अप्रैल 16, 2016

POST : 503 अधूरा रह गया इक काम करना है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

अधूरा रह गया  इक काम करना है ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

अधूरा रह गया  इक काम करना है
हमें तकदीर को अपनी  बदलना है ।

उड़ाने आप बेशक लाख भर लेना 
ज़मीं पर आपको आख़िर उरतना है ।

हमेशा सच कहेंगे , सच लिखेंगे हम 
न कह कर बात से अपनी मुकरना है ।
 
चिढ़ाता आईना उनको सदा लगता  
बदल कर चेहरा बाहर  निकलना है ।

हमारी प्यास को समझे नहीं जो भी 
हमें बन कर घटा उन पर बरसना है ।
 
करेंगे क़त्ल वो मुझको मुहब्बत से  
हमें बेमौत उनके हाथ  मरना है ।
 
कहीं दुनिया नई ' तनहा ' बसा लेना  
यहां मुश्किल हुआ पल भर ठहरना है ।