्चा है जो बहल जाता है। इक कहानी है हिटलर की वो सभा में लेकर इक मुर्गे को आता है और एक एक करके उसके परों को नौच डालता है और सभी पर नौच कर उसे ज़मीन पर फेंक देता है। फिर अपनी जेब से दाने निकाल उसके सामने डालने लगता है। मुर्गा दाने की चाह में हिटलर की तरफ आता जाता है और आखिर उसके कदमों के पास पांव तले पहुंच जाता है। यही डेमोक्रेसी है बतलाता है , पहले जनता से सब लेकर उसको बेबस करना उसके बाद नाम को कुछ देकर एहसान जतलाना। आज तक किसी भी नेता ने अपनी कमाई से किसी को धेला भी नहीं दिया है , ये सेवक और चौकीदार मालिक होने और दानवीर कहलाने को हमारे ही धन से इश्तिहार छपवा कर जले पर नमक छिड़कते हैं। मगर उनको ये करना नहीं पड़ता अगर इन्होंने जो करने का वादा किया था उसे किया होता। कुछ दोहे भी पढ़ कर समझते हैं।

नतमस्तक हो मांगता मालिक उस से भीख
शासक बन कर दे रहा सेवक देखो सीख।

मचा हुआ है हर तरफ लोकतंत्र का शोर
कोतवाल करबद्ध है डांट रहा अब चोर।

तड़प रहे हैं देश के जिस से सारे लोग
लगा प्रशासन को यहाँ भ्रष्टाचारी रोग।

दुहराते इतिहास की वही पुरानी भूल
खाना चाहें आम और बोते रहे बबूल।

झूठ यहाँ अनमोल है सच का ना  व्योपार
सोना बन बिकता यहाँ पीतल बीच बाज़ार।

नेता आज़माते अब गठबंधन का योग
देखो मंत्री बन गए कैसे कैसे लोग।

चमत्कार का आजकल अदभुत  है आधार
देखी हांडी काठ की चढ़ती बारम्बार।

आगे कितना बढ़ गया अब देखो इन्सान
दो पैसे में बेचता  यह अपना ईमान।   


 



सितंबर 28, 2018

POST : 918 अधिकार मिलने के बाद ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया

    अधिकार मिलने के बाद ( हास-परिहास ) डॉ लोक सेतिया 

       बच्चे को स्कूल में दाखिल करवाने जाने पर आधार कार्ड की ज़रूरत नहीं रही मगर इक सवाल जोड़ दिया गया है कि माता को लिख कर देना होगा कि बच्चा उसकी अपने पिता की ही संतान है। उनकी मज़बूरी है कि किसी की नाजायज़ औलाद को दाखिल नहीं कर सकते और कभी बाद में किसी पत्नी के पति को खबर हुई कि उसकी पत्नी के किसी और पुरुष का साथ संबंध रहे हैं और तलाक की नौबत आने पर बच्चा किस का समझा जाना चाहिए और क्या बाद में कोई बच्चे के पिता का नाम बदलवा सकता है। अदालत को जो करना था कर चुकी मगर बाकी लोग नहीं जानते भविष्य में कुछ भी हो सकता है। मामला डी एन ए टेस्ट का बना तो मुमकिन है और कठिनाई सामने खड़ी हो कि दो लोग पिता होने का दावा कर रहे हों और डी एन ए दोनों से मेल नहीं खाये और माता बताने को जीवित ही नहीं हो। तब समझ आएगा कि बेटा सही था कि बाप जिसने कानून को नहीं बदला था कि महिला को भी बराबरी का अधिकार है किसी से संबंध बनाने का। उलझन और उलझती जाएगी सुलझाने में किसने सोचा था। अब अदालत को स्कूलों को इक नया निर्देश जारी करना होगा कि बच्चे को स्कूल में दाखिला देते समय केवल माता का नाम लिखा जाये ताकि पिता के नाम पर विवाद नहीं हो कभी भी। इतिहास में यही चलन रहा है पहले भी अगर आपको याद हो तो। ऐसा होता है कभी कभी आगे बढ़ रहे हैं समझने वाले वास्तव में बहुत पीछे चले जाते हैं। समझदार लोग अभी से बिना विवाह किसी सेरोगेट माता से संतान पैदा करवा रहे हैं। और क्या क्या होना है अभी नहीं लिखना उचित अभी ऊंठ देखते हैं और ऊंठ की चाल देखते हैं बाद में समझेंगे ऊंठ किस करवट बैठता है। अभी महिला पुरुष दोनों को समझना चाहिए कि जश्न मनाना है या मातम इस बात का। फिर इक विदेश में रहने वाले ने बवाल खड़ा कर दिया है। तभी कहते हैं परदेसियों से न अखियां मिलाना , आज यहां कल वहां उनका होता है ठिकाना। आता है उनको सौ बहाने बनाना। कभी कभी कुछ चीज़ें परदे के पीछे ढकी रहें यही अच्छा होता है। अपने भी किसी को कहा होगा या किसी ने आपको कहा होगा मेरा मुंह मत खुलवाओ इसी में भलाई है। ये औरतों को बराबरी का अधिकार कहीं उनकी मुसीबत नहीं बन जाये। अग्नि परीक्षा का चलन शुरू हो सकता है। मेरे इक दोस्त मुझे बताया करते थे कि वो हर किसी को बुरा समझते हैं जब तक उसकी अच्छाई का सबूत नहीं मिल जाये और मैं उनको पता था हर किसी को भला समझता हूं जब तक उसकी बुराई सामने नहीं आ जाती।

           ज़माना बदल रहा है अब पति पत्नी दोनों औरों से संबंध बनाने को आज़ाद हैं। अपराध नहीं है तो डरने की कोई बात नहीं है ,पति तो बेशर्मी से कह सकते हैं अदालत ने उचित बताया है। तुम में हौँसला है तो जाओ आशिक़ी कर लो , हम तो दिल फैंक आशिक हैं। पति पत्नी और वो फिल्म काडायलॉग है , आदमी का प्यार ऐसा है कि वो सभी को बांटता रहता है औरत बस किसी एक को ही प्यार देना चाहती है। इक चुटकुला है कोई अपने निकाहनामे को बार बार पढ़ता हुआ परेशान लग रहा था बीवी ने शौहर से सवाल किया क्या कुछ ख़ास है इस में जो लिखा हुआ आपको परेशान कर रहा है। शौहर कहने लगा नहीं बेगम मैं इस की एक्सपाइरी की तारीख ढूंढ रहा हूं मिलती ही नहीं। शायद वक़्त आ गया है विवाह का पंजीकरण भी हो और हर पांच दस साल बाद नवीनीकरण भी लाज़मी हो। समस्या है तो समाधान भी होता है , लोग थोड़ी तसल्ली से जिएंगे चलो इतने साल बाद तो छुटकारा मिल सकेगा। अन्यथा तलाक कोई आसानी से नहीं मिलता , कौन पिंजरे के पंछी को आज़ाद करना चाहता है। जो बातें लतीफों में थीं शायद हक़ीक़त में सामने आने लगें। इक लतीफा है , ज़मीन के मालिकों और मुज़ेहरों के बच्चों में मालिकों के बच्चे मार खा कर आये तो इक पिता ने अपने पिता से पूछा ये तो बुरा हुआ , पहले तो हम ज़मीदारों के बच्चे मुज़ेहरों के बच्चों की पिटाई किया करते थे। बूढ़े दादा जी ने कहा तुम बेकार चिंता कर रहे हो असलियत अभी भी वही है। आगे समझदार हैं आप , असंविधानक शब्द नहीं उपयोग करने चाहिएं। अदालत ने अधिकार महिलाओं को दिलवाये हैं मगर खुश पुरुष लगते हैं। उनके सीने से अपराधी होने का बोझ हट गया है। महिलाओं को समझ नहीं आ रहा खोया क्या था और पाया क्या है। कुछ खोकर पाना है कुछ पाकर खोना है। हिसाब की बात कोई नहीं जनता घाटा हुआ या मुनाफा हुआ है। मामला सरकारी बजट की तरह बन गया है , सबको उम्मीद थी मगर सबको गिला भी है और मिला भी है। मामला गड़बड़ है।
 

 

                                     

POST : 917 कितने चेहरे हमारे नकाब कितने हैं ( बात की बात ) डॉ लोक सेतिया

  कितने चेहरे हमारे नकाब कितने हैं ( बात की बात ) डॉ लोक सेतिया

   सत्यमेव जयते वाक्य है सत्य की जीत नहीं हार होती है तय है। हम कहते हैं धर्म अच्छाई सच्चाई की राह दिखाता है मगर धर्म को लेकर फसाद करते हैं। खुदा को भगवान को कोई तलाश नहीं करता सब बदनाम ही करते हैं धर्म को ईश्वर को। कल अदालत ने फैसला सुनाया कि औरत पति की सम्पति नहीं है और विवाह का अर्थ ये नहीं कि किसी और से संबंध नहीं रख सकती है। अपनी मर्ज़ी से जिससे चाहे शारीरिक संबंध रख सकती है इसको कोई अपराध नहीं माना जायेगा। हंगामा होने लगा जो होना ही था क्योंकि हम कुछ बातों की चर्चा होना स्वीकार नहीं करते भले वो बात होती हो देख कर अनदेखा करते हैं। हमारा असली चेहरा क्या है आज उसी की बात करते हैं। कल किसी की फेसबुक पर पोस्ट थी कि जिनको लगता है कविता लिखना या साहित्य लिखना आसान है ज़रा दो लाइनें लिख कर देखें। माना बहुत लोग फेसबुक पर कमैंट्स भी लिखते हैं तो उनकी समझ सामने आ जाती है , "अच्छी लैणे हैं " पढ़ते लगता है अज्ञानता का भंडार है। मगर वास्तव में लिखना कठिन नहीं इक स्वाभाविक कार्य है हवा चलना नदी के जल का बहना सांस लेना सब अपने आप होता है नहीं होना कठिन है। कठिनाई तब होती है जब आपके भीतर विचार , खलबली नहीं करते इक शून्य हैं मगर चाहते हैं लेखक कहलाना। अब आप शून्य को कितनी बार लिखते जाओ शून्य शून्य ही रहता है। ऐसे शून्य किसी एक या दो या तीन चार की तलाश करते हैं जो उनके आगे लग सके और उनकी कीमत सौ हज़ार दस हज़ार लाख करोड़ बन सके। ये उधार की हुई या चुराई हुई किसी और की बातों को रचनाओं को अदल बदल कर लिखने वाले बन जाते हैं , ऐसे लोगों को लिखना कभी नहीं आता क्योंकि उनका ध्यान रहता ही हेरा फेरी पर है। लिखने से इश्क़ हो तो हेराफेरी नहीं चलती है। बात अदालत के निर्णय पर चर्चा की। 
 
        अदालत ने सवाल समानता के अधिकार पर उठाया है , महिला पर अनुचित संबंधों का मुकदमा मगर अपराधी पुरुष। पुरुष पर दूसरी औरत से संबंध पर ख़ामोशी ही नहीं उसके चर्चे भी खुलेआम , ये बदनामी महिलाओं के माथे क्यों मढ़ते हैं भागीदार दोनों हैं एक हाथ से ताली नहीं बजती। खुद को सारे जहां से सच्चा कहने वाले टीवी समाचार चैनल की मनसिक दिवालियापन की कोई सीमा नहीं है , खबर को फ़िल्मी कहानियों से जोड़ कर निशाना किसी अभिनेता और अभिनेत्री पर लगाते हैं। अपने देखा है उनको शारीरिक संबंध बनाते और सबसे पहले खुद सती सावित्री हैं , राम हैं मर्यादा का पालन करते हैं। मगर ये मसाला तैयार रहता है जब भी अवसर मिलता सिलसिला फिल्म की बात करते हैं , साधना फिल्म की नहीं करते कभी। धूल का फूल की नहीं करते पति पत्नी और वो की नहीं करते है , आप की कसम की बात करते तो समझते कि अफवाह और झूठ कितने घर बर्बाद करते हैं। टीवी वालो खुद आग लगाते हो खुद तमाशाई भी बनते हो। ये गीत सुनो ही नहीं समझो इक इक शब्द के अर्थ को। 


   सिलसिला की कहानी हिट है , बरसात की कहानी पुरानी हो चुकी है। फ़िल्मी जगत में नायक नायिका के प्यार की अफवाह से फिल्म चलती रही है। अंदर की बात है। मगर मीना कुमारी से लेकर राजकपूर तक की कितनी कहानियां चर्चित हुई हैं। फिल्म बनी सिलसिला पर जब सिलसिला बाकी नहीं रहा। दुष्यंत फिर हर बात में याद आते हैं। सिलसिले खत्म हो गये यार अब भी रकीब हैं। चलो पुरानी फिल्मों में ही सही मुहब्बत की बात प्यार के किस्से इश्क़ के फ़साने तो थे , आजकल की फिल्मों में या टीवी सीरियल में सब कुछ है प्यार मुहब्बत को छोड़कर। हीर रांझा की कहानी पसंद है मगर लैला मजनू को बदनाम किया जाता है। सरकार मजनुओं को पकड़ जेल में डालती है पुलिस वाले पिटाई करते हैं और पंचायत कत्ल करने की सज़ा सुनाती है।  हम अजीब समाज में रहते हैं बड़े कहलाने वाले करें तो मुहब्बत की कहानी और गरीब करे तो जुर्म। दोहरे मापदंड हैं , जो अभिनेता धर्म बदलकर दूसरी शादी करता है उसको कोई कुछ नहीं कहता और कोई आम किसी महिला के साथ पार्क होटल में दिखाई देता है तो कहानियां बना लेते हैं। आपके पास हौसला है तो हंगामा करने वालों को उनके धर्म की कथाओं की बात याद दिलवा सकते हैं। याद नहीं आया किस किस रानी ने किस किस को बुलवा कर संतान पैदा की थी। किस की विवाह से पहले कौन सी संतान थी और क्या क्या। ये नियम किसने बनाये थे। मैंने इक कथा पढ़ी थी कि इक मुनिवर की पत्नी वन को किसी गैर मर्द के साथ जा रही थी कि उसके बेटे ने देखा और अपने पिता से शिकायत की थी। पिता ने समझाया कि कुछ नियम कुदरत के बने हुए हैं और इंसान पशु पक्षी सभी जिससे चाहे संबंध बना सकते है अपनी आवश्यकता की खातिर। बाद में बेटा जब पिता की गद्दी पर बैठा तब उसी ने ये नियम बनाये। सवाल उचित अनुचित का नहीं है सवाल समानता का है और जो महिला के लिए अपराध है पुरुष के लिए भी गुनाह होना चाहिए। और अपराधी महिला सज़ा पुरुष को मिले इसे भी सही नहीं ठहराया जा सकता है। विश्वमित्र और मेनका की कथा भी जानते हैं क्यों कोई अप्सरा किसी की तपस्या भंग करती है। इस बात को यहीं रहने दो अन्यथा बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी। दुनिया बदलती गई है मगर हम अभी भी उसी मोड़ पर अटके हैं। ये मुहब्बत इश्क़ प्यार कब किसी अदालत की इजाज़त लेते हैं , आप बेकार उलझते हैं। लोग इतनी जल्दी राय बदलते हैं कि सोचने वाले हाथ मलते हैं। बिगबॉस के घर चलते हैं अनूप जलौटा और जसलीन से मिलते हैं , खुलमखुल्ला चुंबन करते हैं। जो पहले खराब बता रहे थे अब बदल गई राय उनकी अच्छे लगते हैं कहते हैं। हम भी इसी युग में रहते हैं। जो करते हैं कभी नहीं कहते हैं , खूबसूरत अदाओं पर सभी मरते है। इसी बहाने दो ग़ज़ल पढ़ाते हैं और चलते हैं।
             

सभी को हुस्न से होती मुहब्बत है - लोक सेतिया "तनहा"

सभी को , हुस्न से होती मुहब्बत है ,
हसीं कितनी हसीनों की शिकायत है।

भला दुनिया उन्हें कब याद रखती है ,
कहानी बन चुकी जिनकी हक़ीकत है।

है गुज़री इस तरह कुछ ज़िंदगी अपनी ,
हमें जीना भी लगता इक मुसीबत है।

उन्हें आया नहीं बस दोस्ती करना ,
किसी से भी नहीं बेशक अदावत है।

वो आकर खुद तुम्हारा हाल पूछें जब ,
सुनाना तुम तुम्हारी क्या हिकायत है।

हमें लगती है बेमतलब हमेशा से ,
नहीं सीखी कभी हमने सियासत है।

वहीं दावत ,जहां मातम यहां तनहा ,
हमारे शहर की अपनी रिवायत है।         

यहां तो आफ़ताब रहते हैं - लोक सेतिया "तनहा"

यहां तो आफताब रहते हैं ,
कहां, कहिये ,जनाब रहते हैं।

शहर का तो है बस नसीब यही ,
सभी खानाखराब रहते हैं।

क्या किसी से करे सवाल कोई ,
सब यहां लाजवाब रहते हैं।

सूरतें कोई कैसे पहचाने ,
चेहरे सारे खिज़ाब रहते हैं।

पत्थरों के मकान हैं लेकिन ,
गमलों ही में गुलाब रहते हैं।

रूह का तो कोई वजूद नहीं ,
जिस्म ही बेहिसाब रहते हैं। 

सितंबर 27, 2018

POST : 916 आप अपनी आज़ादी कितने में बेचोगे ( बिगबॉस ) डॉ लोक सेतिया

  आप अपनी आज़ादी कितने में बेचोगे ( बिगबॉस ) डॉ लोक सेतिया 

     मुझे आज तक ये समझ नहीं आया कि कोई भी कितने भी लालच से ऐसे समझौते कर किसी के घर में गुलामों की तरह रहना क्यों मंज़ूर करता है। मगर लोग हैं कि ऐसी गुलामी को भी खुशनसीबी समझते हैं। डॉ बशीर बद्र जी की ग़ज़ल का इक शेर है कुछ ऐसा मगर आपको पूरी ग़ज़ल ही सुना देते हैं। 

खुदा हमको ऐसी खुदाई न दे , कि अपने सिवा कुछ दिखाई न दे। 

गुलामी की बरकत समझने लगे , असीरों को ऐसी रिहाई न दे।       ( असीरों : बन्दियों )

हंसो आज इतना कि इस शोर में , सदा सिसकियों की सुनाई न दे। 

खतावार समझेगी दुनिया तुझे , अब इतनी ज़ियादा सफ़ाई न दे। 

खुदा ऐसे एहसास का नाम है , रहे सामने और दिखाई न दे। 

सोचता हूं इस टीवी फ़िल्मी दुनिया पर देश का संविधान लागू है या नहीं। कोई किसी को ऐसे बंधक बना कर रख सकता है अपनी शर्तों पर अपने नियम बनाकर। आपकी निगरानी है चौबीस घंटे कोई निजता नहीं बचती। तथाकथित बिगबॉस आपको लताड़ता है उसकी बात नहीं मानने पर मगर खुद जो मनमर्ज़ी करता है आपसे करवाता है। आपको लड़वाता है और गंदगी फैलाता है उसको इसी में मज़ा आता है मुनाफा कौन कौन कमाता है ये सब पाप का बही खाता है , देखने वालों को जाने क्या भाता है। किसका घर है जिसका कहलाता है खुद वही आग लगाता है। अच्छी बातें कहने को एंकर कहता है समझाता है मगर क्या सच उसे अच्छी बातों से लुत्फ़ आता है , हर किसी को डर उसी से लगता है। घर से बेघर करने की धमकी जो सुनाता है। आदमी क्या इस तरह कठपुतली बन जाता है। बदनाम होने वाला शोहरत पाता है , पॉपुलर होने की कीमत बड़ी चुकाता है। सच्चाई से इस घर का कोई भी नहीं नाता है। 
 
                   आपको कोई और इस तरह से बंद दीवारों में रहने को कहे जिस में आपको किसी से बाहर वाले से सम्पर्क करने की इजाज़त नहीं होगी , उसकी हर बात स्वीकार करनी होगी। कोई सीमा नहीं होगी आपको किसी भी तरह दंडित किया जाये या खिलाया पिलाया जाये अथवा भूखा रहना पड़े। आपकी हर बात ही नहीं आपके शरीर और रहने तक को जैसे मर्ज़ी बदलने को कहे , आपकी दाढ़ी मूंछ से सर के बाल तक उसको जो पसंद करवा सकता हो। ये शो है क्या और इसका मकसद क्या घर में साथ साथ रहना नहीं लड़वाना भिड़वाना है। बिगबॉस की आंख किसी सत्ताधारी नेता की आंख तो नहीं जिसे भाईचारा अमन चैन बिल्कुल नहीं भाता है , तभी वोट का डर सबको सताता है। वोट शरीफ लोगों के हिस्से कब आता है। ये कोई स्कूल है जो नफरत का सबक पढ़ाता है। कोई इसके खिलाफ अदालत भी नहीं जाता है , आज़ादी बेचने खरीदने का बाजार कोई लगाता है। सुना करते थे गुलामों की कोई मंडी लगती थी और बोली लगाई जाती थी , आजकल गुलाम खुद चलकर आते हैं। आज़ादी की कीमत नहीं जानते तभी बिगबॉस की गुलामी को बरकत समझते हैं। मुंबई की रौशनियों में अंधेरे घने हैं।


सितंबर 26, 2018

POST : 915 नेताओं को मुहब्बत है अपराधियों से ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया

  नेताओं को मुहब्बत है अपराधियों से ( आलेख ) डॉ लोक सेतिया 

  और कोई शब्द अपनी तरफ से बोलने की ज़रूरत नहीं है। देश की सबसे बड़ी अदालत देश की हालत की सच्चाई बताती है उसी के शब्द हैं। " जो लोग कुछ नहीं ... ..... अब हमारे देश पर बोझ बन चुके हैं , वही हमारे नागरिकों को कष्ट भोगने के लिए मज़बूर कर रहे हैं ....... संविधानिक पदों पर बैठे लोग संविधान के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ लेते हैं , भ्र्ष्टाचार रोकने की ज़िम्मेदारी भी उन्हें मिलती है। लेकिन संविधान और लोकतंत्र के होते हुए भी उनके सामने भारतीय राजनीति में अपराधीकरण बढ़ने लगता है। जैसा अपराधीकरण देश देख रहा है , वह लोकतान्त्रिक सरकार की जड़ें काट रहा है। 

  आपका खून नहीं खौलता अगर ये सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी पढ़कर तो फिर आपकी देशभक्ति की भावना वास्तविक नहीं है। आपको जो भी दल या नेता पसंद हो देश से अधिक कोई भी नहीं हो सकता है। 

      एडीआर की ओर से वर्ष 2017 में रिकॉर्ड के अनुसार देश के कुल 4896 जन प्रतिनिधियों में 4853 के दिए रिकॉर्ड के मुताबिक। 770 सांसदों ( लोकसभा व राज्यसभा ) में 364 ( 47 % )

4083 विधायकों ( सभी राज्यों ) में 2246 ( 55 % ) दाग़ी हैं। 

रौंगटे खड़े करने वाली वास्तविकता है मगर हम मुझे क्या कहते हैं , हम क्या कर सकते हैं। जी आप केवल सोशल मीडिया पर मनोरंजन करिये और जो होता है होने दीजिये। पर एक बार ध्यान से पढ़ तो लो कौन कौन कितने गहराई तक अपराध में डूबा हुआ है। 

                         134 सांसदों पर गंभीर अपराध के मामले 

         गंभीर अपराध मामलों में भाजपा सांसद सबसे ऊपर , कांग्रेस दूसरे नंबर पर 

लोकसभा के 542 सांसदों में से 179 के खिलाफ आपराधिक मुकदमें हैं। इनमें 114 सांसद गंभीर अपराध की श्रेणी में हैं। इसी तरह राज्यसभा के 228 सांसदों में 51 के खिलाफ आपराधिक मुकदमें चल रहे हैं जिनमें 20 गंभीर अपराध की सूचि में हैं। भाजपा के 339 सांसदों में सबसे अधिक 107 ने आपराधिक मामलों की घोषणा की है। भाजपा के 64 सांसदों पर गंभीर मामले चल रहे हैं। कांग्रेस के 97 सांसदों में 15 पर मुकदमें चल रहे हैं। 8 गंभीर अपराध की श्रेणी में हैं। हत्या और अपहरण भाजपा शीर्ष पर है। भाजपा के 16 माननीयों पर अपहरण और 19 पर हत्या के मामले चल रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने विधि आयोग की रिपोर्ट के ज़रिये राजनीति के अपराधीकरण की तस्वीर सामने रखी है। 5253 उम्मीदवारों पर 13984 अपराधों के मुकदमें दर्ज थे ......  1187 जीते और संसद विधानमडलों में पहुंचे। उत्तर प्रदेश अव्वल है , 2004 में 24 % थी निर्वाचित लोकसभा में इनकी संख्या जो 2009 में 30 % हो गई। उत्तर प्रदेश के 47 % विधायकों पर आपराधिक मुकदमें हैं। 

   ( अमर उजाला 26 सितंबर 2018 की खबर से आभार सहित उपरोक्त जानकारी और आंकड़े )

अब मेरी बात। सियासत की बदहाली पर रोना आया। जिस देश की सरकारें अपराधी चलाते हों उस में आज़ादी संविधान लोकतंत्र की दशा यही हो सकती है। सवाल ये है कि माजरा क्या है खुद को मसीहा घोषित करने वाले क्यों गुनहगार को अपने दल में शामिल करते हैं मंच पर उनकी तारीफ करते हैं और उनको महान देशभक्त बताते संकोच नहीं करते हैं। सत्ता की हवस ने सभी को पागल कर दिया है , सत्ता क्यों चाहिए देश को ऊपर उठाने को नहीं और भी रसातल में गिराने को और जनता को कुछ देने को नहीं खुद शान से महलों में गरीबों की कमाई से राजसी ढंग से जीने को। वास्तव में राजनीति वैश्यावृति से अधिक गंदी हो गई है वैश्या अपना जिस्म बेचती है ये अपना ज़मीर क्या देश को बेचते हैं। दुष्यंत कुमार की बात याद आती है। 

अब तो इस तलाब का पानी बदल दो ,

ये कँवल के फूल कुम्हलाने लगे हैं। 

कैसे कैसे मंज़र सामने आने लगे हैं ,

गाते गाते लोग चिल्लाने लगे हैं। 


 


सितंबर 25, 2018

POST : 914 पथ पर सच के चला हूं मैं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

   पथ पर सच के चला हूं मैं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

पथ पर सच के चला हूं मैं
जैसा अच्छा - बुरा हूं मैं । 

ज़ंजीरें , पांव में बांधे 
हर दम चलता रहा हूं मैं ।

कोई मीठी सुना लोरी
रातों रातों जगा हूं मैं । 

दरवाज़ा बंद था जब जब
जिसके घर भी गया हूं मैं । 

मैंने ताबीर देखी है
इन ख्वाबों से डरा हूं मैं । 

आना वापस नहीं अब तो
कह कर सबसे चला हूं मैं । 

खुद मैं हैरान हूं "तनहा"
मर कर कैसे जिया हूं मैं । 
 

 

POST : 913 औरत ऐसी पहेली है ( हास - परिहास ) डॉ लोक सेतिया

     औरत ऐसी पहेली है ( हास - परिहास ) डॉ लोक सेतिया 

       हर सवाल का जवाब है वो , फिर भी लगती है लाजवाब है वो। जितना छुपाता है उतना नज़र आता है , ये कोई ऐसा पहना नकाब है वो। अपनी ही भाषा में लिखी गई किताब है वो , हिसाब सबका लेती मगर बेहिसाब है वो। उसका नशा है सब पर तारी रहता , खुद खुदाया की पिलाई कोई शराब है वो। आग ही आग है जलाती है , उसको छूलो अगर तो जैसे आब ( पानी ) है वो। सबको लगती अपनी बचपन की सहेली है , सच कहा खुदा भी न समझा ये क्या पहेली है। आप अपने को जो बताती है , नहीं होती वही कभी भरमाती है। महफिलों की शमां बन जाती है , जलती नहीं है बस जलाती है। ये भी उलझन समझ नहीं आती है , दिया है कौन कौन बाती है। सारे लोग दुनिया के डरते हैं खुदा से , खुदाई उससे खौफ खाती है। घर पे बारात उसके आती है , झूमता हर इक बाराती है। लेकर आया जो बारात था , शामत इक उसी की आती है। नासमझ हैं सभी के सभी , समझदार इक वही कहलाती है। सखी किसी की न वो सहेली है , हर इक औरत अबूझ पहेली है। हल तुम कभी न तलाश करना जी , थोड़ा हटकर ही बात करना जी। किसी आफत को बुलाते हो , पर सोच संभल कर बात करना जी। चूहे बिल्ली की इक कहानी है , बिल्ली शेर की भी नानी है। जो भी शेर कहलाता है , बिल्ली भीगी बन ही जाता है। औरत का अजब बही खाता है , सब पर उधार चढ़ता जाता है। जिस किसी ने भी आज़माया है , आज़मा कर वही पछताया है। मोम जैसी नज़र भी आती है , पत्थरों से बनाई जाती है। उसी की दिल में उसके चाहत रखती है , जिसकी चाहत ही नहीं बतलाती है। बस इसी बात का भरोसा है , उसे ललचाता पानी पूरी समोसा है। बाकी हर बात उसकी झूठी है , मनाने की खातिर ही रूठी है। हर औरत है एक जैसी ही मगर , हर कोई अपने में अनूठी है। खुद समस्या है समाधान भी है , मानते हो सब कि  बड़ी महान भी है। वही धरती है चांद भी और सितारों का आसमान भी है।  आधी दुनिया उसे समझते हो , मान जाओगे इक दिन सारा जहान है वो। चलो उससे मिलाते हैं तुम्हें , ये कहानी सुनाते हैं तुम्हें। 
 
       आपको जब पास होगा बुलाना , कहती है थोड़ा फासला तो बढ़ाना। जब कहती है नहीं कुछ भी चाहिए , समझना कि उसे सभी कुछ चाहिए। उसकी हर बात ही अजीब है , बस उसी का ही नसीब है। कोई भी उसको बराबर नहीं लगता है , पर अकेले में भी डर लगता है। दुनिया से उसको मिला कुछ भी नहीं , दुनिया मगर उसके सिवा कुछ भी नहीं। नाम उसी का वफ़ा है मगर , सच है कि वफ़ा कुछ भी नहीं। किसी हरजाई की बात करती है , बेवफ़ाई की बात करती है। आदमी है मगर अच्छा है अपने भाई की बात करती है। उसको शादी से लगता है बहुत डर , कब बजेगी शहनाई की बात करती है। सासु की बात नहीं कहती अब चाची ताई की बात करती है। रोज़ कोई परेशान करता है , काम वाली बाई की बात करती है। मौसम की बदलती है लेकिन , राम दुहाई की बात करती है। इक उसी का उजाला भी है , जो अपनी परछाई की बात करती है। जिसने ऐसी पहेली बनाई थी , याद खो गई उसी खुदा की नहीं आई थी। खोजने इसका हल जो लोग गये , खुद कहीं गुम हुए वापस नहीं लौटे लोग गये। ये कोई चाल है या फिर कमाल है , समझ पाये खुदा की मज़ाल है । 
 


सितंबर 24, 2018

POST : 912 इक गुलाबी रुमाल आया है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

  इक गुलाबी रुमाल आया है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

इक गुलाबी रुमाल आया है
बन के लेकिन सवाल आया है । 

दरो-दीवार सहमे सहमे हैं
जैसे घर में बवाल आया है । 

खेल सत्ता कई दिखाती है
ये तमाशा कमाल आया है । 

अब परिन्दे लगे समझने हैं
ले के सय्याद जाल आया है । 

गर्दिशे वक़्त और तुम देखो
इक नई चल के चाल आया है । 

खत ये लिक्खा हुआ गुलाबी है
जैसे होली- गुलाल आया है । 

आज ' तनहा ' निखार कलियों पे
देख फिर बेमिसाल आया है । 
 

 
 


 



सितंबर 22, 2018

POST : 911 सब से सुंदर तस्वीर ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

         सब से सुंदर तस्वीर ( तरकश ) डॉ लोक सेतिया

         दुनिया की मूर्खताओं में अवल नंबर की मूर्खता होती है खुद अपने आप की बढ़ाई करना। ये जांच ही नहीं गहन जांच का विषय है कि कितने लोग ऐसा करते हैं। कुछ लोग जानते हैं वो वास्तव में किसी काबिल हैं नहीं मगर सोचते हैं कोई नहीं समझता उनकी वास्तविकता को। कुछ जीते ही इसी खुशफहमी में हैं कि हम से अच्छा कोई नहीं है पर लोग समझते नहीं हमारी अच्छाई को नासमझ जो ठहरे। मैंने ऐसे लोगों को देखा है जिनको लिखना आता नहीं फिर भी ज़ुल्म ढाते हैं लिखने को लिखते जाते हैं , कभी किसी से लिखवाते हैं तो कभी कहीं से चुराते हैं। कुछ खुद को ग़ालिब दुष्यंत बताते हैं जब उनका कलाम महफ़िल में सुनाते हैं। कोई नहीं जनता किस चक्की का पिसा आटा खाते हैं कोई बाबा हैं जो सितम ढाते हैं। अपना माल छोड़ सबका माल नकली बताते हैं , कहते हैं मुनाफा नहीं कमाते हैं फिर भी मालामाल होते जाते हैं। चलो आज ऐसे सबसे सच्चे सबसे अच्छे लोगों से मिलवाते हैं। मगर पहले किसी शायर का शेर है दोहराते हैं।

         नर्म आवाज़ भली बातें मुहज़्ज़ब लहज़े , पहली बारिश में ही ये रंग उतर जाते हैं। 

    इश्क़ करते हुए मुलायम रेशमी लोग शादी के बाद फौलाद से हो जाते हैं। दुनिया वाले मतलब रहने तक भलाई दिखलाते हैं मतलब नहीं पूरा होते ही अपनी औकात पर लौट आते हैं। जो कल देवता था उसी को दानव बताते हैं। दोस्ती नहीं आती न ठीक से दुश्मनी ही निभाते हैं , फिर से दोस्त बनने की बात समझ नहीं पाते हैं और हद से बढ़ जाते हैं। जो टीवी चैनल सच को झूठ साबित कर दिखाते हैं वही सारे जहां से सच्चे कहलवाते हैं। सच को ज़िंदा रखेंगे की दुकान जो चलाते हैं कत्ल सच को हर दिन करते जाते हैं। आपको फिर वही किस्सा सुनाते हैं , फ्लैशबैक में लेकर जाते हैं। खेल में कुछ बच्चे इक शर्त लगाते हैं , मास्टरजी पूछते हैं तो बतलाते हैं। हम झूठ बोलने को प्रतियोगिता चलाते हैं , जो सबसे बड़ा झूठ बोले उसे ईनाम दिए जाते हैं। आज इस कुत्ते के पिल्ले पर शर्त लगी हुई है जो सबसे झूठा उसी को मिलेगा ये। मास्टरजी बोले भला क्या ज़माना है बच्चे झूठ पर इतराते हैं , हम जब बच्चे थे जानते तक नहीं थे झूठ किसे कहते हैं। सुनकर मास्टरजी की बात सभी बच्चे चिल्लाते हैं आप जीते आज की शर्त पिल्ला आपका ले जाओ हम भी घर जाते हैं। सारे जहां से सच्चा होने का दम भरने वाले और सच को ज़िंदा रखने की दुकान चलाने वाले उस्ताद लोग हैं जो पहला स्थान पाते हैं। हर खबर सबसे पहले वही लिखते हैं दिखलाते हैं। सब को उल्लू बनाते हैं। 
 
        खालिस सोने के गहने तिजोरी की शोभा बढ़ाते हैं , पालिश चढ़ाई हुई वाले शान को बढ़ाते हैं। कौन हैं जो सोने के ज़ेवर बिकवाते हैं आपको क़र्ज़ लेने की सलाह देने की भी कीमत पाते हैं। नायक ही नहीं महानायक बताये जाते हैं , बिना तेल मालिश करते हैं , मसालों के स्वाद को मां से बढ़कर बतलाते हैं , जाने कैसे करोड़पति का मंच सजाते हैं। सम्मोहन में सभी लोग फंस जाते हैं , हर एपीसोड में सबसे अधिक वही कमाते हैं , आवाज़ की बात मत पूछो क्या फरमाते हैं। कभी बीच बीच में दरबारी राग गाते हैं , सच तो ये है कि खुदा पैसे को समझते हैं जितनी दौलत बढ़ती जाती है उतने गरीब होते जाते हैं , ऐसा हर धर्म वाले समझाते हैं। ऐसी झूठ बोलने की कमाई से दो चार फीसदी समाजसेवा को देकर दानवीर बन जाते हैं। अंत में असली विषय पर लाते हैं। आपको इक पेंटिंग दिखलाते हैं , सबसे सुंदर तस्वीर का इनाम मिला है जिसे उस में तमाम भूखे अधनंगे और मैले कुचैले लोग विरोध की आवाज़ उठाते हुए बाजुओं को लहराते हैं। अगर ये बगावत है तो समझिये बगावत हो चुकी सलीम मुगलेआज़म का डायलॉग दोहराते हैं। किसी पेंटर को अनारकली बादशाह अता फरमाते हैं मगर कलाकार अपनी बनाई पेंटिंग के पास जाते हैं जिस में लोग हाथी के पांव के नीचे कुचले जाते हैं। बादशाहों की अनुकंपा में और ज़ुल्म में कुछ भी अंतर नहीं होता है इस सच से परदा उठाते हैं। बस वही कलाकार कलमकार साहित्यकार होते हैं जो सत्ता से खुद जाकर टकराते हैं। आजकल तमाम लोग जो कलमकार और सच के पहरेदार होने का दावा करते हैं पालतू कुत्ते की तरह तलवे चाटते नज़र आते हैं। जो खुद बिक चुके हैं अपना बाज़ार लगाते हैं खुद को महंगा बेचकर कीमत पर गर्व से इठलाते हैं। सारे के सारे सच्चे झूठ की कमाई खाते हैं जो नहीं है उसकी खबर बनाते हैं। झूठे विज्ञापनों से दर्शकों को मूर्ख बनाकर धन दौलत कमाते हैं। खबर की परिभाषा क्या है उनको शायद मालूम नहीं है हमीं फिर फिर याद दिलाते हैं। खबर वो सूचना है जो कोई छुपा रहा है खबरनवीस का कर्तव्य है उसका पता लगाना और सब को बताना। मगर आप की खबरों में कोई राज़ की बात नहीं है जो नेता सरकार अधिकारी बाकी लोग शोर मचा मचा बताना चाहते हैं उसको खबर नहीं कहा जा सकता है जिस पर आप दिन भर नूरा कुश्ती करवाते हैं और खुद अपराधी होकर भी सज़ा सुनाते हुए न्यायधीश बने नज़र आते हैं। क्या उसी की चक्की का आता खाते हैं जिसकी तस्वीर हर खबर के नीचे दिखाते हैं। अख़बार के पहले पन्ने आजकल इश्तिहार बनकर आते हैं तो लोग समझ जाते हैं कि आप खबरें नहीं छापते विज्ञापनों की खातिर अख़बार का धंधा अपनाते हैं। रोज़ अपने ही गुण गाकर अपनी खिल्ली उड़ाते हैं। आप का दावा है औरों को आईना दिखाते हैं फिर खुद अपने चेहरे के दाग़ क्यों नज़र नहीं आते हैं। कोई नकाब है या फिर कोई मुखौटा लगाते हैं , किस से मेकअप करवाते हैं जो सज धज कर आते जाते हैं। आपके कपड़े राजा नंगा है की कहानी को और ही ढंग से पढ़वाते हैं। राज़ क्या है झूठ की किस ब्रांड की क्रीम लगाते हैं। 

सितंबर 21, 2018

POST : 910 आग़ पानी को लगानी चाहिए ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा"

  आग़ पानी को लगानी चाहिए ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया "तनहा" 

आग़ पानी को लगानी चाहिए
इश्क़ की ऐसी कहानी चाहिए । 

बेवफ़ाई का सिला देना हो गर
बात उनकी भूल जानी चाहिए । 

पत्थरों के लोग घर शीशे के हैं
और क्या क्या मेहरबानी चाहिए । 

आज तनहाई बहुत अच्छी लगी
रुत सुहानी अब बुलानी चाहिए । 

ज़िंदगी भी मौत को है ढूंढती
मौत को भी ज़िन्दगानी चाहिए । 

फ़ाश उनके राज़ होंगे एक दिन
बात दुनिया को बतानी चाहिए । 

झूठ की तक़रीर , सारे कर गये
सच भी "तनहा" की ज़ुबानी चाहिए । 
 

 

POST : 909 इधर - उधर सब धुआं - धुआं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया 'तनहा'

इधर - उधर सब  धुआं - धुआं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया  'तनहा' 

इधर उधर  सब  धुआं - धुंआ
न रौशनी का बचा  निशां । 

ये पूछती है नज़र - नज़र 
है आदमी का कोई मकां  । 

समझ सके जो यहां है कौन 
जरा - सी इक बच्ची की ज़ुबां । 

कहीं भी दिल लगता ही नहीं 
जो कोई जाए भी तो कहां  । 

सुनाएं कैसे किसी को हम 
इक उजड़े दिल की ये दास्तां । 
 
वही चमन ख़ुद जला रहे 
जो बन के बैठे हैं बागबां ।  

तबाह ' तनहा ' करो न अब 
बसा सकोगे न फिर जहां । 
 
 

War Images - Free Download on Freepik