कैसा हूं कहां हूं मुझे देखता कोई नहीं ( ग़ज़ल ) डॉ लोक सेतिया ' तनहा '
कैसा हूं कहां हूं मुझे देखता कोई नहीं
मेरी बदनसीबी मुझे चाहता कोई नहीं ।
कौन अजनबी कौन अपना नहीं मालूम ये
जानते सभी लोग पहचानता कोई नहीं ।
फ़क्त एक पिंजरा ठिकाना मेरा ता-ज़िंदगी
क़फ़स का परिंदा मुझे छोड़ता कोई नहीं ।
आप अब नसीहत किसी को नहीं देना यहां
अब उसूल की बात को मानता कोई नहीं ।
दौर नफ़रतों का यहां हर तरफ़ फ़ैला हुआ
मेलजोल की बात को सोचता कोई नहीं ।
बेड़ियों में जकड़े सभी छटपटाते रात दिन
खोखली रिवायतों को तोड़ता कोई नहीं ।
ज़हर चारागर ने दिया और हमने पी लिया
था इलाज ' तनहा ' मगर जानता कोई नहीं ।

Bahut bdhiya wah
जवाब देंहटाएं