अप्रैल 11, 2014

एक पत्थर को सबने ख़ुदा कह दिया ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '

एक पत्थर को सबने  ख़ुदा  कह दिया ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया  ' तनहा '

एक पत्थर को सबने  ख़ुदा कह दिया 
ज़हर को ज़िंदगी की  दवा कह दिया ।
 
सब वफ़ादार हैं सिर्फ़ हम बेवफ़ा  
रोज़ सबने  हमें बेवफ़ा कह दिया ।
 
मौत की चाह में  , ज़िंदगी काट दी  
आ भी जाओ मेरी दिलरुबा कह दिया ।

दिल हमारा किसी ने भी तोड़ा नहीं   
टूट जब वो  गया , हादिसा कह दिया ।

वो डुबोते   रहे हैं , सफ़ीना मगर  
हर किसी ने उन्हें  नाखुदा कह दिया ।

याद क्योंकर करेगा  ज़माना मुझे 
जब था ज़िंदा मुझे  मर गया कह दिया ।
 
हम तड़पते रहे ,  उम्र भर दर्द से  
है ये ' तनहा ' की क़ातिल अदा कह दिया ।